विज्ञापन

क्या आपके इलाके में सड़कों पर गड्ढे में भरा है पानी, तो 'PWD Sewa App' के जरिए ऐसे करें शिकायत

दिल्ली सरकार ने राजधानी की सड़कों, फुटपाथों और जलभराव जैसी लोक निर्माण विभाग (PWD) से जुड़ी समस्याओं को दूर करने के लिए 'PWD Sewa App' लॉन्च किया है. यानी अब दिल्लीवासी सिर्फ एक क्लिक में अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगे. 

क्या आपके इलाके में सड़कों पर गड्ढे में भरा है पानी, तो 'PWD Sewa App' के जरिए ऐसे करें शिकायत
दिल्ली सरकार Digital Governance की मदद से नागरिक सेवाओं को और ज्यादा असरदार, आसान और लोगों के अनुकूल बनाने की दिशा में काम कर रही है.
@DelhiGovDigital

बरसात के मौसम में जगह-जगह जलभराव के साथ ही सड़कों पर बने गड्ढे में पानी भर जाता है. ऐसे में अगर आप दिल्ली में रहते हैं और आपके इलाके में भी सड़क पर गड्ढे में पानी भरा हुआ है, तो अब आप घर बैठे इसकी शिकायत कर अपनी सड़कों को गड्ढा मुक्त बनवा सकते हैं. दरअसल, दिल्ली सरकार Digital Governance की मदद से नागरिक सेवाओं को और ज्यादा असरदार, आसान और लोगों के अनुकूल बनाने की दिशा में काम कर रही है. इसी कड़ी में लोक निर्माण विभाग (PWD) से संबंधित शिकायतों के फौरन निपटारे के लिए एक नया डिजिटल प्लेटफॉर्म तैयार किया है, जो जनता और सरकार के बीच की दूरी को कम करने में मददगार साबित हो सकता है. इसकी जानकारी 8 जुलाई यानी बुधवार को दिल्ली सरकार ने एक्स पर पोस्ट के जरिए दी. 

यानी अब दिल्ली के नागरिकों को टूटी सड़कों, जलभराव या बंद स्ट्रीट लाइटों जैसी समस्याओं के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे. PWD Sewa App के जरिए अब PWD से संबंधित समस्याओं की शिकायत कुछ ही क्लिक में दर्ज की जा सकती है. दरअसल, इसकी मदद से अब जनता बिना दफ्तरों के चक्कर काटे ही अपनी समस्या का समाधान करा सकेंगी. 

ऐसे करें ऑनलाइन शिकायत

यह ऐप केवल एक तकनीकी टूल नहीं है, बल्कि दिल्ली के विकास में आम जनता को सीधे जोड़ने का एक माध्यम है. दिल्ली सरकार ने अपील की है कि नागरिक इस डिजिटल क्रांति का हिस्सा बनें. ऐसे में अगर आपके इलाके में भी कोई समस्या है, तो इस ऐप की मदद से इसे आसानी से दूर कर सकते हैं. PWD Sewa App पर शिकायत दर्ज करना बेहद आसान है. अपनी शिकायत दर्ज कराने के लिए नीचे दिए तरीके को स्टेप बाई स्टेप फॉलो करें. 

  • अपनी शिकायत दर्ज कराने के लिए सबसे पहले Google Play Store या App Store पर जाएं और PWD Sewa App डाउनलोड करें. 
  • इसके बाद ऐप पर अपना रजिस्ट्रेशन करें. यानी ऐप खोलकर अपनी बुनियादी जानकारी जैसे नाम और मोबाइल नंबर दर्ज करके साइन करें. 
  • शिकायत दर्ज करने के लिए ऐप के होम स्क्रीन पर जाकर 'Submit Complaint' या शिकायत दर्ज करने वाले विकल्प पर क्लिक करें.
  • इसके बाद अपनी समस्या की श्रेणी का चयन करें, जैसे सड़क और गड्ढे जलभराव या नाले की समस्या फ्लाईओवर, फुटओवर ब्रिज और फुटपाथ स्ट्रीट लाइट या नागरिक अवसंरचना 
  • ऐप में कैमरे के आइकन पर क्लिक करके सीधे समस्या वाली जगह जैसे गड्ढे या जलभराव की लाइव फोटो अपलोड करें. 
  • ऐप ऑटोमेटिक आपके फोन के GPS के जरिए सटीक स्थान को ट्रैक कर लेगा. सुनिश्चित करें कि आपके फोन का लोकेशन/GPS ऑन हो.
  • सभी जानकारी और फोटो भरने के बाद 'Submit' बटन पर क्लिक करें.
  • शिकायत सबमिट होते ही आपको स्क्रीन पर एक Unique Reference Number दिखाई देगी, इसका मतलब ये है कि आपकी शिकायत दर्ज हो गई है.  

शिकायत को कर सकते हैं ट्रैक

इसके बाद आप ऐप के 'Track Status' विकल्प पर जाकर इस नंबर के जरिए अपनी शिकायत की रीयल-टाइम प्रगति देख सकते हैं.
यदि आप ऐप का उपयोग नहीं कर पा रहे हैं, तो आप PWD SEWA Portal पर जाकर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कर सकते हैं. इसके अलावा, टोल-फ्री नंबर 1800110093 या 1908 पर कॉल कर या फिर समस्या लिखकर 81301 88222 नंबर पर व्हाट्सएप भी कर सकते हैं.

यह भी पढ़ें- 25% की छूट के साथ दिल्ली में खरीदें घर, DDA की इस योजना से आशियाने का सपना करें साकार

इस डिजिटल पहल का सबसे बड़ा लाभ यह है कि इससे पूरी शिकायत प्रक्रिया अधिक सरल, तेज और पारदर्शी होगी. जब कोई नागरिक ऐप पर अपनी शिकायत दर्ज करेगा, तो उसे न सिर्फ रियलटाइम ट्रैकिंग की सुविधा मिलेगी, बल्कि संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही भी तय होगी. भ्रष्टाचार की गुंजाइश को खत्म करते हुए यह ऐप सीधे जनता की आवाज को जिम्मेदार अफसरों तक पहुंचाएगा.

यह भी पढ़ें- गंभीर बीमारियों में इलाज के लिए आसान हुआ EPF एडवांस , जानें- कौन-कौन उठा सकेंगे इस सुविधा का लाभ

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
PWD App, Delhi Government Services, Delhi Government Services Online, Delhi Goernment, Delhi News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com