Meta लगातार नए ऐप्स और फीचर्स पर काम कर रहा है. इसी दिशा में कंपनी ने एक नया ऐप Forum लॉन्च किया है, जो Facebook Groups और कम्युनिटी बातचीत को ज्यादा बेहतर बनाने के लिए तैयार किया गया है. यह ऐप काफी हद तक Reddit जैसा दिखता और काम करता है, जहां लोग अलग-अलग टॉपिक पर चर्चा कर सकते हैं, सलाह ले सकते हैं और सवालों के जवाब पा सकते हैं. फिलहाल यह ऐप केवल अमेरिका में iPhone यूजर्स के लिए उपलब्ध कराया गया है.

Forum क्या है और यह कैसे काम करता है?
Meta का नया Forum एक ऐसा प्लेटफॉर्म है जहां Facebook Groups से जुड़ी चर्चाओं को एक अलग ऐप के जरिए बेहतर अनुभव के साथ दिखाया जाता है. यूजर इसमें अपने Facebook अकाउंट से लॉगिन कर सकते हैं. लॉगिन करने के बाद उन्हें Reddit जैसी फीड दिखाई देती है, जहां अलग-अलग ग्रुप्स की पोस्ट्स और चर्चाएं नजर आती हैं. लोग नए ग्रुप खोज सकते हैं, बातचीत में शामिल हो सकते हैं और सीधे कम्युनिटी में पोस्ट भी कर सकते हैं. Meta का कहना है कि Forum का उद्देश्य यूजर्स को ट्रेंडिंग कंटेंट से दूर रखकर असली बातचीत करने पर ध्यान देना है.
Nickname फीचर
इस ऐप की एक दिलचस्प बात यह है कि यूजर पोस्ट करते समय Nickname यानी उपनाम का इस्तेमाल कर सकते हैं. इससे चर्चा थोड़ी अनऑफिशियल और खुली हो सकती है. यानी Forum में शेयर किया गया कंटेंट Facebook के मुख्य प्लेटफॉर्म पर उसी ग्रुप में भी दिखाई देगा. इससे अलग ऐप होने के बावजूद इसका कनेक्शन Facebook से बना रहता है. इसका इंटरफेस ऐसा रखा गया है कि यूजर का ध्यान बातचीत पर रहे, न कि भारी-भरकम सोशल मीडिया फीचर्स पर.
Meta का पुराना Groups एक्सपेरिमेंट
यह पहली बार नहीं है जब Meta ने Facebook Groups के लिए अलग अनुभव देने की कोशिश की है. साल 2014 में Facebook ने एक अलग Groups ऐप लॉन्च किया था, लेकिन बाद में 2017 में उसे बंद कर दिया गया. अब Forum के जरिए कंपनी एक बार फिर कम्युनिटी-बेस्ड बातचीत को अलग पहचान देने की कोशिश कर रही है.
Forum में AI का बड़ा रोल
Meta ने इस ऐप में AI को भी शामिल किया है. Forum में एक खास Ask Tab दिया गया है, जो AI-पावर्ड फीचर है. यूजर इसमें कोई सवाल टाइप कर सकते हैं और AI अलग-अलग Facebook Groups में चल रही चर्चाओं से जानकारी लेकर जवाब तैयार करेगा. इसका फायदा यह होगा कि लोगों को एक ही जगह पर कई ग्रुप्स की उपयोगी जानकारी मिल सकती है.
Group Admins के लिए AI सपोर्ट
Meta सिर्फ यूजर्स के लिए ही नहीं, बल्कि ग्रुप एडमिन्स के लिए भी AI टूल्स ला रहा है. AI की मदद से ग्रुप मॉडरेशन और मैनेजमेंट आसान होगा. इससे गलत कंटेंट को संभालना, चर्चाओं को व्यवस्थित रखना और कम्युनिटी को सुरक्षित बनाए रखना आसान हो सकता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं