- दिल्ली सरकार ने मिलावट के खिलाफ अभियान शुरू किया है.
- मिलावट के खिलाफ शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी.
- सीएम रेखा गुप्ता ने कहा दिवाली के बाद भी चलेगी कार्रवाई.
दिवाली और छठ पूजा जैसे प्रमुख त्योहारों के सीजन में मिलावटी मिठाइयों, नकली घी और मावे की बिक्री को रोकने के लिए दिल्ली सरकार और खाद्य सुरक्षा विभाग (Food Safety Department) ने पूरी राजधानी में अभियान चलाया है. दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आम लोगों से अपील की है कि वे खाद्य पदार्थों में किसी भी प्रकार की मिलावट, खराब गुणवत्ता या एक्सपायर्ड उत्पादों की बिक्री दिखने पर तुरंत शिकायत दर्ज कराएं. उन्होंने स्पष्ट किया कि मिलावटखोरी के खिलाफ यह कार्रवाई केवल त्योहारों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि पूरे साल प्रभावी ढंग से जारी रखी जाएगी.
शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी
उपभोक्ताओं को मिलावटी और असुरक्षित खाद्य पदार्थों से बचाने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर जारी किया है. इसके लिए टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1800-11-3921 जारी किया गया है. इस नंबर पर ऑफिस टाइम के दौरान शिकायत दर्ज कराई जा सकती है. शिकायत मिलते ही खाद्य सुरक्षा विभाग की स्पेशल इंफोर्समेंट टीम सक्रिय होकर संबंधित दुकान या प्रतिष्ठान पर छापेमारी करेगी और कानूनी कार्रवाई करेगी.
भोगल, नजफगढ़ और शिव विहार में ताबड़तोड़ छापेमारी
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमों ने बुधवार को दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में ताबड़तोड़ छापेमारी की. इस दौरान भारी मात्रा में संदिग्ध घी जब्त किया गया और सैंपल जांच के लिए भेजे गए. खाद्य सुरक्षा विभाग ने दक्षिण-पूर्वी दिल्ली (भोगल मार्केट) में टीम ने बाजार से घी के सैंपल एकत्र किए और 389.9 लीटर संदिग्ध घी जब्त किया है. वहीं दक्षिण-पश्चिमी दिल्ली (नजफगढ़ मार्केट) में नजफगढ़ के व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई करते हुए 338 लीटर घी जब्त किया गया है.
उत्तर-पूर्वी दिल्ली (शिव विहार) में दिल्ली पुलिस की टीम के साथ चलाए गए संयुक्त अभियान के तहत शिव विहार इलाके में कार्रवाई कर 221 लीटर घी जब्त किया गया है.
खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों के अनुसार, जब्त किए गए कुल 948.9 लीटर घी के नमूनों को निर्धारित मानकों की जांच के लिए सरकारी प्रयोगशाला (Lab) भेज दिया गया है. लैब रिपोर्ट के आधार पर दोषी विक्रेताओं और निर्माताओं के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें | दो मिनट में करें असली और नकली पनीर की पहचान, FSSAI के बताए इन तरीकों से को कर लें नोट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं