विज्ञापन
This Article is From Aug 04, 2016

रियो ओलिंपिक : जीका वायरस जैसी समस्याओं के बीच तैयार है खेलगांव, कल होगा शुभारंभ

रियो ओलिंपिक : जीका वायरस जैसी समस्याओं के बीच तैयार है खेलगांव, कल होगा शुभारंभ
रियो ओलिंपिक के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं (फाइल फोटो)
रियो डि जिनेरियो: ओलिंपिक खेलों के इतिहास के सबसे ज्यादा संकट से घिरा महासमर शुक्रवार से शुरू हो जाएगा, जिससे आयोजकों को 7 साल की बाधाओं भरी तैयारियों का अंत होने की उम्मीद है. दक्षिण अमेरिका में पहली बार ओलिंपिक का आयोजन हो रहा है और महान फुटबॉलर पेले द्वारा शुक्रवार को ओलिंपिक उद्घाटन समारोह में रियो के माराकाना स्टेडियम में ओलिंपिक मशाल प्रज्ज्वलित की जाएगी.

समस्याओं ने बुरी तरह घेरा
ओलिंपिक प्रमुख उम्मीद करेंगे कि यह उद्घाटन समारोह नैसर्गिक खूबसूरती में 17 दिन तक चलने वाले उत्सव की अच्छी शुरुआत करेगा. जब 2009 में रियो ने खेलों की मेजबानी हासिल की थी तो ब्राजील को उम्मीद नहीं थी कि उसे आर्थिक मंदी के दौर, बेरोजगारी और मच्छरों से होने वाले जीका वायरस, राजनीतिक संकट, बुनियादी ढांचे में रुकावट जैसी बाधाओं से जूझना होगा, जिसके बाद राष्ट्रपति दिल्मा रूसेफ पर महाभियोग चला दिया गया. इन सबने रियो की 2016 ओलिंपिक की मेजबानी की खुशी को खत्म कर दिया.

डॉकयार्ड के एक कर्मचारी कालरेस रोबटरे ने कहा, ‘‘एक तरह से ओलिंपिक ब्राजील के लिये अच्छे हैं जिससे हमें विकास करने में मदद मिली लेकिन देश बहुत दुखी है, हिंसा और बेराजगारी से भरा हुआ है.’’ उन्होंने बताया, ‘‘आप अस्पताल में जाओगे तो आपको डॉक्टर या दवाई नहीं मिलेगी.’’

सीवेज वाले पानी में नौकायन
इन सभी बाधाओं के कारण रियो की हालात बदलने की सारी योजनाओं पर पानी फिर गया जिसमें शहर के सबसे गंदे गुआनबारा बे की सफाई का संकल्प भी शामिल था. इसका मतलब है कि एथलीटों को ओलिंपिक नौकायान और विंडसर्फिंग स्पर्धाओं में जहरीने पानी में भाग लेने के लिए बाध्य होना पड़ेगा जो शहर की आधी जनसंख्या के सीवेज से भरा है.

जीका वायरस से अगर गर्भवती महिलाएं संक्रमित हो जाएं, तो बच्चे के जन्म में गंभीर विकृतियां हो सकती हैं. इसने दुनिया के शीर्ष चार गोल्फरों को खेलों से हटने के लिये बाध्य कर दिया. ब्राजीली अधिकारियों ने हालांकि जोर देते हुए कहा कि इस संक्रमण से खतरा लगभग न के बराबर है क्योंकि यह समय साल का सबसे ठंडा समय है.

85 हजार सुरक्षाकर्मी तैनात
आतंकी हमलों की धमकी से बचने के लिए खेलों के लिए शहर में चारों ओर 85,000 सैन्यकर्मियों और पुलिसकर्मियों को तैनात किया जाएगा जो 2012 लंदन खेलों की तुलना में दोगुना हैं. इससे हालांकि रियो में लंबे समय से चली आ रही अपराधों की समस्या से सुरक्षा मिलने की संभावना है.

ब्राजील पहुंचने के बाद दानिश, चीनी और आस्ट्रेलियाई दल के टीम सदस्यों ने चोरी की शिकायत की है जबकि मई में स्पेन की नौकायान टीम से बंदूक दिखाकर लूटपाट की गयी. रियो जहां इतनी सारी समस्याओं से जूझ रहा है तो ओलिंपिक अभियान रूस के डोपिंग प्रकरण से निपटने में जूझ रहा है.

डोपिंग भी हावी
वाडा जांच पैनल ने पिछले साल नवंबर में राज्य के समर्थन में चल रहे डोपिंग कार्यक्रम का खुलासा किया था. आईएएएफ ने अंत में रूस की ट्रैक एवं फील्ड एथलीटों को छह महीने के लिये सभी अंतरराष्ट्रीय स्पर्धाओं से प्रतिबंधित कर दिया है. हालांकि जमैका के ‘स्प्रिंट किंग’ उसैन बोल्ट सभी के आकर्षण का केंद्र होंगे.

बोल्ट के अलावा सभी की निगाहें ओलिंपिक तरणताल पर लगी होंगी जिसमें अमेरिकी स्टार माइकल फेल्प्स सभी के आकषर्ण का केंद्र होंगे. ओलिंपिक इतिहास में सबसे ज्यादा चमकदार खिलाड़ी ने 31 साल की उम्र में संन्यास से वापसी की है, उनके नाम 18 स्वर्ण सहित 22 पदक हैं. रियो में सेवन-ए-साइड रग्बी और गोल्फ पदार्पण कर रहे हैं.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
रियो ओलिंपिक, रियो ओलिंपिक 2016, ओलिंपिक, रियो डि जेनेरो, ब्राजील, ओलिंपिक खेलगांव, Rio Olympics, Rio Olympics 2016, Olympics, Rio De Janiero, Brazil, Olympics Village
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com