Pan Card Fraud: आज के डिजिटल युग में पैन कार्ड (PAN Card) एक बेहद महत्वपूर्ण वित्तीय दस्तावेज बन चुका है. बैंक खाता खुलवाने से लेकर लोन लेने तक, हर जगह इसकी जरूरत होती है. लेकिन पिछले कुछ समय में पैन कार्ड के गलत इस्तेमाल और लोगों के नाम पर फर्जी लोन (Fake Loan) लेने के मामले तेजी से बढ़े हैं.
ऐसे में अपने सिबिल स्कोर (CIBIL Score) को खराब होने से बचाने और किसी भी वित्तीय धोखाधड़ी से खुद को बचाने के लिए सतर्क रहना बेहद जरूरी है. आइए जानते हैं कि आप अपने पैन कार्ड के दुरुपयोग का पता कैसे लगा सकते हैं और फ्रॉड होने पर क्या कानूनी कदम उठा सकते हैं.
पैन कार्ड की लोन हिस्ट्री ऐसे करें चेक
अपने पैन कार्ड का गलत इस्तेमाल रोकने के लिए हर नागरिक को समय-समय पर पर अपनी वित्तीय रिपोर्ट की जांच करनी चाहिए. इसके लिए नीचे दिए गए स्टेप्स का पालन कर आप आसानी से अपना सिबिल स्कोर देख सकते हैं.
समय-समय पर चेक करते रहें सिबिल स्कोर
हर 2-3 महीने में सिबिल (CIBIL), एक्सपीरियन (Experian) या इक्विफैक्स (Equifax) की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं. इसके अलावा आप Google Pay या Paytm जैसे भरोसेमंद ऐप्स के जरिए भी अपना फ्री क्रेडिट स्कोर देख सकते हैं. रिपोर्ट डाउनलोड करने के बाद उसके 'अकाउंट्स' या 'क्रेडिट फैसिलिटी' सेक्शन में जाकर चेक करें कि कहीं कोई ऐसा लोन या क्रेडिट कार्ड तो दर्ज नहीं है, जो आपने कभी लिया ही न हो.
क्रेडिट रिपोर्ट में 'Inquiry' सेक्शन पर रखें नजर
क्रेडिट रिपोर्ट में 'Inquiry' सेक्शन को ध्यान से देखें. यदि किसी बैंक या फाइनेंस कंपनी ने आपके पैन पर लोन की जांच की है और आपने ऐसा कोई आवेदन नहीं किया था, तो यह साफ संकेत है कि कोई आपके पैन का गलत इस्तेमाल करने की कोशिश कर रहा है.
इनकम टैक्स के Form 26 AS और AIS डाउनलोड करें और बारीकी से जांचें
अपने पैन कार्ड के जरिए हुए सभी वित्तीय लेन-देन की पुष्टि के लिए इनकम टैक्स विभाग के ई फाइलिंग पोर्टल पर लॉगइन करें. यहां से अपना Form 26AS और AIS डाउनलोड करें और बारीकी से जांचें कि वहां कोई अज्ञात या संदिग्ध ट्रांजैक्शन तो नहीं दिख रहा है.
टेक्स मैसेज और मेल पर रखे विशेष ध्यान
अपने रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर और ईमेल पर आने वाले लोन अप्रूवल, EMI ड्यू या डिफॉल्ट से जुड़े किसी भी अज्ञात संदेश को कभी भी नजरअंदाज न करें, क्योंकि हर वित्तीय संस्थान आपके खाते में होने वाली किसी भी लेन-दान की जानकारी टेक्स्ट मैसेज और ई-मेल के जरिए ही भेजता है. ऐसे में आपके पैन नंबर पर फर्जी तरीके से लोन की जानकारी आप यहां से हासिल कर सकते हैं.
फ्रॉड होने पर यहां कर सकते हैं शिकायत
अगर जांच के दौरान आपको अपने पैन कार्ड पर कोई फर्जी लोन या संदिग्ध गतिविधि दिखाई देती है, तो घबराने के बजाय तुरंत नीचे दिए गए कदम उठाएं.
क्रेडिट ब्यूरो में दर्ज करें शिकायत
सबसे पहले संबंधित क्रेडिट ब्यूरो (जैसे CIBIL) की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं. अपनी रिपोर्ट में दिख रहे उस फर्जी लोन खाते को सिलेक्ट करें और 'Dispute' विकल्प पर क्लिक करें. वहां इसे 'Not Mine' यानी यह मेरा नहीं है, या फ्रॉड के रूप में मार्क करके सबमिट कर दें.
लेंडर बैंक व फाइनेंस कंपनी से तुरंत संपर्क करें
जिस बैंक, एनबीएफसी या फिनटेक लोन ऐप ने वह फर्जी लोन जारी किया है, उनके कस्टमर केयर और नोडल ऑफिसर से तुरंत संपर्क करें. उन्हें ईमेल या लिखित आवेदन के जरिए सूचित करें कि यह लोन धोखाधड़ी से लिया गया है और उस फर्जी लोन खाते को तुरंत बंद करने की मांग करें. साथ ही, उनसे उस लोन को पास करने के लिए इस्तेमाल किए गए केवाईसी (KYC) दस्तावेजों की कॉपी भी मांगें.
साइबर क्राइम पोर्टल पर दर्ज कराएं शिकायत
वित्तीय धोखाधड़ी के शिकार होने पर तुरंत भारत सरकार के नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल Cybercrime.gov.in पर जाएं और ऑनलाइन शिकायत दर्ज करें. आप चाहें, तो राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर '1930' पर कॉल करके भी अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं. शिकायत दर्ज होने के बाद मिलने वाले कंप्लेंट नंबर (FIR/Complaint Number) को संभालकर रखें, जो भविष्य में आपके कानूनी बचाव का सबसे मजबूत सबूत बनेगा.
यह भी पढ़ें- क्या RBI के MANI App से पहचाने जा सकते हैं नकली नोट? जानिए इस ऐप की असली हकीकत और फीचर्स
यदि आपको इनकम टैक्स के फॉर्म 26AS या टैक्स स्टेटमेंट में अपने पैन कार्ड का कोई गलत ट्रांजैक्शन या दुरुपयोग दिखाई देता है, तो इनकम टैक्स की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर उनके कस्टमर केयर या क्वेरी व ग्रीवेंस सेक्शन के माध्यम से इसकी तुरंत रिपोर्ट करें.
यह भी पढ़ें- Best mobile Recharge Plans: ये हैं 2026 के सबसे धाकड़ मोबाइल रिचार्ज प्लान! यहां देखें पूरी लिस्ट !
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं