सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X अब उन अकाउंट्स के खिलाफ बड़ा कदम उठा रहा है, जो दूसरे लोगों के वायरल वीडियो, मीम्स या कंटेंट को कॉपी करके दोबारा पोस्ट करते थे और उससे पैसे कमाते थे. लंबे समय से X पर यह देखा जा रहा था कि किसी छोटे क्रिएटर का वीडियो वायरल होते ही बड़े अकाउंट्स उसे डाउनलोड करके अपने अकाउंट पर पोस्ट कर देते थे. इससे असली क्रिएटर को कम पहचान मिलती थी, जबकि रीपोस्ट करने वाले अकाउंट्स लाखों व्यूज और एंगेजमेंट पाकर कमाई करते थे. अब X इस 'कॉपीकैट इकॉनमी' पर रोक लगाने की दिशा में काम कर रहा है.

क्या था Copycat Economy का खेल?
अगर आप X का उपयोग करते हैं, तो आपने जरूर देखा होगा कि एक ही वायरल वीडियो कुछ ही मिनटों में कई बड़े अकाउंट्स पर दिखाई देने लगता है. कई बार यह कंटेंट असली क्रिएटर के बजाय रीपोस्ट अकाउंट्स के जरिए ज्यादा वायरल हो जाता था. इससे उन अकाउंट्स को लाखों इंप्रेशन और एंगेजमेंट मिलते थे, जबकि असली कंटेंट बनाने वाला पीछे रह जाता था. X का Creator Revenue-Share Program, जिसमें क्रिएटर्स को एंगेजमेंट के आधार पर पैसे मिलते हैं, कुछ लोगों के लिए इस सिस्टम का गलत फायदा उठाने का जरिया बन गया था.
X ने कैसे पकड़ी चोरी की कमाई?
X के Head of Product Nikita Bier ने बताया कि कंपनी ने ऐसे कई बड़े अकाउंट्स को पहचान लिया है, जो प्रोग्रामिंग टूल्स की मदद से छोटे अकाउंट्स का कंटेंट बार-बार अपलोड कर रहे थे. ये अकाउंट्स जानबूझकर ऐसा करते थे ताकि वे Creator Revenue-Share Program का फायदा उठा सकें और असली क्रिएटर को क्रेडिट देने से बच सकें. कंपनी ने इसे एक गलत तरीका माना है.
अब Facebook पर मिलेगा Reddit का मजा! Meta ने चुपके से लॉन्च किया अपना सबसे बड़ा फीचर 'Forum'
अब असली क्रिएटर को मिलेगा ज्यादा फायदा
X ने अब इस सिस्टम में बड़ा बदलाव किया है. कंपनी ऐसे रीपोस्ट किए गए कंटेंट को पहचानकर उनके इंप्रेशन सीधे मूल क्रिएटर को देगी. इसका मतलब है कि अब अगर कोई अकाउंट किसी दूसरे का वायरल वीडियो कॉपी करके पोस्ट करता है, तो उससे मिलने वाले ज्यादातर व्यूज, पहुंच और कमाई का फायदा असली कंटेंट निर्माता को मिलेगा. इस कदम का मकसद यही है कि जो व्यक्ति असली मेहनत से कंटेंट बनाता है, उसी को उसका सही लाभ मिले.
Commentary की अनुमति, लेकिन Attribution जरूरी
X ने साफ किया है कि प्लेटफॉर्म पर टिप्पणी, प्रतिक्रिया और राय देना अब भी पूरी तरह अनुमति है. लेकिन अगर कोई यूजर किसी वायरल वीडियो पर अपनी राय देना चाहता है, तो उसे वीडियो डाउनलोड करके दोबारा अपलोड करने के बजाय X के Share Video या Quote फीचर का इस्तेमाल करना चाहिए. इससे असली पोस्ट को क्रेडिट मिलता रहेगा और यूजर की टिप्पणी भी दिखाई देगी.
कंपनी का कहना है कि यदि कोई यूजर किसी पोस्ट पर यूजफुल कमेंट्री जोड़ता है, तो उसे भी कुछ इंप्रेशन मिलेंगे. हालांकि, प्राथमिक लाभ और सबसे ज्यादा इंप्रेशन असली क्रिएटर को ही दिए जाएंगे.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं