विज्ञापन

Aquarium में मछली पालने से पहले जान लें ये 7 जरूरी बातें, वरना जल्दी मर सकती हैं मछलियां

How to Take Care of Fish: आइए जानते हैं कि मछलियों को पालने से पहले किन बातों पर ध्यान देना जरूरी है और कैसे आप अपनी मछली को लंबे समय तक स्वस्थ और जीवीत रख सकते हैं-

Aquarium में मछली पालने से पहले जान लें ये 7 जरूरी बातें, वरना जल्दी मर सकती हैं मछलियां
How to Take Care of Fish: घर में Aquarium रखने से पहले जान लें ये बातें

How to Take Care of Fish: घर में एक्वेरियम (Aquarium) रखना आजकल काफी आम हो गया है. रंग-बिरंगी मछलियां घर को सुंदर बनाती हैं और देखने में भी बहुत अच्छी लगती हैं. यही कारण है कि लोग अब मछलियों को पालतू जानवर की तरह रखने लगे हैं. लेकिन एक समस्या बहुत आम है, वो ये कि ज्यादातर लोगों की मछलियां ज्यादा दिनों तक जिंदा नहीं रहतीं.

अब, अगर आपके साथ भी ऐसा हो रहा है, तो समझ लें कि इसके पीछे कोई एक बड़ी वजह नहीं होती. आमतौर पर छोटी-छोटी गलतियों की वजह से मछलियां बीमार पड़ती हैं या मर जाती हैं. जैसे- ज्यादा खाना देना, पानी साफ न रखना या बिना जानकारी के अलग-अलग मछलियों को एक साथ रख देना. ऐसे में जरूरी है कि मछली पालने से पहले उसकी सही देखभाल के बारे में जान लें. आइए आसान भाषा में समझते हैं कि मछली पालते वक्त किन बातों का ध्यान रखना जरूरी है- 

घर के लिए कौन सी मछलियां सही होती हैं?

अगर आप पहली बार मछली पाल रहे हैं, तो ऐसी मछलियां चुनें जो जल्दी एडजस्ट हो जाएं. Betta fish, Goldfish और Angelfish घरों में सबसे ज्यादा पाली जाती हैं. ये मछलियां थोड़े बहुत पानी के बदलाव को सहन कर लेती हैं, इसलिए शुरुआती लोगों के लिए सही मानी जाती हैं.

मछलियों को कितनी बार और कितना खाना दें?

मछलियों को ज्यादा खाना देना बहुत बड़ी गलती है. इससे मछलियां बीमार पड़ सकती हैं और पानी भी जल्दी गंदा हो जाता है. हमेशा उतना ही खाना दें, जितना मछली 2-3 मिनट में खा सके. दिन में 1 या 2 बार खाना देना काफी होता है.

सही Aquarium कैसे चुनें?

Aquarium का साइज बहुत जरूरी होता है. इसके लिए एक आसान नियम है कि हर 1 इंच मछली के लिए कम से कम 1 गैलन (लगभग 3.7 लीटर) पानी होना चाहिए. अगर टैंक छोटा होगा और मछलियां ज्यादा होंगी, तो पानी जल्दी खराब होगा और ऑक्सीजन भी कम हो जाएगी.

इसके अलावा Aquarium में फिल्टर, एयर पंप और जरूरत के हिसाब से हीटर जरूर होना चाहिए. कुछ मछलियां ठंडे पानी में रहती हैं, जबकि कुछ को गर्म पानी चाहिए होता है. इसलिए मछली लेने से पहले उसकी जरूरत जरूर समझ लें.

पानी की सफाई सबसे जरूरी

मछलियों के लिए साफ पानी सबसे जरूरी होता है. गंदा पानी उनकी सेहत के लिए बहुत खतरनाक होता है. इसलिए हर हफ्ते थोड़ा-थोड़ा पानी बदलें और महीने में एक बार टैंक को अच्छे से साफ करें.

पानी का pH लेवल, नाइट्रेट और नाइट्राइट का संतुलन भी सही होना चाहिए. अगर ये बिगड़ जाए, तो मछलियां जल्दी बीमार पड़ सकती हैं.

फिल्टर और मेंटेनेंस का रखें ध्यान

Aquarium का फिल्टर ठीक से काम कर रहा है या नहीं, यह रोज चेक करें. अगर फिल्टर गंदा हो जाए तो उसे साफ करें और जरूरत पड़े तो बदल भी दें. इसके अलावा हर 10–15 दिन में टैंक के नीचे की ग्रेवल साफ करें और कांच पर जमी गंदगी भी हटा दें. इससे पानी साफ रहेगा और बैक्टीरिया नहीं बढ़ेंगे.

नई मछली डालने में जल्दबाजी न करें

बहुत से लोग Aquarium खरीदते ही उसी दिन मछली डाल देते हैं, जो गलत है. पहले टैंक को 10–15 दिन तक खाली चलने दें. इससे पानी में अच्छे बैक्टीरिया बनते हैं, जो मछलियों के लिए जरूरी होते हैं.

सजावट कैसे करें?

Aquarium को सजाना अच्छा लगता है, लेकिन जरूरत से ज्यादा सजावट नहीं करनी चाहिए. ज्यादा सामान होने से सफाई करना मुश्किल हो जाता है. ऐसे पौधे और चीजें रखें जो मछलियों के लिए सुरक्षित हों.

मछली पालना आसान जरूर लगता है, लेकिन इसमें ध्यान और समय देना पड़ता है. उन्हें साफ पानी, सही खाना और अच्छा माहौल चाहिए होता है. अगर आप इन छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखते हैं, तो आपकी मछलियां लंबे समय तक स्वस्थ और जिंदा रहेंगी. 

यह भी पढ़ें- Emergency Alerts for Mock Drill: कल आपके फोन पर नहीं आया सरकार का इमरजेंसी अलर्ट? तुरंत ऑन करें ये सेटिंग, नहीं तो छूट सकती है जरूरी चेतावनी

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com