IRCTC की नई वेबसाइट के लॉन्चिंग को लेकर खबर आई थी कि यह 15 जुलाई को इसे लॉन्च नहीं किया जाएगा. इसके पीछे कारण बताया गया था कि अभी अलग-अलग वर्ग के लोगों (Stakeholders) से इसके बारे में सुझाव लिए जा रहें हैं. फीडबैक मिलने के बाद उसको तत्काल वेबसाइट में लागू किया जाएगा और तब जाकर नई वेबसाइट लॉन्च की जाएगी. लेकिन अब IRCTC की नई वेबसाइट का बीटा वर्जन (IRCTC Beta) को लॉन्च कर दिया गया है. हालांकि अभी यह आम लोगों के लिए नहीं शुरू हुआ है.
बताया जा रहा है कि IRCTC खा नया बीटा वर्जन 15 जुलाई की रात 9 बजे से आम लोगों के लिए उपलब्ध कराया जाएगा. बीटा वर्जन के लॉन्च करने का उद्देश्य यात्रियों को वेबसाइट का नया डिज़ाइन और सुविधाएं दिखाना है. ताकि इसका इस्तेमाल करके अपनी राय और सुझाव दे सकें. यात्री नई वेबसाइट को https://www.irctc.co.in/eticket/ पर जाकर देख सकते हैं.
इसके अलावा मौजूदा IRCTC वेबसाइट के होमपेज पर भी बीटा वर्जन का लिंक दिया गया है.
नई वेबसाइट बनाने की जरूरत क्यों पड़ी?
IRCTC की वेबसाइट पहली बार 2002 में शुरू हुई थी. आज यह वेबसाइट हर दिन औसतन 14.5 लाख टिकटों की बुकिंग संभालती है. समय के साथ यात्रियों की संख्या बढ़ने और बेहतर अनुभव देने के लिए वेबसाइट को नए रूप में तैयार किया गया है. मंत्री अश्विनी वैष्णव के साथ बातचीत के दौरान मालवीय राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान के छात्रों ने वेबसाइट को अधिक आसान और आधुनिक बनाने के सुझाव दिए थे. इन सुझावों को ध्यान में रखकर नई वेबसाइट तैयार की गई है.
नई वेबसाइट में क्या-क्या बदलाव किए गए?
- कैप्चा और पॉप-अप से राहत
- बार-बार कैप्चा भरने की जरूरत नहीं होगी
- अनावश्यक पॉप-अप और चमकती हुई ग्राफिक्स हटा दी गई हैं
- इससे वेबसाइट का इस्तेमाल आसान होगा.
सभी क्लास में सीट उपलब्धता एक साथ दिखेगी
- अब यात्रियों को अलग-अलग क्लास चुनकर सीट देखने की जरूरत नहीं होगी.
- सभी क्लास की उपलब्ध सीटें एक ही जगह दिखाई देंगी.
टिकट बुकिंग होगी पहले से तेज
- टिकट बुक करने के लिए पहले जितने चरण पूरे करने पड़ते थे, अब उनकी संख्या कम कर दी गई है.
- इससे बुकिंग जल्दी पूरी होगी
बार-बार यात्री की जानकारी भरने की जरूरत नहीं
- यात्री अपने नियमित यात्रियों की जानकारी सेव कर सकेंगे.
- अगली बार टिकट बुक करते समय वही जानकारी सीधे इस्तेमाल की जा सकेगी
अभी बीटा वर्जन क्यों?
- यह अभी परीक्षण (बीटा) संस्करण है.
- इसका उद्देश्य लोगों से सुझाव लेना है.
- यात्रियों की प्रतिक्रिया के आधार पर आगे इसमें और सुधार किए जाएंगे, ताकि अंतिम वेबसाइट और बेहतर बन सके.
यात्रियों को क्या फायदा होगा?
- टिकट बुकिंग पहले से आसान और तेज होगी.
- वेबसाइट का डिज़ाइन अधिक साफ और उपयोगकर्ता-अनुकूल होगा.
- सीट उपलब्धता तुरंत दिखाई देगी.
- कम समय में टिकट बुक हो सकेगी.
- बार-बार यात्री की जानकारी भरने की जरूरत नहीं पड़ेगी.
- यात्रियों के सुझावों के आधार पर वेबसाइट लगातार बेहतर होती जाएगी.
यह भी पढ़ेंः हाइड्रोजन ट्रेन कैसी दिखती है, PM मोदी ने शेयर की तस्वीरें, 17 जुलाई को दिखाएंगे हरी झंडी, रूट-किराया जान लें
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं