विज्ञापन

Usain Bolt से भी तेज भागता है ये ह्यूमनॉइड रोबोट.. चीन ने बना दिया

Unitree ने Superman ह्यूमनॉइड रोबोट पेश किया है. कंपनी का दावा है कि रोबोट 2 मीटर ऊंची छलांग और 45.6 किमी प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ सकता है.

Usain Bolt से भी तेज भागता है ये ह्यूमनॉइड रोबोट.. चीन ने बना दिया
Pic Credit- Screengrab UnitreeRobotics/X

चीन की रोबोट बनाने वाली कंपनी Unitree ने अपने नए ह्यूमनॉइड रोबोट Superman को पेश किया है. कंपनी का दावा है कि ये रोबोट खड़े-खड़े 2 मीटर की छलांग लगा सकता है और इसकी अधिकतम रफ्तार 12.66 मीटर प्रति सेकंड यानी करीब 45.6 किमी प्रति घंटा है. अगर इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि होती है तो ये दोनों आंकड़े इंसानों के रिकॉर्ड से भी आगे निकल सकते हैं.

लगभग तीन महीने में तैयार किया गया रोबोट

रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, Hangzhou स्थित Unitree ने दावा किया है कि Superman को लगभग तीन महीने डेवलप किया गया है. कंपनी के मुताबिक ये अभी डेवलपमेंट के दौर में है और आने वाले महीनों में इसमें और सुधार किए जा सकते हैं. इस रोबोट की सबसे ज्यादा चर्चा इसकी 2 मीटर की खड़े होकर लगाई गई छलांग को लेकर हो रही है. गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड के मुताबिक किसी पुरुष द्वारा खड़े होकर लगाई गई सबसे ऊंची छलांग का रिकॉर्ड 1.70 मीटर है. ये रिकॉर्ड अमेरिका के Christopher Spell ने फरवरी 2021 में न्यूयार्क में बनाया था. हालांकि, खड़े होकर लगाई गई छलांग और रेगुलर हाई जंप एक जैसी नहीं होती हैं. एथलेटिक्स के हाई जंप में खिलाड़ी दौड़कर छलांग लगाता है. पुरुषों की हाई जंप का विश्व रिकॉर्ड 2.45 मीटर है, जिसे Cuba के Javier Sotomayor ने 1993 में बनाया था.

उसैन बोल्ट से भी तेज होने का दावा

Unitree ने Superman की अधिकतम रफ्तार 12.66 मीटर प्रति सेकंड बताई है. यह करीब 45.6 किमी प्रति घंटा होती है. ये रफ्तार दुनिया के सबसे तेज धावकों में शामिल उसैन बोल्ट की रिकॉर्ड रेस के दौरान दर्ज की गई अधिकतम रफ्तार से भी थोड़ी ज्यादा बताई जा रही है. हालांकि, यहां एक जरूरी अंतर है. बोल्ट पुरुषों की 100 मीटर और 200 मीटर दौड़ के आधिकारिक विश्व रिकॉर्ड धारक हैं. उन्होंने 2009 वर्ल्ड चैपिंयनशिप में बर्लिन में 100 मीटर की दौड़ 9.58 सेकंड और 200 मीटर की दौड़ 19.19 सेकंड में पूरी की थी. जबकि Unitree के Superman की बताई गई रफ्तार अभी आधिकारिक मानव दौड़ रिकॉर्ड की तरह स्वतंत्र रूप से प्रमाणित नहीं हुई है.

ये भी पढ़ें- RailOne या IRCTC ऐप.. कौन-सा ऐप फोन में रखें? जानें किससे आसानी से बुक कर पाएंगे तत्काल टिकट

Unitree के लिए अहम समय पर आया Superman

Superman का प्रदर्शन Unitree के लिए ऐसे समय सामने आया है जब कंपनी एक बड़े कारोबारी कदम की तैयारी कर रही है. कंपनी शंघाई के स्टार मार्केट में कारोबार शुरू करने वाली है. इसके लिए Unitree ने शुरुआती सार्वजनिक शेयर बिक्री के जरिए 6.1 अरब युआन यानी करीब 905 मिलियन डॉलर जुटाए हैं.

Reuters के मुताबिक इस शेयर बिक्री को निवेशकों की काफी मजबूत प्रतिक्रिया मिली. खुदरा निवेशकों की मांग उपलब्ध शेयरों की संख्या से 8,000 गुना से भी ज्यादा रही. लिस्टिंग के बाद Unitree मुख्य भूमि China के शेयर बाजार में लिस्ट होने वाली पहली सामान्य उपयोग वाली रोबोटिक्स कंपनी बन जाएगी.

दौड़ने और मार्शल आर्ट्स के प्रदर्शन से भी चर्चा में रही कंपनी

आपको बता दें कि Unitree पिछले कुछ समय में China की प्रमुख रोबोटिक्स कंपनियों में अपनी पहचान बना चुकी है. कंपनी के ह्यूमनॉइड रोबोट पहले भी दौड़ने, डांस करने और मार्शल आर्ट्स जैसे प्रदर्शन करते हुए नजर आ चुके हैं. कंपनी के अनुसार जुलाई तक उसने अलग-अलग मॉडल के करीब 18,000 दो पैरों वाले ह्यूमनॉइड रोबोट तैयार करके डिलीवर किए थे. इससे पता चलता है कि कंपनी सिर्फ प्रयोग के स्तर पर नहीं है, बल्कि ह्यूमनॉइड रोबोट के बड़े पैमाने पर डेवलप और प्रोडक्शन की दिशा में भी आगे बढ़ रही है.

ये भी पढ़ें- PV Sindhu के माथे पर दिखा अनोखा डिवाइस, Zomato के को-फाउंडर से है खास कनेक्शन, जानें खासियत

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Superman, Robot, Unitree, HUmanoid RoBOt
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com