पीएम नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और जनसेवा के 25 साल पूरा होने पर गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे लोकसभा क्षेत्र के वासियों के लिए नमो एम्बुलेंस सेवा शुरू करने वाले है. आगामी 22 जून को लोकसभा अंतर्गत गोड्डा, महगामा, पोड़ैयाहाट, देवघर, मधुपुर और जरमुंडी विधानसभा क्षेत्र की जनता के लिए अत्याधुनिक एम्बुलेंस सेवा शुरू करेंगे. नमो एम्बुलेंस सेवा लोकसभा अंतर्गत सभी 6 विधानसभा क्षेत्रों में 24 घंटे निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी.
एम्बुलेंस में होंगी ये सुविधाएं
नमो एम्बुलेंस सेवा जरूरत के अनुसार क्षेत्र की जनता को आसपास के जिला या राज्यों तक उपलब्ध रहेगी. 22 जून को नमो एम्बुलेंस सेवा की शुरुआत गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे दोपहर बाद 4 बजे करेंगे. इस एम्बुलेंस में लाइफ सेविंग उपकरण,ऑक्सीजन सिलेंडर, वेंटिलेटर, कार्डियक मॉनिटर, स्ट्रेचर,इमरजेंसी मेडिकल किट के अलावा मरीजों की देखभाल के लिए प्रशिक्षित कंपाउंडर, पैरामेडिकल स्टाफ और मेडिकल एक्सपर्ट भी मौजूद रहेंगे. सभी एम्बुलेंस में जीपीएस ट्रैकिंग सिस्टम, तेज रिस्पॉन्स सेवा और 24 घंटे टॉल फ्री नंबर की सुविधा भी रहेगी.
नमो एम्बुलेंस सेवा,24 घंटे 365 दिन निःशुल्क । 22 जून शाम 4 बजे इसका उद्घाटन होगा । प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में यह उपलब्ध रहेगा pic.twitter.com/w1Gp9rVg4i
— Dr Nishikant Dubey (@nishikant_dubey) June 15, 2026
टॉल फ्री नंबर की होगी घोषणा
एम्बुलेंस सेवा की शुरुआत होने के बाद टॉल फ्री नंबर की घोषणा की जाएगी. नमो एम्बुलेंस सेवा पूरी तरह जनहित को ध्यान में रखकर शुरू की जाएगी ताकि जरूरतमंद लोगों को समय पर उचित इलाज हो सके.
श्रावणी मेला से पहले छह विधानसभा क्षेत्र में 7 नमो एंबुलेंस
गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर बताया कि पिछले सात वर्षों के दौरान लगातार मैंने यह महसूस किया है कि दूरदराज क्षेत्रों में समय पर एंबुलेंस की सुविधा नहीं रहने से कई मरीजों की जान चली गई है. इसके कारण गरीब और जरूरतमंद परिवारों को अस्पताल पहुंचने में काफी कठिनाई होती है. इसी समस्या को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और जनसेवा के 25 साल पूरे होने के अवसर पर श्रावणी मेला से पहले छह विधानसभा क्षेत्रों में सात मुफ्त नमो एंबुलेंस सेवा उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है.
यह भी पढ़ें: मेरठ, लखनऊ, आगरा, वाराणसी...कई शहरों में घर और प्लॉट की होगी ई-नीलामी, यूपी आवास परिषद की बड़ी पहल, ऐसे करें आवेदन
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं