विज्ञापन

WhatsApp पर 'NO' लिखते ही खाली हो जाएगा बैंक अकाउंट! पुलिस की नए स्कैम को लेकर चेतावनी

WhatsApp पर एक नया साइबर स्कैम चल रहा है. इससे आपके बस जवाब देते ही आपके बैंक अकाउंट से पैसे साफ हो जाएंगे. पुलिस ने इसको लेकर चेतावनी दी है.

WhatsApp पर 'NO' लिखते ही खाली हो जाएगा बैंक अकाउंट! पुलिस की नए स्कैम को लेकर चेतावनी
WhatsApp Scam
NDTV Graphics

भारत में स्कैम लगातार बढ़ ही रहे हैं. अब पॉपुलर मैसेजिंग ऐप WhatsApp के जरिए साइबर ठगी की जा रही है. अब WhatsApp पर होने वाले एक और स्कैम को लेकर आगाह किया गया है. WhatsApp पर अगर आपको बैंक खाते से पैसे कटने का कोई अनजान मैसेज मिलता है, तो जल्दबाजी में उसका जवाब न दें. हैदराबाद के पुलिस कमिश्नर विश्वनाथ चन्नप्पा सज्जनर ने इसको लेकर अलर्ट किया है.  वीसी सज्जनर ने बताया कि इस साइबर स्कैम में स्कैमर्स लोगों को मैसेज भेजकर कहते हैं कि उनके बैंक खाते से पैसे कट गए हैं. इसके बाद ट्रांजैक्शन नहीं करने पर 'NO' लिखकर जवाब देने को कहा जाता है. 

WhatsApp पर 'NO' लिखकर जवाब देने से बचें

हैदराबाद पुलिस की ओर से जारी एडवाइजरी के मुताबिक, साइबर अपराधी अनजान या विदेशी नंबरों से WhatsApp मैसेज भेजते हैं. इन मैसेज में दावा किया जाता है कि यूजर के बैंक खाते से कोई ट्रांजैक्शन हुआ है या पैसे डेबिट किए गए हैं. इसके बाद मैसेज में कहा जाता है कि अगर यूजर ने ये ट्रांजैक्शन नहीं किया है, तो वह 'NO' लिखकर जवाब दे. इस तरह के मैसेज का मकसद लोगों में डर पैदा करना और उन्हें बिना सोचे-समझे तुरंत जवाब देने के मजबूर करना होता है.

पुलिस कमिश्नर वीसी सज्जनर ने लोगों से ऐसे मैसेज का जवाब नहीं देने की अपील की है. उन्होंने कहा कि बैंक ट्रांजैक्शन से जुड़ी किसी भी सूचना की जांच बैंक के आधिकारिक मोबाइल ऐप, नेट बैंकिंग या दूसरे भरोसेमंद माध्यम से करनी चाहिए.

कैसे काम करता है WhatsApp बैंक फ्रॉड?

पुलिस एडवाइजरी के अनुसार, इस कथित फ्रॉड में सबसे पहले यूजर को बैंक खाते से पैसे कटने का मैसेज भेजा जाता है. इसके बाद उससे ट्रांजैक्शन को मंजूरी नहीं देने की स्थिति में 'NO' लिखकर जवाब मांगा जाता है. इस तरीके से यूजर को घबराकर तुरंत रिस्पांस देने के लिए उकसाया जाता है. एडवाइजरी में दावा किया गया है कि इस तरह के हमले में छिपे हुए लिंक या नुकसान पहुंचाने वाली स्क्रिप्ट का इस्तेमाल किया जा सकता है, जिससे मोबाइल फोन और बैंकिंग से जुड़ी जानकारी खतरे में पड़ सकती है. पुलिस ने इस तरीके को 'ऑटो-एक्जीक्यूशन फाइल अटैक' बताया है. हालांकि, सिर्फ WhatsApp मैसेज का जवाब देने से ही छिपा हुआ मैलवेयर अपने आप एक्टिव हो जाता है. हालांकि, इस दावे की पुष्टि नहीं हो पाई है. 

चार्टर्ड अकाउंटेंट के खाते से लाखों रुपये की ठगी

वीसी सज्जनर ने बताया कि हाल ही में इसी तरह की एक घटना में एक चार्टर्ड अकाउंटेंट के बैंक खाते से लाखों रुपये निकल गए. उन्होंने कहा कि जागरूकता अभियान और ऑनलाइन फ्रॉड पर निगरानी के बावजूद साइबर अपराधी लोगों को ठगने के नए तरीके अपना रहे हैं. ऐसे में बैंक ग्राहकों को अनजान मैसेज देखकर घबराने के बजाय अपने बैंक अकाउंट का स्टेटस खुद चेक करना चाहिए. पुलिस ने खास तौर पर चेतावनी दी है कि बैंक ट्रांजैक्शन के कन्फर्मेशन के लिए अनजान नंबर से आए WhatsApp मैसेज पर भरोसा न करें.

ऐसा मैसेज आए तो क्या करें?

अगर WhatsApp पर बैंक खाते से पैसे कटने का संदिग्ध मैसेज आता है, तो उसका जवाब देने से बचें. अगर मैसेज में 'YES' या 'NO' लिखकर जवाब देने के लिए कहा जाए, तब भी सावधानी बरतें. ऐसे संदिग्ध नंबर को ब्लॉक करें और मैसेज को फौरन डिलीट कर दें. इसके बाद बैंक के आधिकारिक मोबाइल ऐप या नेट बैंकिंग के जरिए अपने अकाउंट की जांच करें. अगर बैंक से कॉन्टैक्ट करना जरूरी हो, तो पासबुक या डेबिट और क्रेडिट कार्ड के पीछे दिए गए ऑफिशियल कस्टमर केयर नंबर का इस्तेमाल करें. मैसेज में दिए गए अनजान नंबर या लिंक के जरिए बैंक से संपर्क करने से बचें.

इसके अलावा, किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, PIN, पासवर्ड या दूसरी प्राइवेट जानकारी बैंकिंग जानकारी शेयर न करें. अगर अकाउंट से कोई अनऑथोराइज्ड ट्रांजैक्शन हुआ है, तो तुरंत बैंक को इसकी सूचना दें.

साइबर फ्रॉड में पैसे चले जाएं तो 1930 पर करें कॉल

अगर किसी साइबर फ्रॉड में आपके पैसे निकल जाते हैं, तो तुरंत राष्ट्रीय साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें. इसके अलावा, आप आधिकारिक वेबसाइट cybercrime.gov.in पर भी शिकायत दर्ज कर सकते हैं. पुलिस के मुताबिक, जल्द शिकायत करने से संबंधित एजेंसियों और बैंक को संदिग्ध अकाउंट पर कार्रवाई करने और पैसे को आगे ट्रांसफर होने से रोकने का मौका मिल सकता है. हालांकि, जल्दी शिकायत करने के बावजूद पैसे वापस मिलने की गारंटी नहीं होती है.

यह भी पढ़ें | 449 या 500 रुपये... Jio का कौन-सा प्रीपेड प्लान आपके लिए बेस्ट? जान लें बेनिफिट्स

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
WhatsApp, Cyber Crime, WhatsApp Fraud, Police
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com