विज्ञापन

WhatsApp Web चलाने वाले सवाधान! सिर्फ टैब बंद करना काफी नहीं, सरकार की चेतावनी

WhatsApp Web Scam Advisory India: WhatsApp Web यूज करने वाले सावधान! गृह मंत्रालय के साइबर विंग I4C ने एक बड़ी चेतावनी जारी की है. जानिए कैसे केवल ब्राउजर बंद करना आपके अकाउंट को हैकर्स के हवाले कर सकता है.

WhatsApp Web चलाने वाले सवाधान! सिर्फ टैब बंद करना काफी नहीं, सरकार की चेतावनी
WhatsApp Web यूजर्स के लिए चेतावनी
NDTV Graphics

अगर आप भी अपने ऑफिस के कंप्यूटर, लैपटॉप या किसी दूसरे के सिस्टम पर काम आसान करने के लिए WhatsApp Web का इस्तेमाल करते हैं, तो ये खबर आपके लिए बेहद जरूरी है. गृह मंत्रालय के अंतर्गत आने वाले इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर (I4C) ने WhatsApp यूजर्स के लिए एक बहुत ही चेतावनी जारी की है. सरकार का कहना है कि हैकर्स आपके एक्टिव WhatsApp Web सेशन का गलत फायदा उठाकर आपके पूरे अकाउंट का कंट्रोल अपने हाथों में ले सकते हैं. 

सरकारी साइबर एजेंसी के अनुसार, कोई भी शातिर अपराधी आपके एक्टिव WhatsApp Web सेशन का फायदा उठाकर आपकी पर्सनल चैट्स को पढ़ सकता है, आपकी पहचान का गलत इस्तेमाल करके आपके दोस्तों को मैसेज भेज सकता है और आपके कॉन्टैक्ट्स व ग्रुप चैट्स का गलत फायदा उठा सकता है. सबसे बड़ा डर ये है कि हैकर्स आपके भरोसेमंद नाम का इस्तेमाल करके दूसरों के साथ फ्रॉड, ऑनलाइन ठगी और फिशिंग जैसे गंभीर साइबर अपराधों को अंजाम दे सकते हैं. इसीलिए एजेंसी ने लोगों से अपील की है कि वे ऑफिस के कंप्यूटर, शेयर्ड सिस्टम, साइबर कैफे या किसी दूसरे के फोन और लैपटॉप पर अपना WhatsApp Web लॉगिन करते समय बहुत ज्यादा सावधानी बरतें.

WhatsApp Web: केवल ब्राउजर विंडो बंद करना नहीं है काफी

हम में से ज्यादातर लोग ये सोचते हैं कि कंप्यूटर पर काम खत्म होने के बाद गूगल क्रोम या अन्य ब्राउज़र की विंडो या टैब को सीधे बंद कर देने से WhatsApp भी बंद हो जाता है. लेकिन सरकार ने अपनी एडवाइजरी में साफ किया है कि केवल विंडो बंद कर देना आपके अकाउंट को लॉग-आउट करने के लिए काफी नहीं है. अगर आप सीधे ब्राउजर बंद कर देते हैं, तब भी आपका लॉगिन सेशन बैकएंड में एक्टिव रहता है, जिसका फायदा उठाकर कोई भी दूसरा व्यक्ति उसी कंप्यूटर पर दोबारा ब्राउजर खोलकर आपके WhatsApp को आसानी से एक्सेस कर सकता है.

इस वजह से सरकार ने सलाह दी है कि जब भी आप WhatsApp Web का इस्तेमाल करें, तो काम खत्म होने के बाद केवल कट का निशान दबाकर ब्राउजर बंद न करें, बल्कि मेन्यू में जाकर मैनुअली Log out जरूर करें. इसके अलावा, अगर आपको किसी दूसरे के भरोसेमंद कंप्यूटर पर WhatsApp चलाना ही पड़े, तो सामान्य ब्राउजर के बजाय हमेशा Incognito या Private Browsing मोड का ही इस्तेमाल करें और काम खत्म होते ही इसे मैनुअली लॉग-आउट करके ही विंडो बंद करें.

WhatsApp Web: संवेदनशील काम के लिए न करें इस्तेमाल

साइबर सुरक्षा को मजबूत रखने के लिए सरकार ने निर्देश दिया है कि कंप्यूटर पर WhatsApp Web चलाते समय कभी भी सरकारी काम, फाइनेंसियल डील्स, पासवर्ड, सीक्रेट डॉक्यूमेंट्स या किसी भी तरह की संवेदनशील और पर्सनल जानकारियों को शेयर न करें. इसके साथ ही, किसी भी साइबर कैफे, पब्लिक कंप्यूटर, होटल के बिजनेस सेंटर या किसी अनजान व्यक्ति से उधार लिए गए लैपटॉप पर WhatsApp Web लॉगिन करने से पूरी तरह बचना चाहिए.

अधिकारियों ने कंपनियों और सरकारी विभागों को भी सख्त हिदायत दी है कि वे अपने ऑफिस के संवेदनशील कामकाजी माहौल में WhatsApp Web के इस्तेमाल को पूरी तरह बैन रखें.

खुद को सुरक्षित रखने के लिए अपनाएं ये आसान तरीके

WhatsApp Web का इस्तेमाल करते समय हमेशा अपने अकाउंट की एक्टिविटी पर नजर रखें. अगर आपके अकाउंट से कोई ऐसा मैसेज सेंड हुआ है जो आपने नहीं भेजा, या दोस्तों के ऐसे रिप्लाई आ रहे हैं जिनका आपके पास कोई जवाब नहीं है, तो समझ लीजिए कि आपका अकाउंट हैक हो चुका है. ऐसे में तुरंत अपने मोबाइल के WhatsApp में जाकर 'Linked Devices' पर क्लिक करें और वहां दिख रहे सभी एक्टिव सेशंस को तुरंत लॉग-आउट कर दें.

इसके अलावा, अपने कंप्यूटर के ऑपरेटिंग सिस्टम, इंटरनेट ब्राउज़र और एंटी-वायरस सुरक्षा सॉफ्टवेयर को हमेशा अपडेट रखें. इंटरनेट से किसी भी अनजान फाइल, संदिग्ध लिंक या बिना पहचान वाले सॉफ्टवेयर को डाउनलोड करने से पूरी तरह बचें, क्योंकि इनमें छिपे वायरस आपके कंप्यूटर से WhatsApp Web का पूरा लॉगिन डेटा चोरी कर हैकर्स तक पहुंचा सकते हैं.

यह भी पढ़ें | ट्रंप की "महा-एंट्री" और वापस मिली कुर्सी, Nvidia में Jensen की वापसी से अमेरिकी राष्ट्रपति को क्या फायदा?

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
WhatsApp, Whatsapp Web, WhatsApp Scam, Whatsapp Hack
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com