दिल्ली की महिलाओं के लिए राहत भरी खबर है. महिलाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए दिल्ली सरकार जल्द ही ‘सेफ दिल्ली ऐप' लॉन्च करने जा रही है, जिससे आपात स्थिति में महिलाएं केवल एक क्लिक के जरिए पुलिस तक तुरंत मदद का संदेश भेज सकेंगी. इस ऐप के जरिए लोकेशन और अलर्ट सीधे पुलिस कंट्रोल रूम तक पहुंचेगा, जिससे समय रहते कार्रवाई संभव हो सकेगी. सरकार का यह कदम न सिर्फ महिलाओं को सुरक्षित महसूस कराने की दिशा में महत्वपूर्ण है, बल्कि शहर में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने का भी प्रयास है.
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस एप्लिकेशन का ट्रायल वर्जन हाल ही में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के सामने प्रस्तुत किया गया था, जिनके पास राजधानी में महिला एवं बाल विकास विभाग का प्रभाग भी है. यह ऐप असुरक्षित रास्तों, सुनसान इलाकों और लिंग आधारित हिंसा के मामलों में महिलाओं के लिए विशेष रूप से उपयोगी साबित होगा.
सेफ दिल्ली ऐप कैसे काम करेगा
वॉयस कमांड- खतरा महसूस होने पर पीड़ित को फोन निकालने या स्क्रीन छूने की भी आवश्यकता नहीं होगी. केवल पहले से तय किए गए खास 'वॉयस कमांड' को बोलते ही यह ऐप सक्रिय हो जाएगा.
लाइव ट्रैकिंग और स्ट्रीमिंग- ऐप के एक्टिवेट होते ही पुलिस कंट्रोल रूम को घटनास्थल की लाइव GPS ट्रैकिंग, रियल-टाइम ऑडियो और वीडियो फीड मिलना शुरू हो जाएगी.
तुरंत मिलेगा नोटिफिकेशन- पुलिस के साथ-साथ यह ऐप परिवार या भरोसेमंद लोगों को भी WhatsApp और SMS के जरिए तुरंत सूचना भेज देगा.
पायलट प्रोजेक्ट- ऐप के रिस्पॉन्स और क्षमता की जांच के लिए दिल्ली के सेंट्रल पुलिस डिस्ट्रिक्ट में इसका पायलट प्रोजेक्ट पहले ही पूरा किया जा चुका है.
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सरकार का दावा है कि दिल्ली में स्ट्रीट क्राइम, महिलाओं के साथ छेड़छाड़, स्टॉकिंग, लूटपाट, चेन स्नैचिंग, सुनसान इलाकों में होने वाली वारदातों और बुजुर्गों के साथ अपराधों पर अंकुश लगाने वाला यह ऐप देश में अपनी तरह का पहला SOS अलर्ट एक सेकेंड से भी कम समय में पुलिस तक पहुंचेगा.
यह भी पढ़ें:- जुलाई में निकलेगा ATM से PF का पैसा, जानिए PF Withdrawal के नए नियम और प्रोसेस
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं