Instagram ने हाल ही में 'म्यूज इमेज' (Muse Image) नाम का एक नया एआई इमेज जनरेशन टूल पेश किया था. लेकिन लॉन्च होते ही यह फीचर प्राइवेसी से जुड़ी बड़ी चिंताओं के कारण गलत वजहों से वायरल हो गया. इस टूल की मदद से कोई भी यूजर किसी दूसरे पब्लिक इंस्टाग्राम अकाउंट को प्रॉम्प्ट में टैग करके उसकी एआई इमेज बना सकता था.
हाल ही में एक ब्लॉग पोस्ट में मेटा ने स्वीकार किया कि इस फीचर को लॉन्च करने में उनसे बड़ी गलती हुई है. मेटा ने कहा, "हमने फीडबैक सुना है कि यह फीचर निशाने से चूक गया, इसलिए अब यह उपलब्ध नहीं है." हालांकि, म्यूज इमेज का सामान्य इमेज जनरेशन टूल अभी भी काम करता रहेगा.
इस फीचर के बारे में टॉम क्रूज़, ज़ेंडया और मेरिल स्ट्रीप जैसे दिग्गज कलाकारों की टैलेंट एजेंसी CAA ने मेटा के खिलाफ सख्त बयान जारी किया था. एजेंसी ने मांग की थी कि अगर कोई अपनी मर्जी से अपनी इमेज का इस्तेमाल एआई के लिए करने देना चाहता है, तभी उसे यह सुविधा मिलनी चाहिए, न कि सबके लिए इसे जबरन चालू किया जाए.
Truecaller की मनमानी पर TRAI का एक्शन! अब बैंक और सरकारी कॉल्स को नहीं कर पाएंगे स्पैम टैग
क्यों भड़के थे इंस्टाग्राम यूजर्स?
इस विवाद की सबसे बड़ी वजह यह थी कि यह एआई फीचर डिफॉल्ट रूप से सभी पब्लिक इंस्टाग्राम अकाउंट्स के लिए 'ऑप्ट-इन' (चालू) था. इसका मतलब यह था कि अगर आप नहीं चाहते कि कोई आपकी तस्वीरों का इस्तेमाल करके एआई इमेज बनाए, तो आपको खुद सेटिंग्स में जाकर इसे मैन्युअली बंद करना पड़ता था. सबसे चौंकाने वाली बात यह थी कि जब कोई किसी के अकाउंट का इस्तेमाल करके एआई फोटो बनाता था, तो मेटा उस यूजर को कोई नोटिफिकेशन भी नहीं भेजता था.
अब ऐप में क्या बदलाव हुए हैं?
भारी विरोध के बाद मेटा ने अब इस सिस्टम को पूरी तरह बदल दिया है. अब अगर आप Meta AI में जाकर किसी का इंस्टाग्राम अकाउंट टैग करके उसकी फोटो बनाने की कोशिश करेंगे, तो एआई चैटबॉट ऐसा करने से साफ मना कर देगा. इसके साथ ही, मेटा ने पब्लिक इंस्टाग्राम अकाउंट्स की सेटिंग्स से उस टॉगल बटन को भी हटा दिया है जिसमें लिखा था- 'लोगों को इंस्टाग्राम और मेटा के एआई फीचर्स पर आपकी सामग्री का दोबारा उपयोग करने की अनुमति दें'.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं