विज्ञापन
This Article is From Mar 06, 2018

अजलान शाह हॉकी: भारतीय हॉकी टीम की दूसरी हार, ऑस्‍ट्रेलिया ने 4-2 से दी शिकस्‍त

भारतीय पुरुष हॉकी टीम को 27वें सुल्तान अजलान शाह कप हॉकी टूर्नामेंट में ऑस्‍ट्रेलिया के हाथों हार का सामना करना पड़ा.

अजलान शाह हॉकी: भारतीय हॉकी टीम की दूसरी हार, ऑस्‍ट्रेलिया ने 4-2 से दी शिकस्‍त
भारतीय हॉकी टीम की टूर्नामेंट में यह दूसरी हार है (फाइल फोटो)
  • एक समय 4-0 की बढ़त बना चुका था ऑस्‍ट्रेलिया
  • चौथे क्‍वार्टर में रमनदीप ने किए भारत के लिए दो गोल
  • भारतीय टीम की टूर्नामेंट में यह दूसरी हार है
इपोह (मलेशिया): भारतीय पुरुष हॉकी टीम को 27वें सुल्तान अजलान शाह कप हॉकी टूर्नामेंट में ऑस्‍ट्रेलिया के हाथों हार का सामना करना पड़ा. मंगलवार को खेले गए तीसरे मैच में वर्ल्ड नम्बर-1 ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 4-2 से हराया. भारतीय टीम को टूर्नामेंट में दूसरी बार हार का सामना करना पड़ा है. इससे पहले, अर्जेंटीना के खिलाफ खेले गए पहले मैच में वह 2-3 से हार गई थी जबकि इंग्लैंड के खिलाफ खेला गया दूसरा मैच 1-1 से ड्रॉ हुआ था. ऑस्ट्रेलिया ने इस मैच में शुरुआत से ही दबदबा बनाकर रखा. पहले क्वार्टर में दोनों टीमों में से किसी ने भी गोल नहीं किया. इसके बाद, दूसरे क्वार्टर में आस्ट्रेलिया को 28वें मिनट में पेनाल्टी स्ट्रोक मिला.

यह भी पढ़ें: इस वजह से इंग्लैंड से जीतते-जीतते रह गया भारत... ऑस्ट्रेलिया के खिलाड़ी मार्क नोलेस ने इस पेनाल्टी स्ट्रोक पर चूक नहीं की और भारतीय गोलकीपर के बायींओर शॉट मारते हुए टीम के लिए पहला गोल किया. इसके अगले ही मिनट में भारत को पेनाल्टी कॉर्नर पर गोल करने का अवसर मिला था, लेकिन टीम इसे भुना नहीं पाई. तीसरे क्वार्टर की शुरुआत के अगले पांच मिनट में ही एरान जालेव्स्की ने फील्ड गोल कर ऑस्ट्रेलिया को 2-0 की बढ़त दिला दी. 39वें मिनट में मिले पेनाल्टी कॉर्नर पर टीम चूक गई, लेकिन 41वें मिनट में डेनियल बेले ने गोल किया और टीम को 3-0 से आगे कर दिया. ऑस्ट्रेलिया टीम यहीं नहीं रुकी. 43वें मिनट में ब्लेक गोवर्स ने टीम के लिए चौथा गोल कर उसे मजबूती दे दी. इसके बाद तीसरे क्वार्टर का समापन हो गया.

वीडियो: मलेशिया को हराकर एशिया कप जीता भारत
चौथे क्वार्टर में भारतीय टीम ने खेल में वापसी की. खेल के  52वें मिनट में रमनदीप सिंह ने टीम के लिए फील्ड गोल किया. इसके अगले ही मिनट में एक बार फिर अवसर पाकर रमनदीप ने एक और गोल किया और टीम का स्कोर 2-4 किया.अपनी कोशिशों को जारी रखते हुए भारत ने 58वें मिनट में पेनाल्टी कॉर्नर पर गोल का अवसर हासिल किया, लेकिन आस्ट्रेलिया के डिफेंस ने इसे असफल कर दिया और इसके साथ ही भारतीय टीम को 2-4 से हार का सामना करना पड़ा. भारतीय टीम का अगला मैच बुधवार को मलेशिया से होगा. (इनपुट: एजेंसी)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Sultan Azlan Shah Cup, Australia Vs India
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com