विज्ञापन

LPG पर बड़ी खबर: अब 10 किलो वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर लाने की तैयारी, जानें किसे होगा फायदा

LPG यूजर्स को जल्द बड़ी राहत मिल सकती है. अब 19 किलो के भारी-भरकम सिलिंडर की टेंशन खत्म होने वाली है. सरकार बहुत जल्द कमर्शियल और छोटे दुकानदारों के लिए 10 किलो वाला हल्का सिलिंडर लाने की तैयारी कर रही है, जिसे उठाना और इस्तेमाल करना बेहद आसान होगा.

LPG पर बड़ी खबर: अब 10 किलो वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर लाने की तैयारी, जानें किसे होगा फायदा
LPG cylinders BIG update: छोटे दुकानदारों और किरायेदारों के लिए 10 किलो के कंपोजिट एलपीजी सिलिंडर की तैयारी.

LPG 10 kg Cylinder: अगर आप चाय की दुकान, ढाबा, कैफे या फूड स्टॉल चलाते हैं, किराए के घर में रहते हैं या काम के लिए दूसरे शहर में रहते हैं, तो आपके लिए अच्छी खबर है. इंडियन ऑयल (IOC), भारत पेट्रोलियम (BPCL) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम (HPCL) रसोई गैस के इस्तेमाल को आसान और सुविधाजनक बनाने के लिए एक बड़े बदलाव की तैयारी कर रही है. सूत्रों ने एनडीटीवी को बताया है कि सरकारी तेल कंपनियां 10 किलो के हल्के कमर्शियल LPG सिलेंडर लाने की तैयारी कर रही हैं.मंजूरी मिलने के बाद ये सिलेंडर गैस एजेंसी और कुछ रिटेल दुकानों पर कमर्शियल रेट पर मिल सकते हैं. 

बता दें कि मिडिल ईस्ट में युद्ध के दौरान भारत के LPG बाजार में कई बड़े बदलाव देखने को मिले. इस दौरान सरकार ने PNG नेटवर्क का तेजी से विस्तार किया और बड़ी संख्या में लोगों ने LPG की जगह PNG कनेक्शन लिया. सप्लाई बनाए रखने के लिए कई कदम उठाए गए. घरेलू LPG उत्पादन करीब 32 TMT से बढ़ाकर 52 TMT से ज्यादा कर दिया गया, यानी इसमें 60 फीसदी से ज्यादा की बढ़ोतरी हुई. इसी दौरान 5 किलो वाले 'छोटू' LPG सिलेंडर की मांग भी तेजी से बढ़ी. अब इसी कड़ी में 10 किलो के कमर्शियल LPG सिलेंडर लाने की तैयारी को एक और बड़ा बदलाव माना जा रहा है.

क्या है 10 किलो कमर्शियल सिलेंडर का प्लान?

सूत्रों ने एनडीटीवी को बताया है कि सरकारी तेल कंपनियां इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम 10 किलो के हल्के कंपोजिट LPG सिलेंडर कमर्शियल ग्राहकों के लिए लाने पर विचार कर रही हैं. अगर इस प्रस्ताव को मंजूरी मिलती है, तो ये सिलेंडर कमर्शियल रेट पर गैस एजेंसियों और कुछ रिटेल आउटलेट्स के जरिए बेचे जा सकेंगे.

किन लोगों को सबसे ज्यादा फायदा होगा?

इसका सबसे ज्यादा फायदा छोटे कारोबारियों, चाय और खाने के स्टॉल चलाने वालों, कैफे, फूड कियोस्क, किराएदारों, छात्रों और दूसरे शहरों में काम करने वाले मजदूरों को होगा. जिन लोगों के पास 19 किलो का बड़ा सिलेंडर रखने की जगह नहीं होती या उसे उठाने में दिक्कत होती है, उनके लिए 10 किलो का सिलेंडर ज्यादा आसान रहेगा.

फिलहाल कमर्शियल ग्राहकों के लिए 19 किलो, 5 किलो और 2 किलो के LPG सिलेंडर उपलब्ध हैं. लंबे समय से छोटे कारोबारियों की मांग थी कि 5 किलो और 19 किलो के बीच का भी कोई विकल्प होना चाहिए. 10 किलो का कमर्शियल सिलेंडर इसी जरूरत को पूरा कर सकता है.

कितनी हो सकती है 10 किलो वाले LPG सिलेंडर की कीमत?

तेल कंपनियां 10 किलो के सिलेंडर को कमर्शियल LPG की कीमत पर बेचने की तैयारी कर रही हैं. फिलहाल दिल्ली में 14.2 किलो का घरेलू LPG सिलेंडर 942 रुपये का है. वहीं 19 किलो का कमर्शियल सिलेंडर 2,930 रुपये में मिलता है, जबकि 5 किलो का कमर्शियल सिलेंडर 808.50 रुपये का है. 10 किलो सिलेंडर की कीमत अभी तय नहीं हुई है. मंजूरी मिलने के बाद इसकी दरें घोषित की जाएंगी.

सरकार पहले भी कर चुकी है बड़ा फैसला

मिडिल ईस्ट संकट के दौरान कमर्शियल LPG की सप्लाई पर कुछ समय के लिए रोक और सीमाएं लगाई गई थीं. लेकिन हालात सुधरने  के बाद सरकार ने होटल, रेस्टोरेंट और दूसरे कमर्शियल ग्राहकों के लिए LPG की सप्लाई फिर पहले जैसी कर दी. साथ ही बल्क LPG की सप्लाई भी आंशिक रूप से शुरू कर दी गई. सरकार ने यह भी साफ किया था कि जहां PNG नेटवर्क उपलब्ध है, वहां धीरे-धीरे ग्राहकों को PNG से जोड़ा जाता रहेगा.

देश में फिलहाल गैस सप्लाई को लेकर कोई चिंता नहीं

हाल में पश्चिम एशिया में फिर तनाव बढ़ा है, लेकिन जानकारों का कहना है कि भारत के सामने फिलहाल गैस या कच्चे तेल की सप्लाई का कोई बड़ा खतरा नहीं है. देश ने अपनी जरूरत के हिसाब से कच्चे तेल और LPG का इंतजाम पहले ही कर लिया है. पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने भी कहा था कि भारत के पास करीब 60 दिन का कच्चा तेल, 60 दिन का LNG और 45 दिन का LPG स्टॉक मौजूद है. हालांकि अगर तनाव लंबे समय तक जारी रहता है, तो आने वाले महीनों में कच्चे तेल और LPG खरीदने की लागत बढ़ सकती है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
LPG Gas Cylinder, LPG Cylinder, Commercial LPG Cylinders
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com