आज यानी 1 जुलाई 2026 से पासपोर्ट आवेदन की फीस में बदलाव कर दिया गया है. अब नया पासपोर्ट बनवाने या पुराने पासपोर्ट री-इश्यू कराने के लिए पहले से ज्यादा शुल्क देना होगा. विदेश मंत्रालय की ओर से जारी नए नियमों के अनुसार, अलग-अलग श्रेणी के पासपोर्ट की फीस बढ़ाई गई है. ऐसे में अगर अब आप जल्द पासपोर्ट के लिए आवेदन करने वाले हैं, तो नई फीस की जानकारी पहले से जान लेना आपके लिए फायदेमंद रहेगा.
अब कितने में बनेगा 36 पन्नों वाला पासपोर्ट?
1 जुलाई 2026 से 36 पन्नों वाला सामान्य पासपोर्ट बनवाने या री-इश्यू के लिए 2,500 रुपये देने होंगे. पहले इसके लिए 1,500 रुपये शुल्क लिया जाता था. यानी अब आवेदकों को 1,000 रुपये अधिक खर्च करने होंगे. वहीं, अगर कोई व्यक्ति तत्काल (Tatkal) सेवा के तहत आवेदन करता है तो उसे अब 5,000 रुपये शुल्क देना होगा. पहले इसके लिए 3,500 रुपये फीस तय थी.
60 पन्नों वाले पासपोर्ट के लिए कितनी लगेगी फीस?60 पन्नों वाले सामान्य पासपोर्ट या उसके री-इश्यू की फीस अब 3,500 रुपये तय की गई है. पहले इसके लिए 2,000 रुपये देने पड़ते थे. वहीं, इस श्रेणी में तत्काल सेवा का शुल्क बढ़ाकर 6,000 रुपये कर दिया गया है.
पासपोर्ट खोने या खराब होने पर भी बढ़ा शुल्कअगर किसी का 36 पन्नों वाला पासपोर्ट खो जाता है या खराब हो जाता है, तो नया पासपोर्ट बनवाने के लिए 5,000 रुपये देने होंगे. वहीं, 60 पन्नों वाले खोए या क्षतिग्रस्त पासपोर्ट के बदले नया पासपोर्ट जारी कराने पर 6,000 रुपये शुल्क देना होगा.
बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों को मिलेगी राहतहालांकि, सरकार ने 8 साल तक के बच्चों और 60 वर्ष से अधिक उम्र के वरिष्ठ नागरिकों को राहत दी है. इन दोनों श्रेणियों के लोगों को नए पासपोर्ट के आवेदन पर 10 प्रतिशत की छूट मिलेगी. लेकिन यह छूट केवल नए पासपोर्ट के आवेदन पर लागू होगी. अगर पासपोर्ट री-इश्यू कराया जा रहा है, तो इस छूट का लाभ नहीं मिलेगा.
ऐसे में अगर आप 1 जुलाई 2026 के बाद पासपोर्ट के लिए आवेदन करने वाले हैं, तो आपको नई शुल्क दरों के अनुसार ही भुगतान करना होगा. इसलिए आवेदन करने से पहले नई फीस और अपनी श्रेणी की जानकारी जरूर चेक कर लें, ताकि बाद में किसी तरह की परेशानी न हो.
यह भी पढ़ें- Noida Airport: आज से 6 नए शहरों के लिए शुरू हुई सीधी फ्लाइट, 48 विमान रोज करेंगे टेकऑफ-लैंडिंग, देखें पूरा शेड्यूल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं