विज्ञापन

Consumer rights: शादी के लिए बुक किया पूरा होटल, मैनेजर ने 4 कमरे दिए कम; जानें-क्‍या हैं आपके अधिकार? 

शादी-ब्याह के शुभ अवसर पर पूरा होटल बुक करने के बाद भी ऐन वक्त पर कम कमरे मिलना सेवा में कमी (Deficiency of Service) का एक बेहद गंभीर मामला है. उपभोक्ता संरक्षण कानून के तहत आपको मानसिक प्रताड़ना, सामाजिक बदनामी और वित्तीय नुकसान के लिए होटल से भारी मुआवजा पाने का पूरा अधिकार है. जानिए ऐसे मामलों में आपके क्या अधिकार हैं और हाल ही में आए कोर्ट के एक बड़े फैसले से आप क्या सीख सकते हैं.

Consumer rights: शादी के लिए बुक किया पूरा होटल, मैनेजर ने 4 कमरे दिए कम; जानें-क्‍या हैं आपके अधिकार? 
पूरा होटल बुक करने के बाद भी 4 कमरे मिले कम? बस एक शिकायत और होटल मालिक के छूटेंगे पसीने!
NDTV

शादी का दिन किसी भी परिवार के लिए जिंदगी के सबसे महत्वपूर्ण और यादगार पलों में से एक होता है. ऐसे खास मौके पर मेहमानों के ठहरने के लिए महीनों पहले ही होटल या रिसॉर्ट के कमरों की एडवांस बुकिंग कर ली जाती है. लेकिन सोचिए, बारात दरवाजे पर खड़ी हो और होटल मैनेजमेंट यह कह दे कि उनके पास कमरे खाली नहीं हैं या बुकिंग के बावजूद 4 कमरे कम दे, तो कितनी बड़ी समस्या खड़ी हो सकती है. 

ऐसे में होटल प्रबंधन की इस तरह की हरकत न सिर्फ आपकी सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाता है, बल्कि शादी की खुशियों को भी तनाव में बदल देता है. उपभोक्ता संरक्षण कानून (Consumer Protection Act) के तहत इस तरह की लापरवाही को सेवा में गंभीर कोताही माना गया है, जिसके लिए आप होटल पर भारी जुर्माना लगवा सकते हैं. 

होटल की मनमानी के खिलाफ आपके कानूनी अधिकार 

 यदि आपके साथ भी होटल बुकिंग में ऐसी कोई धोखाधड़ी या लापरवाही होती है, तो आपने जितने भी कमरों के लिए एडवांस या पूरा भुगतान किया था और वे कमरे आपको मौके पर नहीं दिए गए, होटल प्रबंधन से उन सभी कमरों का पैसा ब्याज सहित वापस पाने का आपका कानूनी हक है. दरअसल, यह पूरी तरह होटल मैनेजमेंट की कानूनी जिम्मेदारी है कि वे अपने खर्च पर उसी श्रेणी के वैकल्पिक कमरे किसी नजदीकी होटल में तुरंत उपलब्ध कराएं. इसके लिए आपसे कोई अतिरिक्त चार्ज नहीं लिया जा सकता है. इसके अलावा, शादी जैसे संवेदनशील और बड़े लाइफ इवेंट में हुई मानसिक प्रताड़ना, मेहमानों के सामने हुई बदनामी और घोर असुविधा के लिए आप होटल से लाखों रुपये तक के हर्जाने की मांग भी कर सकते हैं.

उपभोक्ता फोरम जाने से पहले जुटाएं ये जरूरी सबूत 

ऐसे मामलों की शिकायत आप उपभोक्ता फोरम में कर सकते हैं. हालांकि, कंज्यूमर कोर्ट में अपना केस मजबूत करने और होटल को सबक सिखाने के लिए आपके पास पुख्ता दस्तावेज होना भी जरूरी हैं. ऐसे में कंज्यूमर कोर्ट जाने से पहले नीचे दिए सबूत इकठ्ठा कर लें. 

  •  बुकिंग रसीद और पेमेंट प्रूफ: पूरे होटल या जितने कमरे बुक किए गए थे, उनकी बुकिंग रसीद, एडवांस पेमेंट स्लिप या बैंक ट्रांजैक्शन की कॉपी.
     
  •  लिखित कमिटमेंट: ईमेल, व्हाट्सएप चैट या होटल द्वारा जारी किया गया आधिकारिक बुकिंग लेटर, जिसमें कमरों की कुल संख्या, तारीख और तय कीमत साफ साफ लिखी हो.
     
  •  तत्काल दर्ज शिकायत का प्रमाण: मौके पर होटल मैनेजर को दिया गया शिकायती पत्र या उसी समय होटल को भेजा गया आधिकारिक ईमेल.
     
  •  अतिरिक्त खर्चों के पक्के बिल: होटल द्वारा कम कमरे दिए जाने के कारण मेहमानों को अचानक दूसरी जगह ठहराने, टैक्सियों या अन्य आपातकालीन व्यवस्थाओं में आपका जो भी अतिरिक्त खर्च हुआ, उसके सभी पक्के बिल.

कहां और कैसे दर्ज करें शिकायत ?

पीड़ित होने पर आप बिना किसी परेशानी के सरकार की ओर से संचालित पभोक्ता मंचों पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं. औपचारिक अदालती कार्रवाई से पहले आप नेशनल कंज्यूमर हेल्पलाइन के टोलफ्री नंबर 1915 पर कॉल करके या उनकी आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं, जहां से त्वरित समाधान का प्रयास किया जाता है. इसके अलावा, अब आपको उपभोक्ता अदालत के चक्कर काटने की बिल्कुल जरूरत नहीं है. आप सरकारी पोर्टल edaakhil.nic.in के माध्यम से घर बैठे ऑनलाइन शिकायत ड्राफ्ट करके अपना केस फाइल कर सकते हैं. अगर आप सीधे उपभोक्ता अदालत का रुख करना चाहते हैं, तो अपने क्लेम की कुल राशि के आधार पर सही फोरम चुनें. अगर आपका क्लेम  50 लाख तक है तो आप जिला उपभोक्ता फोरम में जा सकते हैं. वहीं, अगर क्लेम ₹50 लाख से ₹2 करोड़ के बीच है तो राज्य उपभोक्ता फोरम में जा सकते हैं

जब ऐन वक्त पर दगा दे गया ब्रास बैंड! उपभोक्ता अदालत ने सिखाया सबक

होटल बुकिंग की ही तरह शादी की अन्य सेवाओं में लापरवाही बरतने वालों को कोर्ट किस तरह सबक सिखाता है, इसे हम हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के एक हालिया मामले से समझ सकते हैं. दरअसल, यहां चमन लाल नामक व्यक्ति ने अपने बेटे की शादी (5 फरवरी 2026) के लिए 'जय मां चामुंडा ब्रास बैंड' को ₹9,000 में बुक किया था और ₹4,200 एडवांस दिए थे. लेकिन शादी वाले दिन बारात निकलने के समय बैंड पार्टी मौके पर नहीं पहुंची और संचालक ने अपना मोबाइल स्विच ऑफ कर लिया. बारात और परिवार की प्रतिष्ठा बचाने के लिए चमन लाल को तुरंत दूसरे स्थानीय बैंड और ढोलनगाड़ों की आपातकालीन व्यवस्था करनी पड़ी, जिसमें उनके ₹10,000 अतिरिक्त खर्च हो गए. इसके बाद उन्होंने मामले की शिकायत उपभोक्ता फोरम में कर दी. 

उपभोक्ता फोरम ने ठोका भारी जुर्माना

 इस मामले को सेवा में गंभीर लापरवाही मानते हुए जिला उपभोक्ता आयोग (कांगड़ा) के अध्यक्ष हिमांशु मिश्रा की खंडपीठ ने बैंड संचालक पर भारी जुर्माना लगाया. आयोग ने आदेश दिया कि बैंड संचालक शिकायतकर्ता को ₹14,000 की राशि 9% वार्षिक ब्याज के साथ लौटाए. इसके साथ ही मानसिक पीड़ा और असुविधा के लिए ₹15,000 का मुआवजा भी दे. साथ ही फोरम ने यह भी आदेश दिया है कि कानूनी लड़ाई के खर्च के तौर पर ₹10,000 का मुकदमा खर्च भी चुकाए.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Consumer Act, Consumer Rights, Consumer Rights India, Consumer Rights Protection, Consumer Rights Violation
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com