राजधानी दिल्ली समेत देश के कई राज्यों में मानसून ने दस्तक दे दी है. ये सीजन घूमने के लिए सबसे खूबसूरत मौसमों में से एक माना जाता है. मानसून के दौरान पहाड़ हरे-भरे हो जाते हैं और चारों-तरफ हरियाली ही नजर आती हैं. लेकिन इस खूबसूरती के साथ खतरे भी जुड़े होते हैं. लगातार हो रही बारिश की वजह से देश के कई हिस्सों में लैंडस्लाइड, बाढ़, सड़कों का धंसना और गंभीर जलभराव जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे यात्रा करना काफी जोखिम भरा हो सकता है. ऐसे में अगर आप घूमने की प्लानिंग कर रहे हैं, तो आपको कुछ जगहों से बचना होगा, वरना सफर करना काफी भारी पड़ सकता है. आइए जानते हैं इन जगहों के बारे में...
1. लोनावला या खंडाला
मानसून के दौरान अगर आपने लोनावला या खंडाला घूमने की प्लानिंग की है, तो आपके लिए यात्रा को टालना ही सबसे बेहतर ऑप्शन होगा. लगातार भारी बारिश के कारण यहां से लैंडस्लाइड की घटना सामने आ रही हैं. सड़कों पर पानी भरने, मलबा गिरने और जलभराव की वजह से कई बार ट्रैफिक पूरी तरह बाधित हो चुका है. इसके साथ ही मौसम विभाग ने मुंबई, ठाणे और रायगढ़ के लिए रेड अलर्ट भी जारी किया है. ऐसे में आप इन स्थितियों को देखते हुए यहां ट्रैवल करने की प्लानिंग न करें.
2. तीर्थन वैली हिमाचल प्रदेश
बारिश के सीजन में अधिकतर लोगों को पहाड़ों पर घूमना काफी ज्यादा पसंद आता है. लेकिन ये काफी ज्यादा जोखिम भरा भी हो सकता है. बता दें कि हिमाचल प्रदेश के कई खूबसूरत पहाड़ी टूरिस्ट प्लेस इन दिनों भारी बारिश के कारण मुश्किल हालात का सामना कर रहे हैं. लगातार बारिश से भूस्खलन की घटनाएं बढ़ गई हैं. खासकर तीर्थन वैली जाने वाले लारजी-सैंज मार्ग और चंबा क्षेत्र के चंबा-तीसा रोड पर कई जगह चट्टानें और मलबा गिरने से आवाजाही प्रभावित हुई है. ऐसे में आपके लिए यहां यात्रा की प्लानिंग टाल देना ही बेहतर होगा.
3. डोडा और किश्तवाड़, जम्मू कश्मीर
जम्मू-कश्मीर के डोडा और किश्तवाड़ जैसे पहाड़ी जगहों पर लगातार बारिश हो रही है जिससे लैंडस्लाइड की काफी घटनाएं सामने आई हैं. साथ ही प्रशासन ने भी भारी बारिश और भूस्खलन की आशंका को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है. अगर आप भी यहां यात्रा करने की प्लानिंग कर रहे हैं, तो आप अपनी यात्रा को टाल दें. मौसम बेहतर होने के बाद आप यहां घूमने जा सकते हैं.
4. वायनाड, केरल
वायनाड केरल का सबसे फेमस हिल स्टेशन माना जाता है. लेकिन मानसून के दौरान यहां के हालात काफी ज्यादा खराब हो गए हैं. हाल ही में चूरलमाला के पास मीनाक्षी क्षेत्र में भूस्खलन हुआ है. हालांकि आप वायनाड के अधिकतर जगहों पर जा सकते हैं. लेकिन मीनाक्षी और चूरलमाला जैसी जगहों पर जाने से बचें.
5. गंगोत्री, उत्तराखंड
अगर आप आने वाले दिनों में गंगोत्री जाने की प्लानिंग कर रहे हैं तो आपको सावधानी बरतने की काफी ज्यादा जरूरत है. हाल ही में भारी बारिश के कारण गंगोत्री हाईवे पर कई जगह लैंडस्लाइड हुआ है, जिससे गंगोत्री तक पहुंचने में लोगों को काफी ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. ऐसे में सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आप यहां यात्रा करने के लिए इंतजार करें.
Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. एनडीटीवी इसकी पुष्टि नहीं करता है.
यह भी पढ़ें: टूरिस्ट्स से लेकर लोकल लोगों तक, बंगला साहिब को क्यों माना जाता है दिल्ली का 'मस्ट-विजिट' स्पॉट?
यह भी पढ़ें: लाखों के लहंगे, संकरी गलियां और 700 साल का इतिहास... दिल्ली का ये गांव है बेहद खास
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं