विज्ञापन

न्यूयॉर्क में मोहन भागवत के कार्यक्रम से पहले AHEAD का X अकाउंट कुछ घंटों के लिए सस्पेंड; बॉट हमले का आरोप

न्यूयॉर्क में RSS प्रमुख मोहन भागवत के प्रस्तावित कार्यक्रम से ठीक पहले सोशल मीडिया पर नया विवाद खड़ा हो गया है. कार्यक्रम के आयोजक AHEAD फोरम का X अकाउंट कुछ घंटों के लिए सस्पेंड रहा, जिसके बाद संगठन ने दावा किया कि विरोधियों ने बॉट अकाउंट्स के जरिए उसके हैंडल को ब्लॉक करवाने की कोशिश की.

न्यूयॉर्क में मोहन भागवत के कार्यक्रम से पहले AHEAD का X अकाउंट कुछ घंटों के लिए सस्पेंड; बॉट हमले का आरोप
मोहन भागवत के कार्यक्रम से पहले AHEAD का X अकाउंट सस्पेंड
न्यूयॉर्क:

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) प्रमुख मोहन भागवत के 29 अगस्त को न्यूयॉर्क के मैडिसन स्क्वायर गार्डन में प्रस्तावित कार्यक्रम से पहले नया विवाद सामने आया है. कार्यक्रम की मेजबानी कर रहे संगठन ‘अमेरिकन हिंदूज फॉर एंगेजमेंट एंड डायलॉग' (AHEAD) ने दावा किया कि उसका X अकाउंट कुछ घंटों के लिए सस्पेंड कर दिया गया था. संगठन का आरोप है कि विरोधियों ने बड़ी संख्या में बॉट अकाउंट्स का इस्तेमाल कर उसके हैंडल को ब्लॉक करवाने और प्लेटफॉर्म के एल्गोरिदम को प्रभावित करने की कोशिश की. हालांकि X की ओर से हस्तक्षेप के बाद अकाउंट बहाल कर दिया गया और संगठन ने इसके लिए सोशल मीडिया मंच का आभार जताया है. हाल ही में न्यूयॉर्क सिटी के मेयर जोहरान ममदानी ने मैडिसन स्क्वायर गार्डन में होने वाले RSS से जुड़े कार्यक्रम पर आपत्ति जताई थी. 

AHEAD ने अकाउंट बहाल होने की दी जानकारी

AHEAD फोरम ने अकाउंट बहाल होने के बाद X पर पोस्ट करते हुए लिखा, 'हम वापस आ गए हैं. भटके हुए विरोधियों ने बॉट्स का इस्तेमाल कर X के एल्गोरिदम से छेड़छाड़ करने और हमारे हैंडल को ब्लॉक करवाने की कोशिश की.' संगठन ने X और उसकी सपोर्ट टीम को धन्यवाद देते हुए कहा कि तत्काल कार्रवाई कर न केवल अकाउंट बहाल किया गया, बल्कि संदिग्ध बॉट गतिविधियों को भी हटा दिया गया. पोस्ट में कहा गया, 'अब हम उस काम पर लौट रहे हैं जो वास्तव में महत्वपूर्ण है, यानी यूनिवर्सल हार्मनी और यूनिवर्सल वननेस का उत्सव मनाना.'

भागवत के कार्यक्रम से पहले बढ़ी चर्चा

यह घटनाक्रम ऐसे समय हुआ है जब RSS प्रमुख मोहन भागवत 29 अगस्त को न्यूयॉर्क के मैडिसन स्क्वायर गार्डन स्थित इन्फोसिस थिएटर में आयोजित ‘यूनिवर्सल वननेस सेलिब्रेशंस' कार्यक्रम को संबोधित करने वाले हैं. AHEAD फोरम के X अकाउंट पर इसी कार्यक्रम से जुड़ी जानकारियां, वीडियो संदेश और विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों के नेताओं की प्रतिक्रियाएं साझा की जा रही थीं. कार्यक्रम को एक अंतरधार्मिक और बहुसांस्कृतिक संवाद के रूप में प्रस्तुत किया गया है, जिसमें विभिन्न समुदायों के लोगों की भागीदारी की बात कही गई है.

200 से अधिक संगठनों का समर्थन

आयोजकों के अनुसार ‘यूनिवर्सल वननेस सेलिब्रेशंस' को 200 से अधिक संगठनों का समर्थन प्राप्त है. कार्यक्रम का उद्देश्य ‘वसुधैव कुटुंबकम' और वैश्विक एकता के संदेश को बढ़ावा देना बताया गया है. AHEAD फोरम ने कार्यक्रम में विभिन्न धार्मिक, सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और सामुदायिक संगठनों की भागीदारी का दावा किया है.

कार्यक्रम का कई संगठनों ने किया विरोध

दूसरी ओर, इस कार्यक्रम को लेकर विरोध भी सामने आया है. ‘हिंदूज फॉर ह्यूमन राइट्स', ‘सेव अमेरिका फ्रॉम हिंदुत्व', ‘इंडियन अमेरिकन मुस्लिम काउंसिल' और ‘दलित सॉलिडैरिटी फोरम' सहित कई संगठनों ने कार्यक्रम की आलोचना की है. इन संगठनों ने सांसदों और सरकारी अधिकारियों से संपर्क कर कार्यक्रम को रद्द करने की मांग की है. उनका आरोप है कि कार्यक्रम से जुड़े संगठन धार्मिक अल्पसंख्यकों से जुड़े विवादों के केंद्र में रहे हैं. हालांकि AHEAD और कार्यक्रम समर्थकों का कहना है कि आयोजन का उद्देश्य विभिन्न समुदायों के बीच संवाद, सहभागिता और एकता को बढ़ावा देना है.

यह भी पढ़ें : न्यूयॉर्क मेयर जोहरान ममदानी ने RSS प्रमुख मोहन भागवत के कार्यक्रम का किया विरोध, बोले- ‘मैं समर्थन नहीं करता'

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Mohan Bhagwat New York Event, Madison Square Garden RSS Event, Ahead, X Account Blocked, Bot Attacks
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com