Fridge Cooling Problem: गर्मियों में फ्रिज घर का सबसे जरूरी उपकरण बन जाता है, क्योंकि ठंडा पानी और ताजा खाना दोनों इसी पर निर्भर रहते हैं. लेकिन कई बार ऐसा होता है कि फ्रिज चल तो रहा होता है, फिर भी सही तरह से ठंडा नहीं करता है. ऐसे में लोग तुरंत मैकेनिक को बुलाने का सोचते हैं, जबकि कई बार समस्या बहुत छोटी होती है. एक आसान सा पेपर टेस्ट करके आप घर बैठे ही पता लगा सकते हैं कि दिक्कत कहां है. ये ट्रिक न सिर्फ समय बचाती है बल्कि पैसे भी बचा सकती है.
फ्रिज कूलिंग कम होने की बड़ी वजह
फ्रिज के सही से ठंडा न करने की सबसे आम वजह उसके दरवाजे की रबर यानी गैस्केट का ढीला होना होता है. जब ये रबर ठीक से सील नहीं करती है तो बाहर की हवा अंदर आने लगती है. इससे फ्रिज को ठंडा बनाए रखने में ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है और कूलिंग कमजोर हो जाती है. यही वजह है कि कभी-कभी फ्रिज लगातार चलता रहता है लेकिन अंदर ठंडक महसूस नहीं होती है.
ऐसे चेक करें आपका प्रीपेड मीटर पोस्टपेड हुआ या नहीं, जानिए ऐप से रिचार्ज करने की प्रोसेस
ऐसे करें कागज वाला टेस्ट
इस आसान टेस्ट के लिए आपको बस एक सादा कागज या नोट लेना है. अब फ्रिज का दरवाजा खोलें और कागज को दरवाजे की रबर के बीच इस तरह रखें कि उसका आधा हिस्सा बाहर रहे. इसके बाद दरवाजा बंद कर दें. अब कागज को बाहर की तरफ खींचकर देखें. अगर कागज आसानी से बाहर निकल आता है तो समझ लीजिए कि रबर ढीली हो चुकी है. अगर कागज फंस जाता है और आसानी से नहीं निकलता है तो रबर सही काम कर रही है.

क्यों जरूरी है सही सील
फ्रिज की सही सीलिंग बहुत जरूरी होती है क्योंकि यही ठंडी हवा को अंदर बनाए रखती है. अगर सील कमजोर हो जाए तो फ्रिज ज्यादा बिजली खपत करता है और कूलिंग भी घट जाती है. लंबे समय तक ऐसा रहने पर फ्रिज के पार्ट्स पर भी असर पड़ सकता है. इसलिए समय-समय पर इस तरह के छोटे टेस्ट करना फायदेमंद होता है.
क्या बदलवानी पड़ेगी रबर
अगर टेस्ट में पता चलता है कि रबर ढीली है तो पहले उसे साफ करके देख सकते हैं, कई बार धूल या गंदगी की वजह से भी सील कमजोर लगती है. लेकिन अगर समस्या बनी रहती है तो रबर बदलवाना ही सही विकल्प होता है. नई गैस्केट लगने के बाद फ्रिज फिर से पहले जैसी कूलिंग देने लगता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं