भारत में बजट वायरलेस हेडफोन्स का बाजार काफी बड़ा है. हालांकि, कई बार सही हेडफोन्स का चुनाव करना काफी टफ हो जाता है. ज्यादातर कंपनियां कई तरह के दावे करती है लेकिन असल लाइफ में ग्राहकों को निराश होना पड़ता है. ऐसे में हमने Blaupunkt BH61 ZenX Moksha Hybrid ANC हेडफोन्स को रिव्यू करने का सोचा. कंपनी का दावा है कि इस हेडफोन्स में आपको एक साथ डीप बेस, लंबी बैटरी लाइफ और नॉइज कैंसिलेशन जैसे फीचर्स मिलते हैं. Blaupunkt के ये हेडफोन अपने फोल्डेबल डिजाइन, कॉल के लिए AI-असिस्टेड ENC और सबसे नए ब्लूटूथ 6.0 कनेक्टिविटी के दम पर खुद को अलग साबित करने की कोशिश करते हैं. लेकिन क्या ये आपके लिए सही है, आइए जानते हैं.
इस हेडफोन्स को आप कंपनी की ऑफिशियल साइट के अलावा फ्लिपकार्ट या अमेजन से खरीद सकते हैं. इसकी कीमत 3999 रुपये रखी गई है. कंपनी इसे सफर करने, ऑफिस के काम, एंटरटेनमेंट और रोजमर्रा के इस्तेमाल के लिए सबसे मुफीद हेडफोन के तौर पर पेश कर रही है.
डिजाइन और कंफर्ट
BH61 ZenX एक जाने-माने ओवर-इयर हेडफोन डिजाइन को फॉलो करता है. इसमें कुशन वाले ईयरकप्स और एक फोल्डेबल ढांचा दिया गया है, ताकि यात्रा के दौरान इसे साथ ले जाना बेहद आसान हो सके. इसमें कुशन काफी सॉफ्ट है जिसकी वजह से आप कान में लंबे समय तक भी लगाकर रखते हैं तो आपको भारीपन नहीं लगता है. फोल्ड होने के बाद ये हेडफोन्स बैग में बहुत कम जगह घेरते हैं. खासतौर पर ये उनको पसंद आएगा जो रोज लोकल ट्रेन, बस या मेट्रो से सफर करने वाले और बार-बार ट्रैवल करते हैं.

कैसी है साउंड क्वालिटी?
BH61 ZenX में 40mm के डायनेमिक ड्राइवर्स दिए गए हैं और इसका पूरा फोकस बेस पर रखा गया है. कंपनी इस हेडफोन को दमदार बैस और एक इमर्सिव साउंड एक्सपीरियंस देने वाले डिवाइस के तौर पर प्रमोट कर रही है. ये साउंड ट्यूनिंग उन लोगों के लिए एकदम सही है जो बॉलीवुड गानों, पॉप, हिप-हॉप, इलेक्ट्रॉनिक म्यूजिक और अन्य बास-हैवी गानों को सुनना पसंद करते हैं.
Hybrid ANC
एक्टिव नॉइज कैंसिलेशन इस हेडफोन का सबसे खास और ध्यान खींचने वाला फीचर है. कंपनी ने इस सिस्टम को True Hybrid ANC Moksha का नाम दिया है, जो आपके आस-पास के शोर-शराबे को कम करने के लिए डिजाइन किया गया है. कंपनी इसे खासतौर पर सफर, ऑफिस के काम और रोजमर्रा के शोर से बचने के लिए बेस्ट बताती है.
लेकिन इस बजट में आपको अपनी उम्मीदों पर थोड़ा कंट्रोल रखना होगा. बजट रेंज का ANC आपके आस-पास लगातार आने वाली आवाजों जैसे एसी की घरघराहट, गाड़ी के इंजन का शोर और मेट्रो की आवाज को काफी हद तक कम तो कर देता है, लेकिन आप इससे Sony या Bose जैसी पूरी तरह सन्नाटा कर देने वाली प्रीमियम तकनीक की उम्मीद नहीं कर सकते है
कॉल क्वालिटी और बैटरी लाइफ
कॉलिंग के लिए Blaupunkt ने इस हेडफोन में Crispr ENC AI Mic तकनीक दी है. कंपनी का दावा है कि ये एनवायर्नमेंटल नॉइज कैंसिलेशन (ENC) सिस्टम कॉल और ऑनलाइन मीटिंग्स के दौरान पीछे के शोर को दबाकर आपकी आवाज को बिल्कुल साफ तरीके से सामने वाले तक पहुंचाता है. ये फीचर मुझे काफी शानदार लगा, बातचीत के दौरान सामने वाले को मेरी आवाज एकदम साफ सुनाई दे रही थी.
बैटरी लाइफ है बड़ा प्लस प्वाइंट
बैटरी लाइफ इस हेडफोन की सबसे बड़ी ताकत है. इन हेडफोन्स में 600mAh की बड़ी बैटरी मिलती है. कंपनी का दावा है कि ये 100 घंटे तक का प्लेबैक दे सकती है. लेकिन, दावों से थोड़ी से कम बैटरी लाइफ आपको देखने को मिलेगी. हालांकि, अच्छी बात है इसको बार-बार चार्ज करने का झंझट नहीं रहता है.

कनेक्टिविटी
BH61 ZenX नए ब्लूटूथ 6.0 (Bluetooth 6.0) कनेक्टिविटी के साथ आता है. आप इसे अपने स्मार्टफोन, लैपटॉप और टैबलेट के साथ आसानी से कनेक्ट कर सकते हैं और मल्टी-डिवाइस कनेक्टिविटी का फायदा उठा सकते हैं. यानी कनेक्टिविटी में हमें किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा.
क्या खरीदना चाहिए?
लगभग 4 हजार रुपये वाले ये हेडफोन्स कंपनी की ब्रांड वैल्यू के हिसाब से पहली नजर में थोड़े महंगे लग सकते हैं. हालांकि, इसकी ईजी कनेक्टिविटी, बड़ी बैटरी लाइफ और कंफर्ट इसे पैसा वसूल बनाते हैं. इसमें आपको ENC और ANC का सपोर्ट भी मिल जाता है. इस बजट में कई अन्य ब्रांड्स भी मजबूत टक्कर दे रहे हैं. ऐसे में अगर आप वर्किंग प्रोफेशनल या स्टूडेंट हैं या आपका डेली का सफर है तो आप अच्छी बैटरी और आसानी से बैग में रखने के लिए इसको ले सकते हैं.
ये भी पढ़ें- टेबल पर तारों का जंजाल खत्म! ये 3-इन-1 गैजेट है चार्जर, स्पीकर और अलार्म, क्या खरीदना चाहिए?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं