राशन लेने वाले लोगों के लिए काम की खबर है. क्या आपको पता है कि राशन कार्डधारकों को कितना राशन प्रति व्यक्ति के हिसाब से मिलता है. केंद्र सरकार की राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना (NFSA) के तहत प्राथमिकता प्राप्त परिवार यानी PHH राशन कार्डधारकों को हर महीने मुफ्त राशन उपलब्ध कराया जाता है. इस योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को अनाज और राशन प्रदान करना है, ताकि उन्हें अपनी डेली की जरूरतों के लिए पर्याप्त अनाज मिल सके.
5 किलो प्रति सदस्य का नियम क्या है?
योजना के तहत PHH राशन कार्ड में दर्ज प्रत्येक सदस्य को हर महीने 5 किलो मुफ्त राशन दिया जाता है. ऐसे में परिवार को कितना राशन मिलेगा, इसका हिसाब लगाना बेहद आसान है. परिवार के कुल सदस्यों की संख्या को 5 से गुणा करने पर मासिक राशन की मात्रा पता चल जाती है. उदाहरण के तौर पर समझें, अगर आपके परिवार में 4 सदस्य हैं, तो आपको हर महीने 20 किलो मुफ्त राशन मिलेगा. इसी तरह 5 सदस्यों वाले परिवार को 25 किलो और 6 सदस्यों वाले परिवार को 30 किलो राशन प्रदान किया जाएगा. राशन की मात्रा पूरी तरह राशन कार्ड में दर्ज सदस्यों की संख्या पर निर्भर करती है.
अगर किसी नए सदस्य का नाम जुड़ना है या किसी जानकारी में बदलाव कराना है तो इसे जल्द से जल्द अपडेट करा लेना चाहिए. खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग के अनुसार, यह व्यवस्था देश के करोड़ों परिवारों तक खाद्यान्न पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है. मुफ्त राशन योजना से गरीब और जरूरतमंद परिवारों को महंगाई के दौर में राहत मिल रही है तथा उनके मासिक खर्च में कमी आ रही है.
नया राशन कार्ड कैसे बनवाएं
नया राशन कार्ड बनवाने के लिए अब आपको किसी सरकारी दफ्तर के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे. आप घर बैठे National Food Security Portal (NFSA) या अपने राज्य के ई-डिस्ट्रिक्ट पोर्टल जैसे दिल्ली में ई-डिस्ट्रिक्ट पोर्टल पर आधार ओटीपी के जरिए नया आवेदन कर सकते हैं.
जरूरी दस्तावेज- परिवार के सभी सदस्यों का आधार कार्ड, मुखिया की पासपोर्ट साइज फोटो, निवास प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र और बैंक पासबुक की कॉपी तैयार रखें.
ऑनलाइन आवेदन- एनएफएसए की आधिकारिक वेबसाइट पर 'Public Login' या 'New Registration' विकल्प चुनें और अपने राज्य का चयन करें.
फॉर्म भरें- आवेदन फॉर्म में मुखिया की जानकारी, पता और परिवार के सभी सदस्यों का विवरण दर्ज करें.
दस्तावेज अपलोड करें- अपने सभी मांगे गए दस्तावेज स्कैन करके अपलोड करें.
आवेदन शुल्क- कई राज्यों में इसके लिए मामूली सरकारी फीस जैसे 15 से 30 रुपये होती है, जिसका भुगतान ऑनलाइन करना होता है.
यह भी पढ़ें:- दिल्ली में EV सब्सिडी कैसे मिलेगी, कैसे करना है अप्लाई और क्या-क्या डॉक्यूमेंट्स चाहिए
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं