Ponting on Iyer: हाल ही में अजित अगरकर एंड कंपनी द्वारा अफगानिस्तान (Ind vs Afg) के खिलाफ खेले जाने वाली एक टेस्ट और तीन वनडे मैचों की सीरीज के लिए घोषित टीम में कुछ नए चेहरे देखने को मिले हैं, तो इस चयन से बड़ा संदेश देने की भी कोशिश की गई है. खासकर वनडे टीम में केएल राहुल की जगह श्रेयस अय्यर (Shryeas Iyer) को उप-कप्तानी देना बताने और समझाने के लिए काफी है कि यह फैसला टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव के लिए बड़ा मैसेज है. वहीं, पूर्व कंगारू दिग्गज और पंजाब किंग्स के कोच रिकी पोंटिंग भी ऐसा ही सोचते दिखाई दे रहे हैं जिनका मानना है कि श्रेयस अय्यर टी20 में भारत के कप्तान बनने के सबसे प्रबल दावेदार हैं. पंजाब किंग्स के मुख्य कोच रिकी पोंटिंग का मानना है कि सूर्यकुमार यादव के बाद श्रेयस अय्यर टी20 प्रारूप में भारत के कप्तान बनने के मुख्य दावेदार हैं, जो अभी अपने खेल के चरम पर हैं और पहले से कहीं अधिक परिपक्व हो गए हैं.
सूर्यकुमार की कप्तानी में भारत ने हाल में दूसरी बार टी20 विश्व कप का खिताब जीता था, लेकिन पिछले 12 महीनों में उनका प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा और वह मौजूदा इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2026) में भी रन बनाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं. ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज पोंटिंग ने कहा, ‘सूर्यकुमार के बाद कप्तानी के लिए कई दावेदार हैं, लेकिन मेरा मानना है कि श्रेयस अय्यर मुख्य दावेदारों में से एक हैं. हमने टूर्नामेंट की शुरुआत में ही देख लिया था कि वह टी20 के कितने अच्छे खिलाड़ी हैं तथा मैदान पर और मैदान के बाहर दोनों में ही वह अभी किस तरह की स्थिति में हैं. वह पहले से कहीं अधिक परिपक्व हो गए हैं और इस समय अपने खेल के चरम पर हैं.' लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ करो या मरो के अंतिम लीग मैच से पहले पोंटिंग ने कहा कि श्रेयस और टीम वापसी करने में सफल रहेंगे.
श्रेयस भले ही अभी भारत की टी20 टीम का हिस्सा नहीं है, लेकिन उन्हें खेल के सबसे छोटे प्रारूप का कप्तान बनने के लिए चर्चा चल रही है. आईपीएल के शुरुआती दौर में पंजाब किंग्स के शानदार प्रदर्शन के कारण इस तरह की चर्चा को बल मिला था। इसके बाद हालांकि उनकी टीम छह मैच हार गई. लेकिन एक कप्तान के रूप में श्रेयस का इस प्रारूप में रिकॉर्ड शानदार रहा है. उनकी अगुवाई में कोलकाता नाइट राइडर्स ने आईपीएल का खिताब जीता था. इसके बाद वह पंजाब किंग्स से जुड़ गए और उनकी कप्तानी में यह टीम पिछले सत्र में 11 साल में पहली बार फाइनल में पहुंची थी. वह इस बार अब भी प्लेऑफ की दौड़ में बनी हुई है.
उन्होंने कहा, ‘व्यक्तिगत रूप से और टीम के रूप में उतार-चढ़ाव आते रहते हैं. मुझे पूरा विश्वास है कि वह हमारे आखिरी लीग मैच में शानदार वापसी करेगा. अगर वह अच्छा प्रदर्शन करता है और बड़ा स्कोर बनाता है, तो हमारे पास मैच जीतने का अच्छा मौका होगा.' 2000 के दशक की शुरुआत में अजेय ऑस्ट्रेलियाई टीम के कप्तान रहे पोंटंग ने कहा कि श्रेयस का भारतीय टी20 टीम का हिस्सा न होना आश्चर्यजनक है. पोंटिंग ने कहा, ‘जब भी भारत टीम का चयन करता है और उसमें श्रेयस का नाम नहीं होता तो मुझे बहुत हैरानी होती है. आईपीएल में उनके शानदार प्रदर्शन को देखते हुए मुझे पूरा विश्वास है कि चयनकर्ता न सिर्फ टीम में उनको शामिल करने बल्कि कप्तानी के लिए भी उनके नाम पर जरूर चर्चा करेंगे.' भारतीय क्रिकेट की खासियत यह है कि आप यूं ही टीम में वापसी नहीं कर सकते. आपको ढेर सारे रन बनाने होते हैं और वो भी एक खास तरीके से. उनका अब तक का प्रदर्शन बहुत प्रभावशाली रहा है और उनकी कप्तानी शानदार रही है.'
कंगारू पूर्व कप्तान बोले, ‘वह अभी अपने करियर के उस मोड़ पर खड़े हैं जहां अगर उन्हें कप्तानी का मौका मिलता है तो मुझे लगता है कि वह इसका भरपूर फायदा उठाएंगे.' पंजाब किंग्स का प्रदर्शन लगातार गिरता जा रहा है और सोशल मीडिया पर भी इसकी काफी आलोचना हो रही है लेकिन पोंटिंग ने कहा कि नकारात्मक चर्चा ड्रेसिंग रूम तक नहीं पहुंची है. उन्होंने कहा, ‘एक कोच के तौर पर मुझे मैदान से बाहर की किसी भी बात की चिंता नहीं होती है. हमने एक टीम के रूप में हर चीज को उसी तरह संभाला है जैसे हमें संभालना चाहिए था.' पोंटिंग ने कहा, ‘बाहर क्या हो रहा है, इसका हम पर कोई असर नहीं पड़ता है. हम जानते हैं कि मैच जीतने के लिए क्या करना है और हम इस दिशा में आगे बढ़ते हैं. अगर हम क्वालीफाई कर लेते हैं, तो हमारे बारे में जो भी नकारात्मक बातें की जा रही हैं, वे समाप्त हो जाएंगी.'
यह भी पढ़ें: वैभव सूर्यवंशी को लेकर LSG कोच जस्टिन लैंगर का बड़ा बयान, इस मामले में डॉन ब्रैडमैन से कर दी तुलना
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं