विज्ञापन
This Article is From Mar 19, 2015

साइना नेहवाल बन सकती हैं वर्ल्ड नंबर 1, पर कंधे के दर्द से हैं परेशान

नई दिल्‍ली : अगले हफ्ते से दिल्ली के सिरी फ़ोर्ट में होने वाले सुपर सीरीज़ के दौरान भारतीय बैडमिंटन फ़ैन्स साइना नेहवाल को एक और इतिहास बनाता देख सकते हैं। 17 मार्च को 25 साल की हुईं साइना नेहवाल बैडमिंटन की वर्ल्ड रैंकिंग में ओलिंपिक चैंपियन और वर्ल्ड नंबर 1 चीनी खिलाड़ी ली ज़ुएरेई के बाद दूसरे नंबर पर हैं। ली ज़ुएरेई के 79214 अंक हैं जबकि साइना नेहवाल के 74381 अंक और वो दूसरे नंबर पर हैं।

ओलिंपिक पदक विजेता साइना नेहवाल अगर इंडिया ओपन सुपर सीरीज़ के फ़ाइनल में पहुंच पाती हैं तो वो बैडमिंटन की वर्ल्ड रैंकिंग में पहले नंबर पर पहुंचने का अनोखा इतिहास बना सकती हैं। लेकिन साइना नेहवाल ने ट्वीटर पर अपने कंधे की चोट की ख़बर देकर अपने फ़ैन्स और जानकारों को सकते में डाल दिया है। साइना ने बाद में ये ज़रूर कहा कि ये दर्द उतना गंभीर नहीं है, लेकिन दर्द है। इसी महीने साइना नेहवाल के ऑल इंग्लैंड के फ़ाइनल में पहुंचने के बाद एक बार फिर उनसे उम्मीदें बढ़ गई हैं।

दिल्ली में अगले हफ़्ते शुरू होने वाले इंडिया ओपन में साइना को टॉप पर पहुंचने के लिए गणितीय समीकरणों को पार करने की ज़रूरत होगी। ये उन बातों पर भी निर्भर करेगा कि स्पेन की कैरोलाइन मारिन टूर्नामेंट में कैसा प्रदर्शन करती हैं। कैरोलाइन मारिन ने ऑल इंग्लैंड टूर्नामेंट के फ़ाइनल में साइना नेहवाल को शिकस्त दे दी थी।        

फ़िलहाल चीन की ओलिंपिक चैंपियन ली ज़ुएरेई 79214 प्वाइंट्स के साथ टॉप पर हैं लेकिन वो इंडिया ओपन में हिस्सा नहीं ले रही हैं। पिछली दफ़ा ली ज़ुएरेई इस टूर्नामेंट में उपविजेता रही थीं इसलिए उन्हें 7800 प्वाइंट्स का नुकसान होगा और वो वर्ल्ड नंबर तीन खिलाड़ी बन सकती हैं।

वर्ल्ड नंबर 2 साइना नेहवाल के 74381 अंक हैं और अगर वो फ़ाइनल में पहुंचती हैं तो उन्हें 2760 अंकों का फ़ायदा होगा जिससे उन्हें कुल 77141 अंक हासिल हो जाएंगे जिससे वो टॉप पर पहुंच जाएंगी।

वर्ल्ड नंबर चार ऑल इंग्लैंड चैंपियन कैरोलाइन मारिन के फ़िलहाल 72098 अंक हैं और टूर्नामेंट जीतकर उनके 76398 अंक हो जाएंगे। लेकिन अगर साइना सेमीफ़ाइनल में हार जाती हैं और मारिन फ़ाइनल जीत जाती हैं तो साइना टॉप पर पहुंचने का ये शानदार मौक़ा गंवा सकती हैं। फ़िलहाल उनके कंधे के दर्द को लेकर उनके फ़ैन्स को फ़िक्र हो सकती है। लेकिन साइना एक फ़ाइटर हैं और उम्मीद की जाएगी कि वो दर्द से आगे जीत की मंज़िल तय कर भारतीय बैडमिंटन में एक और इतिहास बना दें।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
साइना नेहवाल, वर्ल्‍ड नंबर वन, सुपर सीरीज़ बैडमिंटन, वर्ल्ड रैंकिंग, Saina Nehwal, Pain In Shoulders, Super Series Badminton
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com