- ईरान के विदेश मंत्री अराघची ने अमेरिकी मीडिया द्वारा ईरान के रुख को गलत तरीके से पेश किए जाने की शिकायत की है.
- उन्होंने पाकिस्तान के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ईरान ने इस्लामाबाद जाने से कभी इनकार नहीं किया है.
- पाकिस्तान ने ईरान-अमेरिका-इजरायल के बीच जारी जंग को खत्म कराने की पहल शुरू की है.
ईरान, अमेरिका, इजरायल जंग का आज 36वां दिन है. दोनों ओर से हमलों का दौर जारी है. साथ-साथ दुनिया के कई देश बातचीत के जरिए भी जंग को खत्म कराने की कोशिश में जुटे हैं. इस बीच ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने बड़ा बयान दिया है. ईरान के विदेश मंत्री ने सोशल मीडिया पर लिखे एक पोस्ट में ईरान के रुख को अमेरिकी मीडिया द्वारा गलत तरीके से पेश किए जाने की शिकायत भी की. उन्होंने इस पोस्ट में यह भी लिखा कि हम पाकिस्तान के प्रयासों के आभारी है. ईरान के विदेश मंत्री ने यह भी लिखा कि हमने इस्लामाबाद जाने से कभी इनकार नहीं किया है.
ईरान के विदेश मंत्री ने पाकिस्तान की सराहना की
ईरान के विदेश मंत्री ने लिखा- "ईरान के रुख को अमेरिकी मीडिया द्वारा गलत तरीके से पेश किया जा रहा है. हम पाकिस्तान के प्रयासों के लिए उसके आभारी हैं. हमने इस्लामाबाद जाने से कभी इनकार नहीं किया है. हमारी चिंता तो उस अवैध युद्ध के निर्णायक और स्थायी अंत की शर्तों को लेकर है, जो हम पर थोपा गया है."

ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची का एक्स पोस्ट.
मालूम हो कि पाकिस्तान ने ईरान-अमेरिका-इजरायल जंग को समाप्त कराने की पहल शुरू की है. हालांकि कई रिपोर्ट में यह दावा किया गया था कि पाकिस्तान की यह पहल शुरुआत में ही फेल हो गई. जिसका पाकिस्तान ने खंडन किया है.
पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने चल रही रिपोर्टों को किया खारिज
लेकिन पाकिस्तान विदेश कार्यालय के प्रवक्ता ताहिर अंद्राबी ने एक बयान में मीडिया में आईं खबरों को ‘‘बेबुनियाद'' और ‘‘मनगढ़ंत कहानी'' बताते हुए खारिज कर दिया. उन्होंने कहा, ‘‘हमने मीडिया (सोशल मीडिया सहित) में कई खबरें देखी हैं जिनमें क्षेत्र में जारी संघर्ष और शांति व संवाद को बढ़ावा देने के पाकिस्तान के प्रयासों के संबंध में तथाकथित आधिकारिक सरकारी सूत्रों का हवाला दिया गया है.''
अंद्राबी ने कहा, ‘‘हम कथित आधिकारिक सूत्रों के हवाले से लगाए गए इन झूठे आरोपों को निराधार और मनगढ़ंत मानते हुए स्पष्ट रूप से खारिज करते हैं. इस संबंध में किसी भी आधिकारिक सूत्र का हवाला देना गलत है.'' उन्होंने कहा कि शुक्रवार को विदेश मंत्रालय में आयोजित प्रेस वार्ता को ‘‘गलत तरीके से प्रस्तुत'' किया जाना चिंता का विषय है. अब ईरान के विदेश मंत्री के इस बयान से यह साफ है कि पाकिस्तान की पहल अभी जारी है.
यह भी पढ़ें - परमाणु संयंत्र पर हमले को लेकर ईरान की चेतावनी, कहा - अगर रेडिएशन फैला तो खाड़ी के अन्य देश भी तबाह होंगे
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं