Amazon एक बार फिर स्मार्टफोन मार्केट में वापसी करने की तैयारी कर रही है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस बार कंपनी का फोकस AI पर होगा. Amazon पहले भी स्मार्टफोन बना चुका है, लेकिन उसका पहला प्रयास सफल नहीं रहा था. Amazon का पहला स्मार्टफोन Fire Phone साल 2014 में लॉन्च हुआ था, लेकिन यह पूरी तरह फेल हो गया. कंपनी को करीब 170 मिलियन डॉलर का नुकसान हुआ था. इसके बाद Amazon ने स्मार्टफोन बनाना बंद कर दिया था.
लेकिन अब एक बार फिर Amazon 'Transformer' नाम के प्रोजेक्ट पर काम कर रहा है. यह नया स्मार्टफोन Amazon के वॉइस असिस्टेंट Alexa के साथ आएगा, जिससे यूजर्स सिर्फ बोलकर कई काम कर पाएंगे. यह फोन Amazon की सर्विसेज जैसे Prime Video, Music और Kindle से भी सीधे जुड़ा होगा, जिससे यूजर एक्सपीरियंस और आसान हो जाएगा.
Alexa इस नए स्मार्टफोन का सबसे बड़ा हिस्सा होगा. Amazon चाहता है कि यूजर बिना ज्यादा ऐप्स खोले, सिर्फ वॉइस कमांड से काम कर सके यानी आप बोलकर म्यूजिक चला सकते हैं, मूवी देख सकते हैं या ऑनलाइन शॉपिंग भी कर सकते हैं. यह आइडिया कुछ हद तक साइंस-फिक्शन शो Star Trek से इंस्पायर्ड बताया जा रहा है, जहां सिर्फ आवाज से कंप्यूटर कंट्रोल होता है.

Amazon का नया स्मार्टफोन सिर्फ एक डिवाइस नहीं होगा, बल्कि यह कंपनी के पूरे इकोसिस्टम को जोड़ने का एक जरिया बनेगा. जैसे Apple अपने iPhone, Music और iCloud के जरिए एक पूरा इकोसिस्टम बनाता है, वैसे ही Amazon भी Prime Video, Kindle और Shopping को एक साथ जोड़ना चाहता है. इससे यूजर्स को एक ही डिवाइस में कई सर्विसेज का फायदा मिलेगा.
इस प्रोजेक्ट को Amazon की ZeroOne टीम बना रही है. कंपनी एक ऐसा फोन बना रही है जिसमें AI सबसे अहम भूमिका निभाएगा. यहां तक कि रिपोर्ट्स के मुताबिक, Amazon एक 'डंबफोन' जैसा सिंपल फोन भी बना सकता है, जिससे स्क्रीन एडिक्शन कम किया जा सके. इस फोन में ऐप्स की जगह वॉइस कमांड ज्यादा अहम होंगे. यानी आपको बार-बार ऐप खोलने की जरूरत नहीं पड़ेगी, जिससे यूज करना आसान और तेज होगा.
Fire Phone क्यों हुआ था फेल?
Fire Phone में 3D कैमरा जैसे नए फीचर्स थे, लेकिन इसमें Google की सर्विसेज जैसे Play Store और Maps नहीं थे. इसकी वजह से यूजर्स को जरूरी ऐप्स नहीं मिल पाए और फोन ज्यादा पॉपुलर नहीं हो सका. Amazon को बाद में इसकी कीमत भी काफी कम करनी पड़ी, लेकिन फिर भी यह सफल नहीं हो पाया और कुछ ही महीनों में बंद कर दिया गया.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं