पहली बार हवाई यात्रा (First Time Air Travel) को लेकर जहां लोगों के मन में उत्साह होता है. वहीं, इसके साथ ही एयरपोर्ट की प्रक्रियाओं और सख्त नियमों को लेकर थोड़ी घबराहट भी हो सकती है. दरअसल, हवाई अड्डे पर दाखिल होने से लेकर विमान (Flight) में बैठने तक कई महत्वपूर्ण चरणों से गुजरना पड़ता है. जिसकी वजह से कई बार जानकारी के अभाव में यात्रियों को गंभीर समस्या का सामना करना पड़ता है.
ऐसे में आपकी पहली उड़ान का अनुभव एकदम स्मूथ और बिना किसी परेशानी के पूरा हो, इसके लिए हमने नीचे एयरपोर्ट के मुख्य नियमों के संबंध में पूरी जानकारी स्टेप बाई स्टेप आसान शब्दों में तैयार की है. जिसे पढ़कर आप अपनी यात्रा को बिना किसी दिक्कत के बिल्कुल आसान बना सकते हैं.
समय का नियम (Airport Timing)
हवाई यात्रा में समय की पाबंदी सबसे महत्वपूर्ण होती है. ट्रेन की तरह आप फ्लाइट छूटने के ठीक पहले एयरपोर्ट नहीं पहुंच सकते, क्योंकि सुरक्षा जांच में समय लगता है. ऐसे में यात्रियों को एयरपोर्ट में अलग-अलग यात्रा के हिसाब से 24 घंटे पहले ही एयरपोर्ट पर पहुंचना पड़ता है. किस फ्लाइट के लिए कितने घंटे पहले एयरपोर्ट पहुंचना पड़ता है. इसकी पूरी जानकारी नीचे दी गई है.
- घरेलू उड़ानें (Domestic Flights): अपनी फ्लाइट के तय समय से कम से कम 2 घंटे पहले एयरपोर्ट जरूर पहुंच जाएं.
- अंतरराष्ट्रीय उड़ानें (International Flights): विदेश यात्रा की स्थिति में प्रस्थान समय से कम से कम 3 से 4 घंटे पहले पहुंचना अनिवार्य है.
- बोर्डिंग गेट क्लोजिंग: फ्लाइट के उड़ान भरने से लगभग 45 मिनट पहले बोर्डिंग यानी विमान में चढ़ना शुरू हो जाती है और 25 मिनट पहले बोर्डिंग गेट पूरी तरह बंद कर दिए जाते हैं.
ये हैं एंट्री गेट से संबंधित नियम
एयरपोर्ट के मेन एंट्री गेट पर सुरक्षाकर्मी तैनात होते हैं. अंदर जाने के लिए आपके पास नीचे दिए गए दस्तावेज होने चाहिए. लिहाजा, यात्रा के लिए घर से निकलने से पहले नीचे बताए गए दस्तावेज अपने साथ जरूर ले जाएं.
- टिकट और आई कार्ड: गेट पर आपको अपनी फ्लाइट टिकट अपने मोबाइल में ई-टिकट या फिर प्रिंटआउट के साथ ही एक वैध सरकारी फोटो आईडी कार्ड दिखाना होगा. आप पहचान पत्र के तौर पर ड्राइविंग लाइसेंस, वोटर आईडी या पासपोर्ट का उपयोग कर सकते हैं. विदेश यात्रा के लिए पासपोर्ट और वीज़ा अनिवार्य है.
- डिजी यात्रा (DigiYatra): यदि आप भारत के प्रमुख एयरपोर्ट से यात्रा कर रहे हैं, तो लंबी लाइनों से बचने के लिए आप 'DigiYatra App' का उपयोग कर सकते हैं. इसके जरिए चेहरे की पहचान (Biometric) से बिना कागजात दिखाए बेहद तेज एंट्री मिल जाती है.
सामान ले जाने संबंधी नियम और सीमाएं
- चेक इन बैगेज (Check In Baggage): यह आपका बड़ा सामान या सूटकेस होता है, जो एयरपोर्ट काउंटर पर जमा हो जाता है और विमान के निचले हिस्से में जाता है. सामान्यतः घरेलू उड़ानों में इसकी सीमा 15 किलोग्राम प्रति यात्री होती है.
- हैंड और केबिन बैगेज (Cabin Baggage): यह छोटा बैग या लैपटॉप बैग होता है जिसे आप अपने साथ विमान के अंदर ले जा सकते हैं. इसकी अधिकतम सीमा 7 किलोग्राम होती है.
- प्रतिबंधित वस्तुएं (Prohibited Items): अपने केबिन बैग में माचिस, लाइटर, चाकू, कैंची या 100ml से अधिक तरल पदार्थ (Liquid) भूलकर भी न रखें.
- पावर बैंक और लैपटॉप संबंधी नियम: पावर बैंक, लैपटॉप, कैमरा और चार्जर जैसी बैटरी वाली इलेक्ट्रॉनिक चीजें सिर्फ और सिर्फ केबिन बैग में ही रखनी होती हैं. इन्हें बड़े चेक इन बैग में डालने की सख्त मनाही है.
चेकइन प्रोसेस और बोर्डिंग पास (CheckIn & Boarding Pass)
एयरपोर्ट के अंदर दाखिल होने के बाद आपको अपना बोर्डिंग पास हासिल करना होता है, जो कि विमान में बैठने का मुख्य पास है, जिसे आप नीचे बताए गए तरीकों से कर सकते हैं.
- वेब चेक इन (Webcheckin): एयरपोर्ट पर लंबी लाइनों से बचने का सबसे अच्छा तरीका है कि आप अपनी यात्रा से 48 घंटे पहले संबंधित एयरलाइन की वेबसाइट या ऐप पर जाकर मुफ़्त ऑनलाइन वेब चेक इन कर लें.
- एयरपोर्ट काउंटर: यदि आपने ऑनलाइन चेक इन नहीं किया है, तो एयरपोर्ट के अंदर अपनी एयरलाइन के काउंटर पर जाएं. वहां अपना बड़ा सामान (Checkin Baggage) तौलने के लिए जमा करें और काउंटर से अपना फिजिकल बोर्डिंग पास लें.
- सीट बुकिंग नियम: डीजीसीए (DGCA) के नियमों के अनुसार एयरलाइंस को उड़ान की कम से कम 60% सीटें मुफ़्त चयन (Free Selection) के लिए रखनी होती हैं.
सुरक्षा जांच (Security Check)
- ट्रे का उपयोग करें: सुरक्षा एरिया में जाने पर आपको वहां रखी प्लास्टिक ट्रे में अपने केबिन बैग से निकालकर लैपटॉप, मोबाइल, पावर बैंक और चार्जर रखने होंगे. इसके अलावा आपके शरीर पर मौजूद बेल्ट, जैकेट, पर्स या भारी घड़ियां भी निकालकर ट्रे में रखनी होंगी.
- स्कैनिंग: आपका बैग और ट्रे एक्स रे स्कैनर मशीन से गुजरेंगे, और इस दौरान आपको मेटल डिटेक्टर फ्रेम से गुजरना होगा जहां सुरक्षाकर्मी आपकी शारीरिक जांच करेंगे.
बोर्डिंग गेट और विमान में प्रवेश (Final Boarding)
गेट नंबर ढूंढें: अपने बोर्डिंग पास पर लिखे गेट नंबर (Gate Number) को देखें और एयरपोर्ट के डिस्प्ले स्क्रीन पर अपनी फ्लाइट की स्थिति चेक करते हुए सही गेट की तरफ बढ़ें.
विमान में एंट्री: बोर्डिंग शुरू होने की घोषणा होने पर गेट पर मौजूद एयरलाइन कर्मचारी आपके बोर्डिंग पास को स्कैन करेंगे. इसके बाद आप एयरोब्रिज (Aerobridge) या एयरपोर्ट बस के जरिए सीधे विमान तक पहुंचेंगे, जहां एयरहोस्टेस को अपना पास दिखाकर आप अपनी आवंटित सीट पर बैठ सकते हैं.
यह भी पढ़ें- Consumer rights: शादी के लिए बुक किया पूरा होटल, मैनेजर ने 4 कमरे दिए कम; जानें-क्या हैं आपके अधिकार?
यह भी पढ़ें- Fake Loan: आपके PAN Card पर कोई और तो नहीं उड़ा रहा ऐश? मिनटों में ऐसे चेक करें अपनी लोन हिस्ट्री !
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं