विज्ञापन
This Article is From Mar 22, 2015

सानिया मिर्जा और मार्टिना हिंगिस ने जीती बीएनपी परिबास ओपन ट्रॉफी

सानिया मिर्जा और मार्टिना हिंगिस ने जीती बीएनपी परिबास ओपन ट्रॉफी
इंडियन वेल्स (अमेरिका):

सानिया मिर्जा और स्विट्जरलैंड की महान खिलाड़ी मार्टिना हिंगिस ने अपनी साझेदारी की शानदार शुरुआत करते हुए यहां एकाटेरिना मकारोवा और एलेना वेसनीना को 6-3, 6-4 से हराकर बीएनपी परिबास ओपन टेनिस टूर्नामेंट का महिला युगल का खिताब जीता।

हाल में जोड़ी बनाने वाले शीर्ष वरीय सानिया और हिंगिस ने शानदार प्रदर्शन किया और टूर्नामेंट के दौरान एक भी सेट नहीं गंवाया। सानिया और हिंगिस की जोड़ी दूसरे सेट में 2-4 से पिछड़ रही थी, लेकिन लगातार चार गेम जीतकर सेट और मैच जीतने में सफल रही।

इस जीत के साथ सानिया कल जारी होने वाली डब्ल्यूटीए रैंकिंग में अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ तीसरी रैंकिंग हासिल कर लेंगी। यह सानिया का सत्र का दूसरा और कुल 24वां खिताब है।

सानिया ने जीत के बाद कहा, 'कागजों पर बेशक हमारी टीम मजबूत है, लेकिन कोर्ट पर हमेशा जरूरी नहीं कि ऐसा ही हो।' उन्होंने कहा, 'इसलिए हम खुश हैं कि हम ना सिर्फ जीते बल्कि दबदबे के साथ जीतने में सफल रहे। हमने एक भी सेट नहीं गंवाया और पूरे दो हफ्तों में सिर्फ दो बार सर्विस गंवाई।'

पांच एकल सहित कुल 16 ग्रैंडस्लैम खिताब जीतने वाली हिंगिस ने कहा कि उन्हें खिताब जीतने की उम्मीद थी। हिंगिस ने कहा, 'हमें इसकी उम्मीद थी। वह बड़े फोरहैंड लगाती है विशेषक दाहिनी तरफ और मैं इस अंक को खत्म करती हूं। वह तैयारी करती हूं और मैं अंजाम तक पहुंचाती हूं। यह मेरी नजर में काफी अच्छा है।'

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
सानिया मिर्जा, मार्टिना हिंगिस, टेनिस, बीएनपी परिबास ओपन टेनिस टूर्नामेंट, Sania Mirza, Martina Hingis, Tennis
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com