Baba Baidyanath Temple Deoghar: झारखंड के देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम में देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए बड़ी और राहत भरी खबर सामने आई है. दरअसल, 12 पवित्र ज्योतिर्लिंगों में से एक मनोकामना लिंग बाबा बैद्यनाथ के दर्शन करने आने वाले भक्तों की सुविधा के लिए जल्द और आसानी से दर्शन कराने वाले शीघ्र दर्शनम कूपन की दरें आधी कर दी गई है. यानी अब इस कूपन के लिए 600 रुपये की जगह मात्र 300 रुपये कर दी गई है.
इससे पहले सावन और भादो के पवित्र महीनों में श्रद्धालुओं के अत्यधिक दबाव को देखते हुए इस कूपन की कीमत 600 रुपये तय की गई थी, लेकिन अब भीड़ कम होने की वजह से अब इसे 600 से घटाकर 300 कर दिया गया है. यह नया नियम बुधवार से प्रभावी रूप से लागू कर दिया गया है.
पैसे कम होने पर सुविधा में नहीं आएगी कमी
देवघर मंदिर तीर्थ पुरोहित कुंदन बाबा और मंदिर प्रबंधन ने पुष्टि की है कि कूपन दरों में कटौती की गई है. इसके साथ ही उन्होंने कहा कि कूपन की कीमत कम होने के बावजूद भक्तों को मिलने वाली सुविधाओं में कोई कमी नहीं की जाएगी. शीघ्रदर्शनम कूपन लेने वालों को मिलने वालों के ये सुविधा मिलती है.
- शीघ्र दर्शनम कूपन धारकों के लिए एक अलग और व्यवस्थित कतार बनाई जाती है, जो सीधे गर्भगृह तक सुगम पहुंच प्रदान करती है.
- श्रद्धालु मंदिर परिसर व आसपास बने अधिकृत कूपन काउंटरों से 300 रुपये का निर्धारित शुल्क देकर यह कूपन सीधे प्राप्त कर सकते हैं.
- कूपन व्यवस्था से ब्लैक मार्केटिंग और बिचौलियों पर लगाम लगती है, जिससे दूर दराज से आने वाले तीर्थयात्रियों को आधिकारिक दर पर ही टोकन मिलता है.
सपरिवार आने वालों को होगा बड़ा फायदा
सावन और भादो की समाप्ति के बाद भी देवघर में बिहार, बंगाल, उत्तर प्रदेश, नेपाल और देश के अन्य हिस्सों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं पहुंचते हैं. ऐसे में कूपन की कीमत 50 प्रतिशत तक कम होने से आम भक्तों को सीधा लाभ मिलेगा. खास तौर से उन लोगों को ज्यादा राहत मिलेगी, जो पूरे परिवार के साथ यहां दर्शन के लिए आते हैं. चार सदस्यों का परिवार जो पहले दर्शन के लिए 2,400 रुपये खर्च करता था, उन्होंने अब महज 1,200 में शीघ्रदर्शनम की सुविधा मिल जाएगी. इस सुविधा का लाभ लेने के बाद सामान्य लंबी कतारों में घंटों इंतजार करने की बजाय श्रद्धालु बेहद कम समय में बाबा का जलाभिषेक और पूजा अर्चना कर सकेंगे. बुजुर्गों, महिलाओं और दूरदराज से आए ऐसे यात्रियों के लिए यह व्यवस्था राहत लेकर आई है, जो समय की कमी के कारण जल्दी दर्शन करना चाहते हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं