विज्ञापन

भारत मंडपम के आसपास आज रहेगा ट्रैफिक का दबाव, इन रास्तों से बचें, दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने जारी की एडवाइजरी

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने भारत मंडपम और प्रगति मैदान को लेकर ट्रैफिक एडवाइजरी जारी है. ऐसे में जिन लोगों को एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन या आईएसबीटी जाना है, वे पर्याप्त समय लेकर घर से निकलें.

भारत मंडपम के आसपास आज रहेगा ट्रैफिक का दबाव, इन रास्तों से बचें, दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने जारी की एडवाइजरी
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने जारी की एडवाइजरी
(P.C- NDTV)

अगर आज आपको दिल्ली में कहीं बाहर जाना है, खासकर एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन या आईएसबीटी की तरफ, तो घर से निकलने से पहले यह खबर जरूर पढ़ लें. दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने भारत मंडपम, प्रगति मैदान के आसपास विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू करने की जानकारी दी है. ट्रैफिक पुलिस ने अपने ऑफिशियल सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर एडवाइजरी जारी की है. आइए जानते हैं- 

इस समय रहेगी ट्रैफिक पाबंदी

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, 10 जून 2026 को दो अलग-अलग समय पर ट्रैफिक प्रतिबंध और डायवर्जन लागू रहेंगे. पहला स्लॉट दोपहर 2 बजे से शाम 4 बजे तक और दूसरा रात 8 बजे से रात 9:30 बजे तक रहेगा. इस दौरान भारी और धीमी गति से चलने वाले वाहनों को कुछ प्रमुख रास्तों पर प्रवेश की अनुमति नहीं होगी.

इन रास्तों से बचने की सलाह
  • मथुरा रोड
  • भैरों मार्ग
  • जनपथ
  • राजेश पायलट मार्ग
  • सुभ्रमण्यम भारती मार्ग

ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, इन इलाकों में ट्रैफिक का दबाव बढ़ सकता है और डायवर्जन लागू रहेंगे.

इन रास्तों का करें इस्तेमाल
  • डॉक्टर दिनेश चंद डालमिया चौक (डब्ल्यू प्वाइंट) से मथुरा रोड की ओर जाने वाला ट्रैफिक आईपी मार्ग और रिंग रोड के जरिए साउथ दिल्ली की तरफ भेजा जाएगा. वहीं, सिकंदरा रोड और बाराखंबा रोड के जरिए नई दिल्ली और कनॉट प्लेस की ओर जाने की व्यवस्था रहेगी.
  • नीला गुम्बद से मथुरा रोड की तरफ जाने वाले वाहनों को आश्रम चौक की ओर डायवर्ट किया जाएगा. डीपीएस मथुरा रोड के सामने यू-टर्न अंडरपास से वाहनों को लोधी फ्लाईओवर की तरफ भेजा जाएगा.
  • इसके अलावा, रिंग रोड और भैरों रोड से भैरों मार्ग की ओर जाने वाले वाहनों को सराय काले खां और राजघाट की तरफ मोड़ा जाएगा. मंडी हाउस इलाके में भी फेरोजशाह रोड पर आवाजाही सीमित रहेगी और ट्रैफिक को बाराखंबा रोड और सिकंदरा मार्ग की तरफ डायवर्ट किया जाएगा.
ट्रैफिक पुलिस की लोगों को सलाह 

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने कहा है कि जिन लोगों को एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन या आईएसबीटी जाना है, वे पर्याप्त समय लेकर घर से निकलें. जहां संभव हो, पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल करें.

साथ ही, प्रतिबंधित मार्गों पर गलत तरीके से खड़े वाहनों को टो किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई भी की जाएगी. टो किए गए वाहनों को भैरों मार्ग स्थित भैरो मंदिर के सामने बने ट्रैफिक पिट में रखा जाएगा.

यहां से लें ट्रैफिक अपडेट

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से सहयोग की अपील करते हुए ट्रैफिक कर्मियों का पालन करने की अपील की है.  रियल टाइम ट्रैफिक अपडेट के लिए लोग दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की वेबसाइट और आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट्स को फॉलो कर सकते हैं. इसके अलावा व्हाट्सऐप नंबर 8750871493, हेल्पलाइन नंबर 1095 और 011-25844444 पर भी संपर्क किया जा सकता है.

यह भी पढ़ें- DDA के लग्जरी फ्लैट्स को नहीं मिल रहे खरीदार, तीसरी बार बढ़ी बुकिंग की तारीख, जानिए कीमत और आवेदन का पूरा तरीका

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Delhi, Delhi News, Utility News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com