Induction Cooktop Using Tips: मिडिल ईस्ट में चल रहे तनाव का असर भारत पर भी देखने को मिला है. देश के कई हिस्सों में गैस की किल्लत की खबरें सामने आईं. ऐसी स्थिति में लोगों ने इंडक्शन कुकटॉप का इस्तेमाल करना शुरू कर दिया है. लेकिन क्या आप जानते हैं, अगर इंडक्शन का सही तरीके से इस्तेमाल न किया जाए तो आपको कई समस्याएं झेलनी पड़ सकती हैं. ऐसे कई मामले सामने आए हैं जहां सही से इंडक्शन का इस्तेमाल न होने के कारण उसका कांच टूटकर चकनाचूर हो गया है. अगर आप भी ऐसी स्थिति से बचना चाहते हैं, तो कुछ बातों का ध्यान रखना बेहद जरूरी है. आइए जानते हैं ऐसी 3 जरूरी टिप्स के बारे में...
यह भी पढ़ें: रेलवे उधना से मालदा टाउन के लिए साप्ताहिक चलाएगा स्पेशल ट्रेन, जानिए पूरा शेड्यूल, ठहराव और ट्रेनों की लिस्ट
1. अचानक टेंपरेचर न बदलें
इंडक्शन कुकटॉप का कांच टूटने का सबसे बड़ा कारण अचानक टेंपरेचर बदलना माना जाता है. ऐसे में जब ये कांच बहुत ज्यादा गर्म या ठंडा होता है, तो इसमें दरार आने या चटकने का खतरा काफी ज्यादा होता है. इंडक्शन इस्तेमाल करते समय इस बात का ध्यान रखें कि जब कुकटॉप बहुत गर्म हो तो उसपर बर्फ या ठंडा पानी न डालें और कोई भी ठंडा बर्तन न रखें. साथ ही इस्तेमाल होने के बाद इंडक्शन ठंडा होने का इंतजार करें.

2. बर्तनों का सही तरीके से करें इस्तेमाल
इंडक्शन कुकटॉप पर बर्तनों का इस्तेमाल सुरक्षा के साथ करना चाहिए. इंडक्शन पर भारी बर्तन रखकर कभी भी खिसकाए या घसीटे नहीं. इससे कांच में दरार आ सकती है और चटक सकता है. इसके अलावा इंडक्शन पर बर्तनों को बहुत आराम से रखना चाहिए. पटकने या जोर से रखने से कांच टूट सकता है.
3. सही से सफाई करें
इंडक्शन को लंबे समय तक चलाने के लिए सही से सफाई जरूर करनी चाहिए. खाना बनाते समय अगर कुछ गिर जाता है और लंबे समय तक साफ नहीं होता है तो निशान जमे रह सकते हैं. साथ ही सफाई करने के लिए किसी मुलायम कपड़े का इस्तेमाल करें. स्टील वूल या किसी भी तरह के हार्ड केमिकल का इस्तेमाल करने से कांच खराब हो सकता है और टूटने का खतरा बढ़ सकता है.
Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. एनडीटीवी इसकी पुष्टि नहीं करता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं