प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन की तस्वीर साझा की है. यह हाइड्रोजन ट्रेन जींद से सोनीपत के बीच चलाई जाएगी. 17 जुलाई को पीएम मोदी हरियाणा के जींद से देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे. बता दें, इस हाइड्रोजन ट्रेन का नाम नमो ग्रीन रेल रखा गया है. बताया जा रहा है कि यह ट्रेन 89 किलोमीटर का सफर सिर्फ 2 घंटे में पूरा करेगी. वहीं जींद से सोनीपत जाने के रास्ते में ये ट्रेन 12 स्टेशनों पर रुकेगी.
पीएम मोदी ने साझा की हाइड्रोजन ट्रेन की तस्वीर
पीएम मोदी ने अपने सोशल मीडिया से देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन की तस्वीर साझा की है. जिसमें दिख रहा है कि ट्रेन का इंजन अंदर से कैसा दिखता है. इसे कैसे बनाया गया है.
क्या होगा ट्रेन का शेड्यूल
रेलवे बोर्ड ने एक आधिकारिक जानकारी दी है कि हाइड्रोजन ट्रेन नंबर 74010 अपनी नियमित के दौरान सुबह 7.40 बजे जींद रेलवे स्टेशन से रवाना होगी और सुबह 9.40 बजे सोनीपत पहुंचेगी. वहीं यह ट्रेन जींद सिटी, पांडु पिंडारा, ललित खेड़ा, भम्बेवा, ईशापुर खेड़ी, बुटाना, खंदराई, गोहाना, रभड़ा, लाठ, मोहना और बड़वासनी जैसे 12 स्टेशनों पर रुकेगी. 17 जुलाई को इस ट्रेन का उद्घाटन किया जाएगा, हालांकि नियमित यात्री सेवा शुरू होने की तारीख अभी तय नहीं हुई है.
हाइड्रोजन ट्रेन का किराया
हाइड्रोजन ट्रेन के किराए के बारे में बात करें तो इस ट्रेन का किराया 5 रुपये से शुरू होगा और अधिकतम 25 रुपये तक रहेगा. अभी पारंपरिक ट्रेनों में शुरुआती किराया 30 रुपये और अधिकतम किराया 126 रुपये के करीब है. लेकिन हाइड्रोजन ट्रेन इसकी तुलना में बहुत सस्ती है.
बता दें, हाइड्रोजर ट्रेन को भारत में डिजाइन और विकसित किया गया. जो 'आत्मनिर्भर भारत' के प्रति भारतीय रेलवे की प्रतिबद्धता का उदाहरण है. इसका डिजाइन रेलवे के रिसर्च डिजाइन एंड स्टैंडर्ड्स ऑर्गनाइज़ेशन (RDSO), लखनऊ में बना है. इसका निर्माण इंटीग्रल कोच फैक्ट्री (ICF), चेन्नई में हुआ.
यह भी पढ़ेंः ट्रेनों से तौलिया-बेडशीट चोरी रोकने को 2 महीने में रिफॉर्म लाएगा रेलवे, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया प्लान
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं