विज्ञापन

फ्लाइट कैंसिल हुई तो रिफंड के साथ खाने से लेकर आने-जाने का खर्च देगी एयरलाइन, 2 और सुविधाएं

इंडिगो एयरलाइंस (IndiGo) के खिलाफ भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (CCI) की चल रही जांच के बीच यात्रियों की सुविधा के लिए ऑटोमेटिक रिफंड, रिबुकिंग से लेकर फूड-कैब जैसे 5 सेवाओं का प्रस्ताव दिया है.

फ्लाइट कैंसिल हुई तो रिफंड के साथ खाने से लेकर आने-जाने का खर्च देगी एयरलाइन, 2 और सुविधाएं
IndiGo एयरलाइंस ने दिया है प्रस्ताव

देश की सबसे बड़ी एयरलाइन कंपनी में एक इंडिगो एयरलाइंस (IndiGo) के खिलाफ भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (CCI) जांच चल रही है. CCI इंडिगो के खिलाफ उस मामले की जांच कर रहा है, जिसमें साल 2025 में बड़े पैमाने पर इंडिगो की फ्लाइट कैंसिल हुई थी. इससे यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा था. CCI इस मामले में जांच कर रहा है कि क्या इंडिगो ने अपने फायदे के लिए जानबूझकर तो ऐसा नहीं किया है. वहीं इस मामले से निपटने के लिए CCI के सामने IndiGo ने कई कदम उठाने का प्रस्ताव किया है. इनमें क्राइसिस मैनेजमेंट ग्रुप, अलग से शिकायत निवारण व्यवस्था और जरूरत पड़ने पर एयरपोर्ट अथॉरिटी को अस्थायी रूप से स्लॉट सौंपना शामिल है.

डोमेस्टिक एविएशन मार्केट में 66 प्रतिशत से अधिक हिस्सेदारी रखने वाली इंडिगो ने प्रतिस्पर्धा संबंधी चिंताओं को दूर करने के लिए CCI के सामने 5 पांच प्रमुख कमिटमेंट किए हैं.. ये प्रस्ताव CCI के प्रतिबद्धता नियमों के तहत दिए गए हैं. नियमों के अनुसार, अगर पब्लिक कमेंट लेने और मूल्यांकन के बाद CCI इन प्रस्तावों को स्वीकार कर लेता है, तो मौजूदा जांच को समाप्त किया जा सकता है.

इंडिगो ने किन सेवाओं का दिया है प्रस्ताव

  1. CCI की सार्वजनिक सूचना के अनुसार, इंडिगो ने वरिष्ठ अधिकारियों वाला क्राइसिस मैनेजमेंट ग्रुप गठित करने का प्रस्ताव दिया है. इसके अलावा प्रभावित यात्रियों की सहायता के लिए अलग से 24 घंटे काम करने वाला ग्राहक अनुभव ‘वॉर रूम' बनाने की भी योजना है. आयोग ने इन प्रस्तावों पर लोगों से प्रतिक्रियांए मांगी है.
  2. एयरलाइन ने यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के लिए विभिन्न हवाई अड्डों पर एडिशनल सर्विस प्रोवाइडर को शामिल करने का प्रस्ताव भी रखा है, ताकि जरूरत पड़ने पर यात्रियों के लिए भोजन पैकेट, पानी और सड़क परिवहन (Taxi) जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें.
  3. इंडिगो ने इसके साथ वैकल्पिक उड़ानों की व्यवस्था करने और तय समय सीमा के भीतर ऑटोमैटिक रिफंड प्रक्रिया शुरू करने की बात भी कही है.

फिलहाल CCI की जांच सार्वजनिक टिप्पणियों और प्रस्तावों के मूल्यांकन की प्रक्रिया पूरी होने तक रोक दी गई है.

इंडिगो ने कहा कि औपचारिक क्राइसिस मैनेजमेंट ग्रुप, संरचनात्मक व्यवधान समीक्षा व्यवस्था और बड़े स्तर पर फ्लाइट बाधित होने की स्थिति में स्लॉट को एयरपोर्ट अथॉरिटी को सौंपने की व्यवस्था से ऐसी परिस्थितियों का समय पर और समन्वित तरीके से प्रबंधन किया जा सकेगा. इससे बाजार क्षमता में अनजाने में कमी आने की स्थिति भी रोकी जा सकेगी.

प्रस्तावों में एक महत्वपूर्ण पहल यह है कि बड़े पैमाने पर परिचालन बाधित होने पर इंडिगो सीमित अवधि के लिए अपने घरेलू उड़ानों के उतरने और प्रस्थान ‘स्लॉट' संबंधित हवाई अड्डा संचालकों या प्राधिकरणों को सौंपने को तैयार है.

बता दें CCI ने फरवरी में इंडिगो द्वारा दिसंबर, 2025 में परिचालन संबंधी समस्याओं के कारण हजारों फ्लाइट्स रद्द किए जाने के बाद एयरलाइन के खिलाफ विस्तृत जांच का आदेश दिया था. उड़ानें रद्द होने से बड़ी संख्या में यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा था.

Air India ने भी शुरू की है इस तरह की सर्विस

एयर इंडिया एयरलाइंस ने भी अपने यात्रियों की सुविधा के लिए स्पेशल ऐप लॉन्च किया है. जिसमें फ्लाइट की देरी या रद्द होने पर ऐप के जरिए यात्रियों को सुविधा पहुंचाया जाएगा. इसमें फ्लाइट प्रभावित होने पर ऐप यात्रियों को अलर्ट भेजेगा. साथ ही प्रभावित यात्रियों को ऐप पर ही होटल और ट्रांसपोर्टेशन का विकल्प दिखाई देगा. यात्री अपनी सुविधा के अनुसार ऐप पर होटल या डिजिटल वाउचर जनरेट कर सकेंगे. प्रभावित फ्लाइट के बदले यात्रियों को उसी रूट में अगले 3 दिनों तक दूसरी फ्लाइट में फ्री रीबुकिंग कर सकेंगे या यात्रा प्रभावित होने पर यात्री रिफंड का क्लेम भी कर सकते हैं.

यह भी पढ़ेंः Crude Oil Price Hike: $120 तक पहुंच सकता है कच्चा तेल, आपकी जेब से लेकर कई सेक्टरों पर पड़ सकता है बड़ा असर

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
IndiGo, CCI, IndiGo Airline, Flight Ticket Refund, Airline Food
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com