Holi Train List: होली का त्योहार नजदीक है. ऐसे में नौकरी के लिए दूसरे शहरों में बसे लोग त्योहार पर अपने घर जाने की प्लानिंग करने लगे हैं. अब, इसके लिए ज्यादातर लोग ट्रेन से सफर करने का प्लान करते हैं. लेकिन खासकर यूपी और बिहार जाने वाले यात्रियों को ट्रेनों में टिकट मिलना मुश्किल हो जाता है. साल 2026 में होली 4 मार्च को है, लेकिन त्योहार से करीब दो महीने पहले ही कई ट्रेनों में स्लीपर और एसी कोच की सीटें भर चुकी हैं. ऐसे में बढ़ती भीड़ को देखते हुए भारतीय रेलवे ने यात्रियों को राहत देने के लिए होली स्पेशल ट्रेनों की घोषणा की है.
iPhone में आवाज के साथ Screen Recording कैसे करें? जानें स्टेप-बाय-स्टेप तरीका
कब से चलेंगी होली स्पेशल ट्रेन?
रेलवे के मुताबिक, 28 फरवरी से 9 मार्च के बीच यूपी, बिहार, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के लिए बड़ी संख्या में स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी. इसके साथ ही कुछ नियमित ट्रेनों के एक्स्ट्रा फेरे भी बढ़ाए गए हैं, ताकि यात्रियों को सफर में परेशानी न हो और भीड़ को संभाला जा सके.
इस बार रेलवे देशभर में करीब 1410 होली स्पेशल ट्रेन चलाने की योजना पर काम कर रहा है. इनमें सबसे ज्यादा ट्रेनें उत्तर रेलवे और पूर्व मध्य रेलवे के हिस्से में हैं. दिल्ली एनसीआर से यूपी-बिहार जाने वाले यात्रियों के लिए यह बड़ी राहत मानी जा रही है. खासकर दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम में काम करने वाले लोगों को इन ट्रेनों से फायदा मिलेगा.
होली पर किन ट्रेन में मिलेंगी खाली सीट- यूपी-बिहार रूट पर कई अहम स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं. सोगरिया-दानापुर-सोगरिया होली स्पेशल ट्रेन 28 फरवरी से 9 मार्च तक साप्ताहिक रूप से चलेगी. यह ट्रेन प्रयागराज छिवकी, मिर्जापुर, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर और आरा जैसे स्टेशनों पर रुकेगी.
- इसके अलावा रानी कमलापति-दानापुर-रानी कमलापति होली स्पेशल ट्रेन भी चलाई जा रही है, जो जबलपुर, कटनी, सतना और प्रयागराज छिवकी जैसे स्टेशनों से होकर गुजरेगी.
- वहीं, दुर्ग-हजरत निजामुद्दीन-दुर्ग होली स्पेशल ट्रेन उत्तर भारत और मध्य भारत को जोड़ने में मदद करेगी.
अगर मौजूदा बुकिंग की स्थिति की बात करें तो नई दिल्ली से पटना, दरभंगा, जयनगर, प्रयागराज और रांची जाने वाली ज्यादातर ट्रेनों में टिकट लगभग फुल हो चुके हैं. कई रूट्स पर वेटिंग लिस्ट 100 से भी ज्यादा पहुंच गई है. दिल्ली, हावड़ा और पटना रूट की करीब 80 फीसदी ट्रेनों में सीट उपलब्ध नहीं है.
ऐसे में अगर आप होली पर घर जाने की सोच रहे हैं, तो स्पेशल ट्रेनों में टिकट बुक करना एक अच्छा ऑप्शन हो सकता है. समय रहते IRCTC पर उपलब्धता चेक करें और यात्रा की प्लानिंग पहले से कर लें, ताकि त्योहार अपनों के साथ खुशी से मना सकें.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं