हर किसी का सपना होता है कि वह नई-नई जगहों पर घूमे और दुनिया को करीब से देखे, लेकिन नौकरी और जिम्मेदारियों के बीच यह सपना अक्सर अधूरा लगने लगता है. कई लोग मानते हैं कि बार-बार ट्रैवल करने के लिए नौकरी छोड़ना या फुल-टाइम ट्रैवलर बनना जरूरी है, लेकिन एक वायरल इंस्टाग्राम वीडियो इस सोच को बदल रहा है. लाइफस्टाइल और ट्रैवल क्रिएटर एनी शर्मा ने बताया कि 9 से 5 की नौकरी करते हुए भी स्मार्ट प्लानिंग, छुट्टियों के सही इस्तेमाल और कुछ आसान आदतों की मदद से नियमित रूप से घूमना-फिरना संभव है. उनकी टिप्स उन लोगों के लिए प्रेरणा बन रही हैं, जो नौकरी के साथ अपने ट्रैवल के शौक को भी जिंदा रखना चाहते हैं.
आखिरी समय में ट्रिप प्लान नहीं करतीं
एनी शर्मा का कहना है कि वह अचानक कहीं घूमने जाने की बजाय अपनी हर ट्रिप की योजना करीब दो महीने पहले ही बना लेती हैं. उनके मुताबिक, पहले से प्लानिंग करने से यह समझना आसान हो जाता है कि यात्रा पर कितना खर्च आएगा, कितनी बचत करनी होगी और ऑफिस से कितनी छुट्टियां लेनी पड़ेगी. इससे पैसों और काम दोनों को बेहतर तरीके से मैनेज किया जा सकता है और ट्रिप बिना किसी तनाव के पूरी होती है.
10 दिन की छुट्टियां क्यों पसंद हैं?
एनी बताती हैं कि वह छोटी छुट्टियों की बजाय करीब 10 दिन की ट्रिप को प्राथमिकता देती हैं. इसकी सबसे बड़ी वजह यह है कि वह अपनी यात्रा के बीच दो वीकेंड जोड़ लेती हैं. इससे उन्हें घूमने के लिए ज्यादा समय मिल जाता है. उनका कहना है कि वीकेंड पर वह नई जगहों को एक्सप्लोर करती हैं, जबकि सप्ताह के दिनों में जरूरत पड़ने पर रिमोट वर्क भी कर लेती हैं. इस तरीके से वह लंबे समय तक यात्रा का आनंद ले पाती हैं और कामकाज भी प्रभावित नहीं होता.
रिमोट वर्क और एक्स्ट्रा कमाई से आसान होती है ट्रैवलिंग
एनी शर्मा के मुताबिक, रिमोट वर्क उनकी लगातार ट्रैवलिंग करने की सबसे बड़ी वजहों में से एक है. वह बताती हैं कि नौकरी के साथ-साथ उन्हें सोशल मीडिया कंटेंट, ब्रांड्स के साथ किए गए प्रमोशनल काम और कभी-कभी स्पॉन्सर्ड ट्रिप्स से भी आमदनी होती है. इन एक्स्ट्रा इनकम स्रोतों की मदद से उनके खर्चों का बोझ कम हो जाता है और वह ज्यादा आराम से ट्रैवल कर पाती हैं.
यह भी पढ़ें:- इस महिला का 9 से 5 की नौकरी से जीना हुआ दुश्वार, योग ने बनाया फिट और कॉन्फिडेंट, आज हजारों लोगों को कर रही प्रेरित
Disclaimer: यह खबर सोशल मीडिया पर यूजर द्वारा की गई पोस्ट से तैयार की गई है. एनडीटीवी इस कंटेंट की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं