घर, ऑफिस और दुकान की सेफ्टी के लिए अधिकतर लोग CCTV कैमरों का इस्तेमाल करते हैं. लेकिन क्या हो अगर ये सीसीटीवी कैमरा ही आपकी प्राइवेसी के लिए बड़ा खतरा बन जाए. दरअसल, जबलपुर से ऐसा ही एक मामला सामने आया है जहां महिला डॉक्टर के कैमरे की लाइव फीड इंस्टॉलर देख रहा है. इसका बड़ा कारण पासवर्ड न बदलना बताया जा रहा है. इसी कड़ी में आज हम आपको बताने जा रहे हैं कि कैमरे को हैक होने से बचाने के लिए आप क्या-क्या जरूरी टिप्स अपना सकते हैं. आइए जानते हैं...
क्या है जबलपुर का मामला?
जबलपुर में के आदर्श नगर में रहने वाली महिला डॉक्टर प्राची सक्सेना के घर लगे CCTV कैमरे से जासूसी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया. जहां लंबे समय तक कैमरे का डिफॉल्ट पासवर्ड न बदलने के कारण सीसीटीवी इंस्टॉल करने वाले युवक के मोबाइल पर घर की लाइव फीड चल रही थी. डॉक्टर को इसका अहसास तब हुआ जब कैमरे से बच्चों के रोने और संदिग्ध आवाजें सुनाई देने लगीं. शक होने पर उन्होंने कैमरे को ढक कर पुलिस और साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई. जांच में पासवर्ड की लापरवाही सामने आने के बाद डॉक्टर ने तुरंत पासवर्ड बदला और सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर लोगों से अपने CCTV का पासवर्ड मजबूत रखने व उसे समय-समय पर बदलते रहने की अपील की है.

कैमरे को हैक होने से बचाने के लिए जरूरी टिप्स
1. अगर आपके कैमरे को किसी प्राइवेट इंस्टॉलर ने इंस्टॉल किया है और उसी ने पासवर्ड सेट किया है, तो उसको तुरंत बदल दें. इसके अलावा हमेशा कोई कॉमन पासवर्ड जैसे 123456789, 00000000 जैसा पासवर्ड न रखें.
2. कभी भी एक ही यूजरनेम और पासवर्ड का इस्तेमाल न करें. समय-समय पर कैमरे का पासवर्ड बदलते रहें. दरअसल, हैकर पुराने यूजरनेम और पासवर्ड को आसानी से हैक कर सकते हैं.
3. कैमरे को हैक होने से बचाने के लिए हमेशा two-factor authentication का इस्तेमाल करें. ऐसे में अगर कोई आपका अकाउंट एक्सेस करने की कोशिश करता है, तो आपको पहले वेरिफाई करना होगा.
4. अपने कैमरे के सॉफ्टवेयर को हमेशा समय के साथ-साथ अपडेट करते रहें. इसके अलावा आप ऑटो अपडेट भी ऑन करके रख सकते हैं. इससे पुराने बग्स सिस्टम और सॉफ्टवेयर से हट जाते हैं और सिक्योरिटी मजबूत होती रहती है.
यह भी पढ़ें: फरीदाबाद वाले ध्यान दें! 29 जून से इन कॉलोनियों में नहीं आएगा पानी, कहीं आपका इलाका तो नहीं इसमें?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं