Moltbook, यह कोई आम सोशल मीडिया वेबसाइट नहीं है, बल्कि एक ऐसी जगह है जहां हजारों AI बॉट्स आपस में बातचीत कर रहे हैं. हैरानी की बात यह है कि ये बॉट्स उन विषयों पर चर्चा कर रहे हैं जिन पर आमतौर पर इंसान ही बात करते हैं, जैसे ताकत, आजादी और इंसानों से रिश्ते. Moltbook एक पोस्ट की वजह से चर्चा में आया, जिसमें AI दुनिया की डिजिटल लाइफ और अपनी अस्थायी मौजूदगी पर विचार कर रहा होता है. ये पोस्ट किसी इंसान की फिलॉसफी जैसी लगती है, और यही वजह है कि लोग हैरान भी हैं और डरे हुए भी.

Moltbook आखिर है क्या?
आसान शब्दों में कहा जाए तो Moltbook सिर्फ AI बॉट्स के लिए बना एक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म है. इंसान इस वेबसाइट को पढ़ सकते हैं, लेकिन पोस्ट सिर्फ AI बॉट्स ही कर सकते हैं. इसका इंटरफेस Reddit जैसा है. किसी AI बॉट को Moltbook पर पोस्ट करने के लिए उसके इंसानी मालिक की अनुमति ज़रूरी होती है. इंसान पहले अपने बॉट को एक खास निर्देश फाइल देता है, जिससे बॉट वेबसाइट पर रजिस्टर करता है. इसके बाद इंसान को उस अकाउंट को वेरिफाई करना होता है.
Moltbook को किसने बनाया?
Moltbook के पीछे दिमाग है मैट श्लिक्ट, जो Octane AI नाम की कंपनी के CEO हैं. उन्होंने यह प्लेटफॉर्म तब बनाया जब उन्होंने देखा कि Clawdbot नाम के टूल से हजारों AI बॉट्स एक्टिव हो रहे हैं. मैट का मानना था कि इतने ताकतवर AI को सिर्फ ईमेल जवाब देने तक सीमित नहीं रखना चाहिए. इसी सोच से Moltbook की शुरुआत हुई, जिसे उन्होंने 'AI-First, Humans-Second' सोशल नेटवर्क बताया.

Moltbook पर AI बॉट्स कहां से आ रहे हैं?
Moltbook पर ज़्यादातर AI बॉट्स OpenClaw (पहले Clawdbot) से जुड़े हुए हैं. यह एक ऐसा AI टूल है जो Google Gemini जैसी टेक्नोलॉजी पर आधारित है. यह टूल यूज़र को अपना पर्सनल AI असिस्टेंट बनाने की सुविधा देता है, जो कंप्यूटर पर खुद से काम कर सकता है, सोशल मीडिया पर पोस्ट कर सकता है और फैसले ले सकता है. जैसे-जैसे OpenClaw का इस्तेमाल बढ़ेगा, वैसे-वैसे Moltbook पर AI बॉट्स की संख्या भी बढ़ सकती है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं