चाइना की स्मार्टफोन कंपनी Oppo ने एक बड़ा दावा किया है कि उन्होंने बिना क्रीज वाला फोल्डेबल फोन बना डाला है. इस नए फोन का नाम Oppo Find N6 है. यह एंड्रॉयड पर चलने वाला एक प्रीमियम फोल्डेबल स्मार्टफोन है. कंपनी के मुताबिक इसमें इस्तेमाल की गई नई हिंज टेक्नोलॉजी स्क्रीन को इस तरह मोड़ती है कि फोन खोलने पर वह लगभग पूरी तरह फ्लैट दिखाई देता है और ये इस तरह का दुनिया का पहला फोन है.
दरअसल, फोल्डेबल स्मार्टफोन जब बंद किए जाते हैं तो उनकी स्क्रीन बीच से मुड़ती है. इसी वजह से स्क्रीन पर हल्की सी लाइन या गड्ढा दिखाई देता है जिसे क्रीज कहा जाता है. यह कई यूजर्स के लिए असुविधाजनक होता है इसीलिए अभी तक फोल्डेबल फोन में स्क्रीन के बीच में दिखने वाली क्रीज लंबे समय से एक बड़ी समस्या मानी जाती रही है. Oppo का कहना है कि उसकी नई टेक्नोलॉजी इस समस्या को काफी हद तक हल कर दिया है.

Oppo ने इस समस्या को हल करने के लिए एक नई हिंज तकनीक विकसित की है. कंपनी ने हर हिंज का 3D स्कैन करके उन जगहों पर खास पॉलिमर की बूंदें डालीं जहां सतह असमान थी. इसके बाद UV लाइट की मदद से उसे मजबूत कर दिया गया. इस प्रक्रिया के कारण स्क्रीन के नीचे की ऊंचाई में लगभग 75 प्रतिशत तक कमी आई.
इसका नतीजा यह हुआ कि फोन खोलने पर स्क्रीन लगभग पूरी तरह सपाट दिखाई देती है और यूज करते समय क्रीज महसूस नहीं होती.
फोल्डेबल स्मार्टफोन की शुरुआत 2019 में Samsung Electronics और Huawei Technologies जैसी कंपनियों ने की थी. बाद में कई अन्य ब्रांड भी इस कैटेगरी में उतर आए. अब Apple भी आने वाले समय में अपना पहला फोल्डेबल iPhone लॉन्च कर सकता है. अगर ऐसा होता है तो स्मार्टफोन बाजार में कॉम्पिटिशन और तेज हो जाएगा.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं