YouTube ने अपने यूजर्स के लिए एक बड़ा अपडेट जारी किया है, जिससे अब आप YouTube Shorts को पूरी तरह बंद भी कर सकते हैं. इस नए फीचर के तहत Shorts के लिए टाइमर में बदलाव किया गया है, जिससे यूजर्स यह तय कर सकते हैं कि वे कितनी देर तक Shorts देखना चाहते हैं. खास बात यह है कि अब टाइम लिमिट को 'जीरो'” पर सेट करने का ऑप्शन भी दिया गया है, जिससे Shorts पूरी तरह आपके होम स्क्रीन से हट जाएंगे. यह फीचर खासकर उन लोगों के लिए फायदेमंद है जो बार-बार बिना सोचे-समझे स्क्रॉल करते रहते हैं, जिसे 'डूमस्क्रॉलिंग' कहा जाता है.

Shorts हटाने का नया तरीका
पहले YouTube ने अक्टूबर में टाइम लिमिट का फीचर शुरू किया था, जिसमें यूजर्स कम से कम 15 मिनट की लिमिट सेट कर सकते थे. लेकिन अब इस अपडेट के बाद आप टाइम को जीरो पर सेट कर सकते हैं. जैसे ही आप अपनी तय की गई लिमिट पूरी कर लेते हैं, Shorts फीड में कोई वीडियो नहीं दिखेगा और आपको एक नोटिफिकेशन मिलेगा कि आपने अपनी लिमिट पूरी कर ली है. इसके साथ ही Shorts टैब भी होम स्क्रीन से हट जाएगा, जिससे आपका ध्यान दूसरी चीजों पर जा सके.
क्यों आया यह नया फीचर?
हाल ही में अमेरिका में एक केस के दौरान YouTube और अन्य प्लेटफॉर्म्स पर आरोप लगाया गया कि उनके डिजाइन यूजर्स, खासकर बच्चों को ज्यादा समय तक बांधे रखने के लिए बनाए गए हैं. कोर्ट में यह भी कहा गया कि 'इनफिनिट स्क्रॉल' जैसे फीचर्स यूजर्स को लगातार वीडियो देखने के लिए प्रेरित करते हैं. वहीं, Instagram और TikTok जैसे ऐप्स भी पहले से स्क्रीन टाइम लिमिट का फीचर देते हैं.
ये भी पढ़ें - Instagram पर कमेंट को एडिट करने का तरीका, समझें Step-by-Step
कैसे करें इस फीचर को ऑन?
अगर आप भी Shorts को कम करना या पूरी तरह हटाना चाहते हैं, तो YouTube ऐप की सेटिंग्स में जाकर 'Time Management' सेक्शन में जाएं. वहां आपको Shorts फीड लिमिट का ऑप्शन मिलेगा, जिसे ऑन करके आप अपनी पसंद के अनुसार टाइम सेट कर सकते हैं. अगर आप इसे जीरो पर सेट करते हैं, तो Shorts आपके होम स्क्रीन से गायब हो जाएंगे.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं