Google ने भारत के लिए अपनी Ads Safety Report 2025 जारी की है, जिसमें चौंकाने वाले आंकड़े सामने आए हैं. कंपनी के अनुसार, उसके AI सिस्टम Gemini की मदद से साल 2025 में भारत में 48.37 करोड़ (483.7 मिलियन) खतरनाक एडवर्टाइजमेंट को ब्लॉक किया गया. इसके साथ ही 17 लाख (1.7 मिलियन) एडवर्टाइजमेंट वाले अकाउंट्स को सस्पेंड भी किया गया. यह रिपोर्ट दिखाती है कि डिजिटल प्लेटफॉर्म पर गलत और झूठे विज्ञापनों का खतरा कितना बड़ा है और इसे रोकने में AI कितनी अहम भूमिका निभा रहा है.

कैसे ब्लॉक किए गए इतने सारे खतरनाक Ads?
Google के मुताबिक, जिन विज्ञापनों को हटाया गया, उनमें कई तरह की समस्याएं थीं. इनमें झूठे दावे करना, किसी और की पहचान का गलत इस्तेमाल और कॉपीराइट का उल्लंघन शामिल था.
आज के समय में जैसे-जैसे AI टेक्नोलॉजी आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे गलत तरीके अपनाने वाले लोग भी नए-नए तरीके खोज रहे हैं. ऐसे में Google को अपने सिस्टम को लगातार अपडेट करना पड़ता है, ताकि इन खतरनाक Ads को समय रहते रोका जा सके.
लाखों अकाउंट्स पर कड़ी कार्रवाई
सिर्फ विज्ञापन हटाने तक ही बात सीमित नहीं रही. Google ने ऐसे 17 लाख अकाउंट्स को भी सस्पेंड किया, जो बार-बार नियमों का उल्लंघन कर रहे थे. कंपनी का कहना है कि इस तरह के सख्त कदम उठाने से गलत इरादे वाले लोग दोबारा प्लेटफॉर्म पर नहीं आ पाते.
ये भी पढ़ें - 77 साल की महिला से ठगे 13 करोड़! WhatsApp पर नकली पुलिस और जज बनकर किया 'डिजिटल अरेस्ट'
AI की मदद से पहले ही पकड़े फेक Ads
Google ने बताया कि Gemini AI सिस्टम अब पहले से ज्यादा स्मार्ट हो गया है. यह सिर्फ कंटेंट ही नहीं, बल्कि यूजर के व्यवहार और इरादे को भी समझ सकता है. इसी वजह से कई खतरनाक विज्ञापन यूजर्स तक पहुंचने से पहले ही ब्लॉक हो जाते हैं. कंपनी के अनुसार, दुनियाभर में 2025 में 8.3 बिलियन से ज्यादा Ads हटाए या ब्लॉक किए गए, जिनमें से 99 प्रतिशत Ads यूजर्स को दिखने से पहले ही रोक दिए गए.
भारत में सबसे ज्यादा किस तरह के नियम टूटे?
रिपोर्ट के अनुसार, भारत में 2025 के दौरान कुछ खास तरह के उल्लंघन सबसे ज्यादा देखे गए. इनमें ट्रेडमार्क का गलत इस्तेमाल, फाइनेंशियल सर्विस से जुड़े फेक Ads, कॉपीराइट उल्लंघन, पर्सनलाइजेशन से जुड़ी गड़बड़ियां और एड नेटवर्क का दुरुपयोग शामिल हैं. खासतौर पर फाइनेंशियल फ्रॉड और किसी और की पहचान बनाकर लोगों को धोखा देना अभी भी बड़ी समस्या बना हुआ है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं