अमेरिका के ओहायो (Ohio) राज्य से बड़ा ही अजीबो-गरीब मामला सामने आया है. यहां डबलिन पुलिस विभाग द्वारा तैनात किए गए एक हाई-टेक रोबोट सुरक्षा अधिकारी को महज एक साल के भीतर ही नौकरी से रिटायर कर दिया गया है. चौंकाने वाली बात यह है कि इस पूरे प्रयोग पर करीब ₹63 लाख खर्च हुए लेकिन नतीजा बिल्कुल जीरो रहा.
क्या था इस रोबोट पुलिसवाले का मिशन?
इस रोबोट को डबलिन पुलिस विभाग ने जुलाई 2025 में ड्यूटी पर तैनात किया था और इसका नाम 'DubBot' रखा गया था. तकनीकी रूप से इसे 'K5 ऑटोनॉमस सिक्योरिटी रोबोट' कहा जाता है, जिसे कैलिफोर्निया की कंपनी नाइटस्कोप (Knightscope) ने बनाया था. 5 फीट से ज्यादा ऊंचे और करीब 180 किलो वजनी इस रोबोट को पहियों की मदद से चलने के लिए डिजाइन किया गया था. इसमें 360-डिग्री कैमरे और सेंसर्स लगे थे ताकि यह आस-पास की संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख सके. जनता की मदद के लिए इसमें एक इमरजेंसी कॉल बटन भी दिया गया था.
Rolls Royce और Jaguar प्रेमियों की लगी लॉटरी! भारत-ब्रिटेन डील से अचानक सस्ती हुईं विदेशी गाड़ियां
ड्यूटी के दौरान साबित हुआ सुपरफ्लॉप
इस रोबोट कॉप को एक स्थानीय पार्किंग गैरेज में गश्त करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की रिपोर्ट पुलिस को देने का काम सौंपा गया था. शहर प्रशासन ने इसके लिए लगभग 67,548 डॉलर यानी करीब ₹63 लाख की भारी-भरकम रकम खर्च की थी. लेकिन महीनों तक ड्यूटी पर रहने के बाद भी इस रोबोट ने पुलिस विभाग को कोई खास परिणाम नहीं दिया. यह रोबोट अपने पूरे कार्यकाल के दौरान न तो किसी अपराधी को पकड़वा पाया, न ही किसी आपराधिक जांच में मदद कर सका और न ही इसने कोई ट्रैफिक चालान काटा. सबसे बड़ी बात यह है कि यह एक भी ऐसी घटना का पता नहीं लगा पाया जहां पुलिस बल को तुरंत मौके पर जाना पड़े.
चुपके से खत्म किया गया यह खर्चीला प्रयोग
जब प्रशासन को लगा कि यह रोबोट शहर की परिचालन आवश्यकताओं को पूरा नहीं कर पा रहा है, तो पिछले महीने अधिकारियों ने चुपके से इस प्रयोग को समाप्त कर दिया. इस तरह DubBot के पुलिस करियर का हमेशा के लिए अंत हो गया.
नाइटस्कोप कंपनी के रोबोट्स के फ्लॉप होने की यह पहली कहानी नहीं है. इससे पहले साल 2023 में न्यूयॉर्क के सबवे सिस्टम में भी तत्कालीन मेयर एरिक एडम्स के नेतृत्व में K5 रोबोट्स तैनात किए गए थे, लेकिन बाद में उनकी उपयोगिता पर सवाल उठने के बाद उन्हें हटा लिया गया.
आलोचकों का कहना था कि इन रोबोट्स की देखरेख के लिए भी इंसानों की जरूरत पड़ती थी जिससे इनका फायदा खत्म हो जाता था. इसके अलावा सैन एंटोनियो इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर तैनात एक अन्य रोबोट को भी नेविगेशन और लाइव वीडियो फीड जैसी तकनीकी दिक्कतों के बाद हटा दिया गया था.

चीन के हांग्जो (Hangzhou) शहर में इंसानी अफसरों के साथ ह्यूमनॉइड ट्रैफिक रोबोट्स को तैनात किया गया है जो पैदल चलने वालों को रास्ता दिखाते हैं और पर्यटकों के सवालों के जवाब देते हैं. इसके अलावा चीन में सफाई सेवाओं और कारखानों के जोखिम भरे कामों में भी इंसानों के साथ इन रोबोट्स की जोड़ी बनाकर काम लिया जा रहा है ताकि भविष्य के लिए एआई डेटा इकट्ठा किया जा सके.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं