विज्ञापन

दिल्ली की सड़कों पर दौड़ेगी 'मोबाइल हीट रिलीफ वैन', जानें इसमें क्या-क्या मिलेगा और जरूरत पड़ने पर कैसे बुलाएं

Delhi में अब लोगों तक सीधे मदद पहुंचाने के लिए 'मोबाइल हीट रिलीफ' वैन शुरू की गई हैं. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (CM Rekha Gupta) ने बुधवार को दिल्ली सचिवालय से 13 विशेष वैन को रवाना किया है. आइए जानते हैं इन वैन में क्या-क्या मिलेगा-

दिल्ली की सड़कों पर दौड़ेगी 'मोबाइल हीट रिलीफ वैन', जानें इसमें क्या-क्या मिलेगा और जरूरत पड़ने पर कैसे बुलाएं
दिल्ली की गर्मी से राहत देगी सरकार की 'मोबाइल हीट रिलीफ' वैन

Delhi News: दिल्ली में बढ़ती गर्मी और हीटवेव को देखते हुए सरकार ने लोगों को राहत देने के लिए बड़ा कदम उठाया है. अब राजधानी की सड़कों पर 'मोबाइल हीट रिलीफ वैन' दौड़ती नजर आएंगी. इन वैन के जरिए तेज धूप और लू से परेशान लोगों तक सीधे मदद पहुंचाई जाएगी. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (CM Rekha Gupta) ने बुधवार को दिल्ली सचिवालय से 13 विशेष वैन को हरी झंडी दिखाई. सरकार का कहना है कि इस पहल का मकसद गर्मी के दौरान लोगों को तुरंत राहत देना और हीटस्ट्रोक जैसी समस्याओं से बचाना है.

वैन में क्या-क्या मिलेगा?

इन मोबाइल हीट रिलीफ वैन में लोगों के लिए कई जरूरी सुविधाएं उपलब्ध होंगी. जैसे- 

  • मुफ्त में ठंडा और साफ पीने का पानी दिया जाएगा ताकि लोग डिहाइड्रेशन से बच सकें.
  • इसके अलावा ORS के पैकेट भी बांटे जाएंगे, जिससे शरीर में पानी और जरूरी मिनरल्स की कमी पूरी हो सके. 
  • वैन में फर्स्ट एड यानी प्राथमिक उपचार की सुविधा भी रहेगी.
  • तेज धूप से बचाव के लिए लोगों को कॉटन के गमछे और कैप भी दिए जाएंगे. 
  • सरकार ने बताया कि गर्मी से राहत देने वाली सभी जरूरी चीजें इन वैन में मौजूद रहेंगी.
कहां-कहां रहेंगी तैनात?

सरकार की ये वैन उन इलाकों में ज्यादा तैनात की जाएंगी जहां गर्मी का असर ज्यादा रहता है और लोगों की भीड़ अधिक होती है. इनमें मजदूर चौक, बस स्टैंड, बाजार, झुग्गी बस्तियां और सड़क किनारे काम करने वाले इलाकों को प्राथमिकता दी जाएगी. दिल्ली के सभी 13 जिलों में एक-एक वैन भेजी गई है. ये वैन रोजाना सुबह 11 बजे से शाम 6 बजे तक लोगों को राहत पहुंचाएंगी.

जरूरत पड़ने पर कैसे बुलाएं?

अगर किसी को गर्मी या लू के कारण परेशानी हो रही है, तो वह 112 हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करके मदद मांग सकता है. जरूरत पड़ने पर संबंधित इलाके में हीट रिलीफ वैन भेजी जाएगी.

सरकार ने अगले तीन महीनों तक इन वैन के संचालन के लिए हर जिले में सिविल डिफेंस वालंटियर्स भी तैनात किए हैं.

स्कूलों और अस्पतालों में भी तैयारी

इससे अलग दिल्ली सरकार ने हीटवेव से बचाव के लिए स्कूलों और अस्पतालों में भी खास इंतजाम किए हैं. स्कूलों में 'वॉटर बेल सिस्टम' शुरू किया गया है ताकि बच्चे समय-समय पर पानी पीते रहें. वहीं, दोपहर की तेज गर्मी के दौरान आउटडोर गतिविधियों को रोक दिया गया है.

इसके अलावा कई अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में ORS, आइस पैक और जरूरी दवाइयों का अतिरिक्त स्टॉक रखा गया है ताकि हीटस्ट्रोक के मरीजों को तुरंत इलाज मिल सके.

यह भी पढ़ें- इंडिगो फ्लाइट में पावर बैंक ब्लास्ट: फ्लाइट में पावर बैंक ले जाने के क्या हैं नियम? इस्तेमाल करने से पहले जान लें ये जरूरी बातें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com