सावन का महीना नजदीक है और इसके साथ ही शुरू होने वाली कांवड़ यात्रा को लेकर मेरठ पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है. इस बार प्रशासन ने बड़ा फैसला लेते हुए साफ कर दिया है कि गंगा एक्सप्रेसवे आमजन के लिए खुला रहेगा और और दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे भी. कांवड़िये पुराने निर्धारित मार्गों से ही अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे. सुरक्षा, ट्रैफिक और व्यवस्थाओं को लेकर पुलिस ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं.
आमजन के लिए खुला रहेगा गंगा एक्सप्रेसवे और दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे
मेरठ में एडीजी भानु भास्कर ने जोन के सभी वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर कांवड़ यात्रा की तैयारियों की समीक्षा की. बैठक में एडीजी यातायात ए सतीश गणेश, डीआईजी मेरठ रेंज कलानिधि नैथानी, समेत सभी जिलों के पुलिस अधिकारी मौजूद रहे. अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. कांवड़ यात्रा पारंपरिक मार्गों से ही निकलेगी, जबकि गंगा एक्सप्रेसवे और दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे आम लोगों के आवागमन के लिए खुले रहेंगे.

पूरे रूट की होगी निगरानी
यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए इस बार पुलिस कई नए इंतजाम करने जा रही है. कांवड़ मार्गों पर पुलिसकर्मी सादे कपड़ों में भी तैनात रहेंगे, ताकि असामाजिक तत्वों और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा सके. ड्रोन कैमरों, सीसीटीवी और अतिरिक्त पुलिस बल की मदद से पूरे रूट की निगरानी की जाएगी. जहां पहले किसी तरह की घटना हुई है, उन संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं.
प्रशासन ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में कांवड़ मार्ग का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए हैं. प्रमुख मंदिरों और कांवड़ शिविरों के संचालकों के साथ बैठक कर पार्किंग, बैरिकेडिंग, पेयजल, रोशनी और साफ-सफाई जैसी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा गया है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े.
बंद रहेंगी मीट की दुकानें
कांवड़ मार्ग पर धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हुए मीट की दुकानों को बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं. इसके अलावा शराब की दुकानों को ढंकने और उनके बाहर पर्दे लगाने की व्यवस्था भी की जाएगी. पुलिस का मानना है कि इन व्यवस्थाओं से यात्रा शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराई जा सकेगी. साथ ही डीजे संचालकों और कांवड़ समितियों के साथ भी बैठक कर निर्धारित नियमों का पालन कराने पर जोर दिया गया है.
यह भी पढ़ें: ट्रैफिक जाम से मिलेगा छुटकारा, फ्लाईओवर के ऊपर से गुजरेगा ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो ट्रैक, जानिए पूरा प्लान
यह भी पढ़ें: पटना में बनेगा देश का पहला इंडोर Botanical Garden, पर्यटकों को मिलेंगी ये सुविधाएं, जानिए पूरी डिटेल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं