विज्ञापन
This Article is From May 04, 2017

अजलन शाह कप : मलेशिया के खिलाफ मैच में भारतीय हॉकी टीम को हर हाल में हासिल करनी होगी जीत

अजलन शाह कप : मलेशिया के खिलाफ मैच में भारतीय हॉकी टीम को हर हाल में हासिल करनी होगी जीत
भारतीय हॉकी टीम को मलेशिया के खिलाफ मैच में अति आत्‍मविश्‍वास से बचना होगा (फाइल फोटो)
  • भारत, ब्रिटेन और न्‍यूजीलैंड टीम के हैं सात अंक
  • गोल औसत में ब्रिटेन से बेहतर स्थिति में है भारत
  • ऑस्‍ट्रेलियाई टीम 10 अंक लेकर है शीर्ष स्‍थान पर
इपोह (मलेशिया): फाइनल से एक जीत दूर भारतीय हॉकी टीम मलेशिया के खिलाफ शुक्रवार को अजलन शाह कप के दिलचस्प मुकाबले में आत्ममुग्धता से बचते हुए खेलेगी. गत चैम्पियन ऑस्ट्रेलिया को जापान के खिलाफ सिर्फ एक ड्रॉ की जरूरत है और भारत को बखूबी पता है कि मलेशिया के खिलाफ चूक उन पर भारी पड़ेगी. ऐसे में ब्रिटेन फाइनल में जगह बना लेगा. भारत को ब्रिटेन पर सिर्फ एक गोल का फायदा है. ब्रिटेन को आखिरी लीग मैच न्यूजीलैंड से खेलना है.

भारतीय टीम आखिरी लीग मैच खेलेगी लिहाजा उसे समीकरण पता होंगे लेकिन ज्यादा गोलों की जरूरत होने पर स्ट्राइकरों को बेहतर प्रदर्शन करना होगा. अभी तक सिर्फ मनदीप सिंह और आकाशदीप सिंह ही सर्कल के भीतर खतरनाक साबित हुए हैं. मनदीप ने जापान के खिलाफ कल हैट्रिक बनाई थी. भारतीय टीम गोलों के लिये अपने पेनल्टी कार्नर विशेषज्ञ रूपिंदर पाल सिंह और हरमनप्रीत सिंह पर ही निर्भर रही है. विश्व रैंकिंग में अपने से दस पायदान नीचे 16वें स्थान पर काबिज जापान के खिलाफ भारत कल अप्रत्याशित हार से बचा और दो बार पिछड़ने के बाद 4-3 से जीत हासिल की. कोच रोलेंट ओल्टमेंस ने टीम को चेताया है कि मलेशिया खतरनाक प्रतिद्वंद्वी साबित हो सकती है.

उन्होंने कहा,‘मलेशिया बहुत अच्छी टीम है. किसी भी प्रतिद्वंद्वी को हलके में नहीं लिया जा सकता. जापान ने हमें चुनौती दी लेकिन हम कल की चुनौती के लिये तैयार हैं.’टोक्यो ओलिंपिक 2020 की तैयारी में जुटी जापानी हॉकी टीम ने भारत को कड़ी चुनौती दी. टोक्‍यो ओलिंपिक में बतौर मेजबान जापान को सीधे प्रवेश मिला है. भारतीय टीम को इस बात का अहसास है कि मलेशिया इससे कठिन प्रतिद्वंद्वी साबित हो सकती है. मेजबान मलेशिया भारत के खिलाफ प्रतिष्ठा के लिये खेलेगा. जापान के खिलाफ ड्रॉ से आगाज करने वाली मलेशियाई टीम लगातार तीन मैच हार गई. कल न्यूजीलैंड से मिली हार के बाद वह कांस्य पदक के प्लेऑफ मुकाबले से भी बाहर हो गई. ऐसे में भारत को हराकर वह सम्मान के साथ विदा लेना चाहेगा. टूर्नामेंट में विश्व चैम्पियन ऑस्ट्रेलिया 10 अंक लेकर शीर्ष पर है. भारत, ब्रिटेन और न्यूजीलैंड के सात अंक है लेकिन गोल औसत के मामले में भारत आगे है. न्यूजीलैंड अगर ब्रिटेन को हराता है और भारत मलेशिया से हार जाता है तो न्यूजीलैंड फाइनल में पहुंच सकता है.

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Azlan Shah Cup, Indian Hockey Team, Malaysia, Mandeep Singh, Rupinderpal Singh, Australia
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com