विज्ञापन

Instagram अकाउंट खतरे में? कोई भी बना सकता है आपकी तस्वीरों से AI फोटो, तुरंत बदलें यह सेटिंग

Meta के नए AI टूल Muse Image ने Instagram यूजर्स की चिंता बढ़ा दी है. अब कोई भी आपके पब्लिक अकाउंट को टैग करके आपकी तस्वीरों से AI इमेज बना सकता है, वो भी बिना आपको नोटिफिकेशन मिले.

Instagram अकाउंट खतरे में? कोई भी बना सकता है आपकी तस्वीरों से AI फोटो, तुरंत बदलें यह सेटिंग
Photo Credit: Unsplash

Meta ने हाल ही में अपना नया AI इमेज-जेनरेशन टूल Muse Image लॉन्च किया है. इस टूल की मदद से कोई भी यूजर सिर्फ आपका यूजरनेम टैग करके आपकी पब्लिक तस्वीरों से नई AI तस्वीरें जनरेट कर सकता है. सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि जब कोई आपकी तस्वीरों का इस्तेमाल करके AI इमेज बनाएगा, तो आपको इसका कोई नोटिफिकेशन भी नहीं मिलेगा. इस फीचर के सामने आने के बाद दुनिया भर के यूजर्स अपनी प्राइवेसी को लेकर बेहद चिंतित हैं.

दरअसल, मेटा ने इस फीचर को प्राइवेसी के लिहाज से डिफॉल्ट रूप से चालू रखा है. इसका मतलब है कि अगर आपने इसे खुद बंद नहीं किया, तो मेटा यह मान लेता है कि आपकी तस्वीरों का इस्तेमाल कोई भी कर सकता है. मेटा का कहना है कि इस फीचर का उद्देश्य इवेंट इनविटेशन या क्रिएटिव ग्राफिक्स के लिए 'सोशल कॉन्टेक्स्ट' देना है. लेकिन यूजर्स इसे एक 'चालाकी भरा कॉर्पोरेट कदम' बता रहे हैं, क्योंकि ज्यादातर आम यूजर्स को यह पता ही नहीं होता कि उनके डेटा का इस्तेमाल एआई को ट्रेन करने या दूसरों के द्वारा तस्वीरें बनाने के लिए किया जा रहा है.

सुरक्षा को लेकर बड़ी चिंता

सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने यह चिंता जताई है कि इस फीचर का गलत इस्तेमाल हो सकता है. बिना इजाजत किसी की भी फोटो का इस्तेमाल करके AI इमेज बनाना, खासकर लड़कियों के लिए बेहद खतरनाक साबित हो सकता है. इससे पहले भी अन्य एआई टूल्स के जरिए लोगों की तस्वीरों के साथ छेड़छाड़ करने के मामले सामने आ चुके हैं. ऐसे में इंस्टाग्राम का यह कदम प्राइवेसी के मामले में एक बड़ा खतरा माना जा रहा है.

2 मिनट में ऐसे रोकें Meta AI का यह खेल

अगर आपका अकाउंट पब्लिक है और आप नहीं चाहते कि कोई भी आपकी तस्वीरों से AI इमेज बनाए, तो आप नीचे दिए गए स्टेप्स को फॉलो करके इसे तुरंत बंद कर सकते हैं.

1. सबसे पहले अपने फोन में Instagram ऐप खोलें और अपनी प्रोफाइल पर जाएं.

2. ऊपर दाईं तरफ दिख रहे Menu पर टैप करें.

3. नीचे स्क्रॉल करें और "Sharing and reuse" के विकल्प पर क्लिक करें.

4. यहां आपको "Allow people to reuse your content on Instagram and with AI features on Meta" का विकल्प दिखेगा.

5. इसके अंदर मौजूद Posts और Reels दोनों के टॉगल (बटन) को Off कर दें.

इसके साथ ही नीचे दिए गए ऑडियो रीयूज़ के बटन को भी बंद कर दें ताकि Meta AI आपकी आवाज का इस्तेमाल भी न कर सके.

अकाउंट को प्राइवेट करना भी एक विकल्प

इस खतरे से बचने का एक और आसान तरीका यह है कि आप अपने इंस्टाग्राम अकाउंट को Private कर लें. मेटा के नियमों के मुताबिक, यह एआई फीचर केवल पब्लिक अकाउंट्स पर ही काम करता है. 18 साल से कम उम्र के यूजर्स के अकाउंट्स और सभी प्राइवेट अकाउंट्स को इस फीचर से पूरी तरह बाहर रखा गया है.

पुरानी तस्वीरों पर क्या होगा असर

मेटा ने साफ किया है कि इस सेटिंग को बदलने से पहले अगर किसी ने आपकी फोटो से कोई AI इमेज बना ली है, तो उसे हटाया नहीं जा सकेगा. इसलिए समझदारी इसी में है कि आप तुरंत अपनी सेटिंग्स की जांच करें और इसे बंद करें.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Instagram
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com