Google Storage Policy: गूगल ने नए यूजर्स के लिए अपनी फ्री क्लाउड स्टोरेज पॉलिसी में बड़ा बदलाव किया है. अब नया गूगल अकाउंट बनाने पर डिफॉल्ट रूप से सिर्फ 5GB फ्री स्टोरेज मिलेगा, जबकि पहले 15GB दिया जाता था. दरअसल, काफी समय से Google अपने यूजर्स को 15GB फ्री क्लाउड स्टोरेज देता आ रहा था, जिससे वह Apple जैसी कंपनियों से अलग दिखता था, लेकिन अब ऐसा लगता है कि यह सुविधा धीरे‑धीरे बदल सकती है. हाल की रिपोर्ट्स और Reddit पर सामने आए स्क्रीनशॉट्स के मुताबिक, Google एक नई पॉलिसी पर काम कर रहा है, जिसमें नए यूजर्स को शुरू में सिर्फ 5GB फ्री स्टोरेज दिया जा रहा है.
रिपोर्ट्स के मुताबिक, जब लोग नया Gmail अकाउंट बना रहे थे, तब उन्हें एक विकल्प दिखा या तो 5GB स्टोरेज के साथ अकाउंट रखें, या फिर मोबाइल नंबर जोड़कर और वेरीफाई करके बिना किसी अतिरिक्त खर्च के पूरा 15GB स्टोरेज पाएं. अब Google अपने यूजर्स को क्लाउड स्टोरेज देने के नियम में बदलाव कर रहा है. पहले हर Google अकाउंट के साथ 15GB फ्री स्टोरेज मिलता था. अब नए अकाउंट पर शुरू में केवल 5GB स्टोरेज दिया जा रहा है.
कैसे मिलेगा 15GB फ्री स्टोरेज
- अगर आप अपना फोन नंबर जोड़ते हैं, तो आपको बिना किसी खर्च के 15GB स्टोरेज मिल सकता है.
- यह स्टोरेज Google Photos, Drive और Gmail के लिए इस्तेमाल होगा.
Google का कहना है कि वह एक व्यक्ति-एक स्टोरेज नियम लागू करना चाहता है. फोन नंबर जोड़ने से कंपनी यह सुनिश्चित करेगी कि एक ही व्यक्ति को बार-बार फ्री स्टोरेज न मिले और फर्जी अकाउंट या स्पैम कम हों. यह कदम बढ़ती स्टोरेज लागत और फर्जी अकाउंट्स पर रोक लगाने के लिए उठाया गया है. अगर, आपके पास पहले से Google अकाउंट है और उसमें 15GB स्टोरेज मिल रहा है, तो फिलहाल आपको कोई बदलाव देखने को नहीं मिलेगा, लेकिन अगर आप नया अकाउंट बना रहे हैं, तो आपको पूरा 15GB स्टोरेज पाने के लिए अपना मोबाइल नंबर लिंक करना पड़ सकता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं