Gatwick Airport UFO Incident: हाल ही में लंदन के गैटविक एयरपोर्ट के पास एक ऐसी घटना घटी, जिसने हर किसी को सन्न कर दिया. दरअसल, लंदन में एक कमर्शियल प्लेन के सामने अचानक उड़नतश्तरी जैसी चीज आ गई. पायलट ने जब इस रहस्यमयी ऑब्जेक्ट को देखा, तो उनके भी होश उड़ गए. यूके एयरप्रोक्स बोर्ड ने इस घटना की जांच की है और रिपोर्ट में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं.
आसमान में दिखा रहस्यमयी चीज (Mystery Object in the Sky)
Metro की रिपोर्ट के मुताबिक, एयरबस ए319 प्लेन का पायलट लैंडिंग की तैयारी कर रहा था, तभी उसे कॉकपिट की खिड़की से बेहद करीब एक गोल Disc जैसा ऑब्जेक्ट उड़ता हुआ दिखा. ये ऑब्जेक्ट सीधा प्लेन के दाहिने पंख की तरफ आ रहा था. पायलट की नजर जैसे ही इस पर पड़ी, वे दंग रह गए. ये चीज किसी उड़नतश्तरी यानी फ्लाइंग सॉसर जैसी लग रही थी. प्लेन उस समय ससेक्स के हेंगक्रॉस गांव के ऊपर से गुजर रहा था.

मात्र 100 फीट की दूरी से निकला खतरा (Danger Passed Just Feet Away)
पायलट के मुताबिक ये रहस्यमयी चीज प्लेन से सिर्फ 100 से 300 फीट की दूरी पर थी. प्लेन और इस ऑब्जेक्ट दोनों की ऊंचाई बिल्कुल एक जैसी थी. गनीमत ये रही कि उस वक्त प्लेन पहले से ही बाईं तरफ मुड़ रहा था. इसी वजह से दोनों के बीच टक्कर नहीं हुई और एक बड़ा हादसा टल गया. पायलट को इमरजेंसी में प्लेन मोड़ने की जरूरत नहीं पड़ी. अगर प्लेन सीधा उड़ रहा होता, तो शायद नजारा कुछ और ही होता.

जांच में क्या आया सामने (What Did the Investigation Reveal)
इस पूरी घटना की जांच यूके एयरप्रोक्स बोर्ड ने की है. ये संस्था आसमान में प्लेन के पास होने वाले हादसों की जांच करती है. बोर्ड ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि, पायलट ने ऑब्जेक्ट के किनारों पर गहरे रंग के निशान देखे थे. शुरुआत में लगा कि ये कोई ड्रोन हो सकता है. हालांकि, बोर्ड ने साफ कर दिया कि इस ऑब्जेक्ट की सही पहचान कर पाना फिलहाल नामुमकिन है.
ये भी पढ़ें:-झील में धीरे-धीरे समाते दिखे 33 फीट लंबे दो विशाल जीव, वेबकैम में रिकॉर्ड हुआ रहस्यमयी मंजर
ये भी पढ़ें:-क्या इंसान अमर हो सकता है? वैज्ञानिकों की रिसर्च से खुलासा, आदर्श स्थितियों में भी 146 से 194 साल ही है उम्र की सीमा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं