राजधानी दिल्ली में यदि आप अगले कुछ दिनों में घर से बाहर निकलने की सोच रहे हैं, तो ये खबर आपके लिए बेहद जरूरी है. प्रगति मैदान स्थित भारत मंडपम में 12 अगस्त 2026 से 15 अगस्त 2026 तक 'भारत व्यापार महोत्सव 2026' (Bharat Vyapar Mahotsav 2026) का आयोजन किया जा रहा है. इस भव्य आयोजन में 20,000 से 25,000 तक लोगों के शामिल होने की संभावना है, जिसके चलते दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एक विस्तृत एडवाइजरी जारी की है. कार्यक्रम के दौरान सुबह 9:00 बजे से शाम 7:00 बजे तक आसपास के इलाकों में ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित हो सकती है. हर दिन हजारों की संख्या में लोग दिल्ली से नोएडा आते-जाते हैं, ऐसे लोगों के लिए भी ये बड़ी खबर है.
किन रास्तों से बचना चाहिए?
यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने यात्रियों को कुछ चुनिंदा रास्तों से बचने की सलाह दी है:
मथुरा रोड (Mathura Road) और भैरों मार्ग (Bharion Marg) पर पीक आवर्स के दौरान जाने से बचें.
इन दोनों प्रमुख मार्गों पर सुबह 07:00 बजे से रात 9:00 बजे तक किसी भी वाहन को खड़े करने या पार्किंग करने की सख्त मनाही है.
नियम तोड़ने पर होगी सख्त कार्रवाई
ट्रैफिक पुलिस की चेतावनी के मुताबिक, यदि कोई वाहन प्रतिबंधित मार्गों पर पार्क पाया गया, तो उसे क्रेन की मदद से उठा (Tow) लिया जाएगा और गलत पार्किंग व नियमों की अवहेलना के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी. ऐसे टो किए गए वाहनों को भैरों मंदिर के सामने बने ट्रैफिक पिट (भैरों मार्ग) में खड़ा किया जाएगा.
इन वैकल्पिक मार्गों का करें इस्तेमाल
जाम के झंझट से बचने और सफर को सुगम बनाने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने वैकल्पिक रूट सुझाए हैं.
- वाहन चालक मथुरा रोड और भैरों मार्ग के विकल्प के रूप में रिंग रोड (Ring Road) का इस्तेमाल करें.
- यात्रा करने वाले लोग अपनी योजना पहले से बनाएं और डेस्टिनेशन तक पहुंचने के लिए पर्याप्त समय लेकर घर से निकलें.
यात्रियों और कम्यूटर्स के लिए सलाह
यदि आप आईएसबीटी (ISBT), रेलवे स्टेशनों या एयरपोर्ट जाने की योजना बना रहे हैं, तो रास्ते में संभावित जाम को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त समय लेकर चलें. दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे असुविधा से बचने के लिए अपने निजी वाहनों के बजाय सार्वजनिक परिवहन (Public Transport) का अधिक से अधिक उपयोग करें. किसी भी तरह की ताजा जानकारी के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के आधिकारिक सोशल मीडिया चैनल्स से अपडेटेड रहें.
ये भी पढ़ें:
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं