अगर आप उत्तराखंड सिर्फ बद्रीनाथ धाम देखकर लौट आते हैं, तो यकीन मानिए आपकी यात्रा अभी अधूरी है. बहुत कम लोग जानते हैं कि देवभूमि में भगवान विष्णु के सप्त बद्री भी हैं. मैंने जब इस पूरे रूट को देखा तो समझ आया कि यह सिर्फ तीर्थ यात्रा नहीं, बल्कि हिमालय की वादियों, शांत गांवों और खूबसूरत घाटियों को करीब से महसूस करने का मौका भी है. अगर आप दिल्ली से इस ट्रिप की प्लानिंग कर रहे हैं, तो 6 से 7 दिन का समय निकालिए और इस दिव्य सफर पर निकल पड़िए.
दिल्ली से ऐसे शुरू करें यात्रा
दिल्ली से हरिद्वार या ऋषिकेश अपनी कार से पहुंचना सबसे आसान है. यहां से देवप्रयाग, श्रीनगर, रुद्रप्रयाग, कर्णप्रयाग और जोशीमठ होते हुए बद्रीनाथ का सफर शुरू होता है. सड़कें ज्यादातर अच्छी हैं, लेकिन बरसात के मौसम में मौसम का अपडेट जरूर लें.
ऐसे पूरा होगा सप्त बद्री सर्किट
सबसे पहले बद्रीनाथ (बद्री विशाल) के दर्शन करें. लौटते समय करीब 20 किलोमीटर पहले पांडुकेश्वर में योगध्यान बद्री जाएं. इसके बाद जोशीमठ पहुंचकर नृसिंह बद्री के दर्शन करें. यहीं से नीति घाटी की ओर तपोवन जाएं और 4-5 किलोमीटर की पैदल यात्रा के बाद भविष्य बद्री पहुंचें.
यह भी पढ़ें: दुनिया घूमने के लिए नौकरी छोड़ने की जरूरत नहीं, इस महिला ने बताया कैसे
वापस जोशीमठ आकर कर्णप्रयाग रोड पर अणीमठ में वृद्ध बद्री के दर्शन करें. फिर हेलंग से उर्गम घाटी की ओर बढ़ें, जहां ध्यान बद्री और पंच केदार में शामिल कल्पेश्वर महादेव के दर्शन एक साथ किए जा सकते हैं. आखिर में कर्णप्रयाग से आदि बद्री पहुंचकर सप्त बद्री यात्रा पूरी करें.
यात्रा के दौरान कहां रुकें?
रात रुकने के लिए जोशीमठ सबसे बेहतर बेस माना जाता है. यहां बजट होटल, धर्मशाला और होमस्टे आसानी से मिल जाते हैं. उर्गम घाटी में भी होमस्टे उपलब्ध हैं, जहां पहाड़ी भोजन घर जैसा और लोकर संस्कृति का अनुभव लिया जा सकता है.
यह भी पढ़ें: अब आसमान से देखिए बिहार की खूबसूरती! आज से शुरू हुई हेलिकॉप्टर सेवा की बुकिंग, जानें किराया समेत जरूरी डिटेल्स
यात्रा से पहले रखें ध्यान
अगर आप अपनी कार से जा रहे हैं तो सुबह जल्दी सफर शुरू करें. गर्म कपड़े, रेनकोट, जरूरी दवाइयां और नकद राशि साथ रखें. पहाड़ों में कई जगह मोबाइल नेटवर्क सीमित मिल सकता है. यही छोटी-छोटी तैयारियां आपकी सप्त बद्री यात्रा को आरामदायक और यादगार बना देंगी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं